सीमेंट स्टॉक्स में आ सकती है तेजी, मिडिल ईस्ट शांति समझौते से चमक सकते हैं ये 4 शेयर; निवेशक रखें नजर

मिडिल ईस्ट में संभावित शांति समझौते की उम्मीद से भारतीय सीमेंट सेक्टर में नई उम्मीदें जगी हैं. The Ramco Cements, Nuvoco Vistas Corporation, India Cements और JSW Cement जैसे मिड-कैप सीमेंट स्टॉक्स निवेशकों के रडार पर हैं. खासकर JSW Cement का मजबूत आरओई और बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन निवेशकों का ध्यान खींच रहा है.

इन सीमेंट स्‍टॉक्‍स पर रखें नजर Image Credit: money9 live

Cement Stocks: मिडिल ईस्ट में शांति समझौते की उम्मीद ने वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय सीमेंट सेक्टर में भी नई उम्मीदें जगा दी हैं. हालांकि मौजूदा समय में मिड-कैप सीमेंट कंपनियां बढ़ती लागत, कमजोर प्राइस रियलाइजेशन और मानसून के कारण धीमी पड़ती कंस्ट्रक्शन एक्टिविटी जैसी चुनौतियों का सामना कर रही हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि मिडिल ईस्ट संकट समाप्त होता है तो इन कंपनियों को बड़ा फायदा मिल सकता है. वर्तमान में कई मिड-कैप सीमेंट स्टॉक्स अपने 52-वीक लो के आसपास कारोबार कर रहे हैं. निवेशकों की चिंता का मुख्य कारण डीजल, पेट कोक, कोल और फ्रेट कॉस्ट में हुई बढ़ोतरी है, जिसने कंपनियों के ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव बढ़ाया है. आइए जानते हैं उन चार कंपनियों के बारे में, जिन पर निवेशक नजर रख सकते हैं.

The Ramco Cements

The Ramco Cements का शेयर हाल ही में अपने 52-वीक लो 838.40 रुपये के करीब पहुंच गया था. बुधवार को शेयर में 1.2 फीसदी की तेजी आई और यह 893 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि, गुरुवार के इंट्राडे कारोबार में कंपनी का शेयर 0.55 फीसदी गिरकर 888.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. कंपनी ने प्रीमियम सीमेंट सेगमेंट पर अपना फोकस बढ़ाया है. कंपनी का आरओई 3.20 फीसदी है.

Nuvoco Vistas Corporation

Nuvoco Vistas Corporation का शेयर भी दबाव में रहा है. कंपनी का शेयर मार्च 2026 में 276.30 रुपये के 52-वीक लो तक पहुंच गया था. फिलहाल शेयर 313 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप 11,445 करोड़ रुपये है. पिछले एक सप्ताह में कंपनी के शेयर में 2.22 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. साथ ही, इसका आरओई 3.51 फीसदी है.

India Cements

India Cements का शेयर भी पिछले एक वर्ष से दबाव में बना हुआ है. हालांकि, UltraTech Cement द्वारा कंपनी में हिस्सेदारी बढ़ाने के बाद निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है. कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी (आरओई) मात्र 0.8 फीसदी है, जो बताता है कि कंपनी अभी भी लाभ के मोर्चे पर चुनौतियों का सामना कर रही है. गुरुवार के इंट्राडे कारोबार में कंपनी का शेयर 0.29 फीसदी गिरकर 384.45 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

JSW Cement

JSW Cement इस सूची में सबसे मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन करने वाली कंपनी के रूप में उभरी है. मार्च 2026 तिमाही में कंपनी ने रिन्यूएबल एनर्जी के उपयोग को बढ़ाया, जिससे पावर और फ्यूल कॉस्ट प्रति टन के आधार पर 12 फीसदी घट गई. कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 183.7 फीसदी बढ़कर 214.9 करोड़ रुपये पहुंच गया. साथ ही, इसका आरओई 11.15 फीसदी है, जो अन्य मिड-कैप सीमेंट कंपनियों की तुलना में काफी बेहतर है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 130.51 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.

यह भी पढ़ें: राधाकिशन दमानी ने इन 2 केमिकल स्टॉक में लगा रखा है दांव, एक सप्ताह में 19% तक उछला शेयर; रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.