इस स्टॉक में लगा अपर सर्किट, मिला करोड़ों का इंटरनेशनल ऑर्डर, 52-वीक लो से नॉनस्टॉप भाग रहे शेयर

यह ऑर्डर केवल रकम के लिहाज से ही नहीं, बल्कि कंपनी के लिए नए इंटरनेशनल बाजार में एंट्री के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. इस सौदे के जरिए कंपनी की अबू धाबी के एनर्जी मार्केट में मौजूदगी मजबूत होगी. मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 850 करोड़ रुपये से अधिक थी.

52-वीक लो से लगातार भाग रहा शेयर! Image Credit: Canva

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार के दौरान Likhitha Infrastructure Ltd के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली. कंपनी को अबू धाबी से करीब 510 करोड़ रुपये का बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर मिलने के बाद शेयर में 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1,063 करोड़ रुपये है और यह लगभग 27 के पीई पर कारोबार कर रही है. कंपनी के शेयर अपने एक साल के निचले स्तर से करीब 105 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहे हैं.

510 करोड़ रुपये का बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर

सोर्स-NSE

कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसे चाइना पेट्रोलियम इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (CPECC) – अबू धाबी से करीब 510 करोड़ रुपये (5.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर Pipeline Package-1 (ASAB) के निर्माण से जुड़ा है. प्रोजेक्ट को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) की प्रभावी तारीख से 21 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस ऑर्डर में किसी भी तरह का संबंधित पक्ष (Related Party) लेनदेन शामिल नहीं है और प्रमोटर समूह का ऑर्डर देने वाली कंपनी में कोई हित नहीं है.

ऑर्डर बुक को मिलेगा बड़ा सहारा

यह ऑर्डर केवल रकम के लिहाज से ही नहीं, बल्कि कंपनी के लिए नए इंटरनेशनल बाजार में एंट्री के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. इस सौदे के जरिए कंपनी की अबू धाबी के एनर्जी मार्केट में मौजूदगी मजबूत होगी. मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 850 करोड़ रुपये से अधिक थी. अब इस नए ऑर्डर के जुड़ने से कंपनी की कुल ऑर्डर बुक में अच्छी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

कंपनी का कारोबार

साल 1998 में स्थापित लिखिता इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड हैदराबाद स्थित ऑयल और गैस पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है. कंपनी 2020 में बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हुई थी. कंपनी चार प्रमुख क्षेत्रों में काम करती है, जिनमें सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD), क्रॉस कंट्री पाइपलाइन (CCP), ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) और टैंकेज निर्माण शामिल हैं.

वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का कुल रेवेन्यू 457 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के 520 करोड़ रुपये से कम है. इसी अवधि में EBITDA घटकर 57 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले यह 96 करोड़ रुपये था. EBITDA मार्जिन भी 18 फीसदी से घटकर 12 फीसदी पर आ गया.

वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट 69 करोड़ रुपये से घटकर 39 करोड़ रुपये रहा. PAT मार्जिन भी 17.57 फीसदी से घटकर 9.94 फीसदी पर आ गया.

शेयर का प्रदर्शन

ऑर्डर मिलने की खबर के बाद कंपनी के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली और यह 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 270.48 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में शेयर करीब 11 फीसदी चढ़ चुका है. वहीं, तीन महीनों में इसमें 56 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. हालांकि, पिछले एक साल में शेयर अब भी करीब 6 फीसदी नीचे है.

इसे भी पढ़ें- 52% CAGR से बढ़ रहा क्लाउड बिजनेस; 3 महीने से 61 फीसदी भागा ये शेयर, ऑर्डर बुक भी दमदार!

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.