ऑल टाइम हाई से 86% टूटा OLA, स्टॉक में आज भी 16% की गिरावट; जानें निवेशकों का क्यों टूटा भरोसा
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में लगातार बिकवाली जारी है. स्टॉक अपने ऑल-टाइम हाई 157 रुपये से गिरकर 21 रुपये के करीब पहुंच गया है, यानी करीब 86 फीसदी की गिरावट. हाल ही में एक दिन में 16 फीसदी तक टूटने के बाद कंपनी का मार्केट कैप घटकर लगभग 10,568 करोड़ रुपये रह गया. कमजोर वित्तीय प्रदर्शन, घटती बिक्री, स्टोर नेटवर्क में कटौती और बढ़ते घाटे ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है.
Ola Electric Share Crash: पिछले कुछ महीनों से Ola Electric के शेयरों में भारी बिकवाली देखी जा रही है. आलम ये है कि कंपनी का स्टॉक अपने ऑल टाइम हाई (157 रुपये) के शिखर से फिसलकर 21 रुपये के करीब पहुंच गया. कंपनी का शेयर अब अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है. सोमवार को स्टॉक में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली और अपने पिछले बंद भाव (25.22 रुपये) से गिरकर तकरीबन 16 फीसदी तक टूट गया. कारोबार के दौरान शेयर 21.21 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर तक लुढ़क गया. दोपहर करीब 3:00 बजे यह करीब 24 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, जो दिन में करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्शाता है. कंपनी का मार्केट कैप घटकर करीब 10,568 करोड़ रुपये रह गया है.
ट्रेडिंग वॉल्यूम भी सुर्खियों में रहा. बीएसई पर लगभग 94 लाख शेयरों की खरीद-फरोख्त हुई, जो पिछले दो हफ्तों के औसत वॉल्यूम 89.2 लाख शेयरों के आसपास है. हालांकि वॉल्यूम सामान्य स्तर के करीब रहा, लेकिन निवेशकों की धारणा स्पष्ट रूप से कमजोर दिखी.
एक महीने में 26 फीसदी गिरावट
ओला इलेक्ट्रिक का शेयर पिछले एक महीने में करीब 26 फीसदी फिसला है, जबकि एक साल में इसमें 58 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है. इसके विपरीत, इसी अवधि में BSE सेंसेक्स लगभग 9 फीसदी चढ़ा है. यानी जहां व्यापक बाजार ने सकारात्मक रिटर्न दिया, वहीं ओला इलेक्ट्रिक निवेशकों के लिए भारी नुकसान का सौदा साबित हुआ. अगर अगस्त 2024 की बात करें तो कंपनी ने 9 अगस्त को 76 रुपये के इश्यू प्राइस पर बाजार में दस्तक दी थी. लिस्टिंग के बाद शुरुआती दिनों में शेयर ने रफ्तार पकड़ी और 20 अगस्त 2024 को 157.53 रुपये का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ. लेकिन इसके बाद से गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ, जो अब तक थमा नहीं है. मौजूदा स्तर से देखें तो स्टॉक अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 86 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है.
वित्तीय प्रदर्शन भी चिंता का विषय
तीसरी तिमाही (Q3FY26) में ओला इलेक्ट्रिक ने 487 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया, जबकि रेवेन्यू 470 करोड़ रुपये रहा. यानी कंपनी की इनकम से ज्यादा नुकसान हुआ, जो ऑपरेशनल और लागत स्ट्रक्चर पर सवाल खड़े करता है.
‘Ola Insiders’ भी नहीं जगा पाया भरोसा
गिरते मनोबल के बीच कंपनी ने अपने मौजूदा ग्राहकों के लिए ‘Ola Insiders’ नाम से एक विशेष कम्युनिटी प्रोग्राम लॉन्च किया. इस पहल के तहत पुराने ग्राहकों को नए जेनरेशन-3 S1 स्कूटर और रोडस्टर मोटरसाइकिल (4680 भारत सेल वेरिएंट सहित) पर अपग्रेड करने पर 50,000 रुपये तक के फायदे देने की पेशकश की गई है. इसके अलावा, एक ही रजिस्टर्ड नाम पर दूसरा ओला वाहन खरीदने पर 20,000 रुपये तक के लाभ (कैशबैक और MoveOS अपग्रेड सहित) का ऑफर है. रेफरल प्रोग्राम के तहत सफल डिलीवरी पर 5,000 रुपये तक के ओला क्रेडिट और नए खरीदार को 1,000 रुपये कैशबैक देने की सुविधा भी जोड़ी गई है. लेकिन इनमें से किसी भी बात का फायदा स्टॉक पर नहीं दिखा.
स्टोर नेटवर्क में बड़ी कटौती
बिक्री में गिरावट के बीच कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क को भी समेट रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, मार्च के अंत तक स्टोरों की संख्या घटाकर करीब 550 करने की योजना है. एक समय कंपनी के देशभर में लगभग 4,000 ऑफलाइन रिटेल आउटलेट्स थे. दिसंबर 2025 तक यह संख्या घटकर करीब 700 रह गई थी. अब कई स्टोर बंद होने और कर्मचारियों को हटाए जाने की खबरें भी सामने आई हैं.
ये भी पढ़ें- AI इंफ्रा पर भारत का 250 अरब डॉलर का मेगा दांव, 10 साल में 18% CAGR से बढ़ेगा सेक्टर; इन देसी शेयरों पर रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
ईरान-इजराइल तनाव: क्रूड 80 डॉलर पार, होर्मुज संकट से 30 से ज्यादा लिस्टेड भारतीय कंपनियों पर खतरा!
USA-ईरान युद्ध के बीच क्रैश हुए ड्रोन स्टॉक, 5% तक की बड़ी गिरावट
Closing bell: बाजार के लिए ब्लैक मंडे, सेंसेक्स 1000 अंकों से ज्यादा टूटा, निवेशकों के ₹6 लाख करोड़ स्वाहा!
