NSDL vs CDSL: Q1 के नतीजों के बाद किस डिपॉजिटरी शेयर में ज्यादा दम; कौन रहेगा ज्यादा फायदेमंद
NSDL और CDSL के वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजों में अलग तस्वीर देखने को मिली. NSDL की इनकम 66 फीसदी बढ़ी, लेकिन खर्च में तेज बढ़ोतरी से मुनाफे पर दबाव रहा. CDSL की इनकम 13 फीसदी बढ़ी और नेट प्रॉफिट 15 फीसदी बढ़ा. वैल्यूएशन में CDSL करीब 50 गुना और NSDL करीब 40 गुना पर है.

देश में डीमैट खातों की संख्या बढ़ने के साथ डिपॉजिटरी कंपनियों का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है. NSDL और CDSL इसी कारोबार की दो प्रमुख कंपनियां हैं और दोनों शेयर बाजार में लिस्टेड भी हैं. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजों के बाद दोनों कंपनियों की तस्वीर अलग-अलग नजर आ रही है. NSDL की आय में तेज बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बढ़ते खर्च ने मुनाफे पर दबाव डाला. दूसरी ओर CDSL की इनकम में बढ़ोतरी धीमी रही, लेकिन मुनाफे में सुधार और कारोबार का प्रदर्शन ज्यादा स्थिर दिखा. ऐसे में सवाल है कि पहली तिमाही के नतीजों के बाद दोनों में से किस डिपॉजिटरी शेयर में ज्यादा दम नजर आता है.
NSDL की इनकम 66 फीसदी बढ़ी
NSDL ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में इनकम के मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी की इनकम सालाना आधार पर करीब 66 फीसदी बढ़कर लगभग 520 करोड़ रुपये हो गई. पिछली तिमाही के मुकाबले भी कंपनी की इनकम में करीब 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. पहली नजर में यह आंकड़ा काफी मजबूत दिखाई देता है. हालांकि, इस बढ़ोतरी को समझने के लिए इसके पीछे की वजह देखना जरूरी है. कंपनी के बैंकिंग सेवा कारोबार की इनकम दोगुने से ज्यादा बढ़ी है, जिसने कुल इनकम को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई.
इन प्रोजेक्ट से NSDL को फायदा
NSDL के बैंकिंग सर्विस बिजनेस में हुई तेज बढ़ोतरी का एक हिस्सा एकमुश्त कार्ड जोड़ने की प्रोजेक्ट से आया है. इसलिए कंपनी की टोटल इनकम में हुई पूरी बढ़ोतरी को रेगुलर बिजनेस की बढ़ोतरी नहीं माना जा सकता. अगर इस एकमुश्त असर को अलग कर दिया जाए तो कंपनी के मूल कारोबार की बढ़ोतरी ज्यादा सामान्य नजर आती है. दूसरी ओर कंपनी के खर्च में सालाना आधार पर करीब 92 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. खर्च इनकम से ज्यादा तेजी से बढ़ने के कारण ऑपरेशन मार्जिन 30 फीसदी से घटकर 20 फीसदी से नीचे आ गया. इस दौरान नेट प्रॉफिट में करीब 10 फीसदी की ही बढ़ोतरी हुई.
CDSL की बढ़ोतरी धीमी लेकिन स्थिर
CDSL की पहली तिमाही के नतीजे NSDL की तुलना में कम शानदार दिख सकते हैं, लेकिन कंपनी की कमाई ज्यादा स्थिर नजर आई. पहली तिमाही में CDSL की इनकम सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर करीब 290 करोड़ रुपये हो गई. कंपनी के मुख्य डिपॉजिटरी कारोबार में करीब 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. इस दौरान कर्मचारियों और अन्य खर्च में भी बढ़ोतरी हुई. इसके बावजूद कंपनी का मुनाफा मजबूत रहा. CDSL का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़ा. पिछली तिमाही की तुलना में मुनाफे में 47 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
ये भी पढे़ंः LIC OFS: निवेशकों के लिए मौका या टेंशन, क्या आपकी पॉलिसी पर भी पड़ेगा असर? समझें हर एक जरूरी बात
निवेशकों के लिए कौन सा शेयर बेहतर
पहली तिमाही के नतीजों को देखें तो NSDL की आय में बढ़ोतरी CDSL के मुकाबले काफी ज्यादा रही. लेकिन इस बढ़ोतरी में एकमुश्त कारोबार का भी असर रहा. इसके अलावा खर्च में तेज बढ़ोतरी ने NSDL के परिचालन मार्जिन और मुनाफे पर दबाव डाला. दूसरी ओर CDSL की आय में 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, लेकिन शुद्ध मुनाफा 15 फीसदी बढ़ा. इससे कंपनी की कमाई ज्यादा स्थिर नजर आती है.