404% तक उछली बिक्री, 658% बढ़ा मुनाफा! Q4 में इन 4 कंपनियों ने किया कमाल; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये शेयर?
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में Lloyd Metals, MCX, SJVN और Eternal जैसी कंपनियों ने शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है. इन कंपनियों की बिक्री में 197 फीसदी से 404 फीसदी तक की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि मुनाफे में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला.

Revenue Growth Stocks: भारत के शेयर बाजार में वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजों ने कई कंपनियों को निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है. इस दौरान अलग-अलग सेक्टरों की कई कंपनियों ने रेवेन्यू और मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है. स्टील, पावर, और क्विक कॉमर्स जैसे क्षेत्रों की कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री में 197 फीसदी से लेकर 404 फीसदी तक की सालाना बढ़ोतरी हासिल की है. मजबूत मांग, विस्तार और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार के चलते इन कंपनियों के वित्तीय नतीजे उम्मीद से कहीं बेहतर रहे हैं.
Lloyd Metals ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार
इस लिस्ट में सबसे ऊपर Lloyd Metals and Energy रही, जिसने चौथी तिमाही में बिक्री के मामले में सबसे बड़ी छलांग लगाई. Trade Brains की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 404 फीसदी बढ़कर 6,020 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 1,193 करोड़ रुपये था.
कंपनी के मुनाफे में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली. नेट प्रॉफिट 658 फीसदी बढ़कर 1,530 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 202 करोड़ रुपये था. स्टील उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आयरन ओर कारोबार में मजबूती इसका प्रमुख कारण रही. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.17 फीसदी बढ़कर 1778.60 रुपये पर पहुंच गया.
MCX को बढ़ते ट्रेडिंग वॉल्यूम का फायदा
देश की सबसे बड़ी कमोडिटी डेरिवेटिव्स एक्सचेंज MCX ने भी शानदार तिमाही दर्ज की. कंपनी का रेवेन्यू 205 फीसदी बढ़कर 889 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 291 करोड़ रुपये था. वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट 291 फीसदी उछलकर 530 करोड़ रुपये हो गया. ऑप्शंस ट्रेडिंग में बढ़ती भागीदारी और कमोडिटी बाजार में बढ़े कारोबार ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूत बनाया. शुक्रवार को इसका शेयर 3.40 फीसदी गिरकर 2795 रुपये पर पहुंच गया.
SJVN की आय में जोरदार उछाल
सरकारी पावर कंपनी SJVN ने भी रेवेन्यू के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी का रेवेन्यू 197 फीसदी बढ़कर 1,496 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 504 करोड़ रुपये था. हालांकि कंपनी अभी भी घाटे में है, लेकिन उसका घाटा घटकर 118 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 128 करोड़ रुपये था. नई सौर और विंड एनर्जी परियोजनाओं के चालू होने से कंपनी की आय में तेजी आई है. कंपनी का शेयर शुक्रवार को 0.07 फीसदी गिरकर 73.68 रुपये पर पहुंच गया है.
Eternal (पूर्व में Zomato) की मजबूत वापसी
फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Eternal ने भी बेहतरीन नतीजे पेश किए. कंपनी का रेवेन्यू 197 फीसदी बढ़कर 17,292 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 5,833 करोड़ रुपये था. कंपनी का नेट प्रॉफिट 174 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 39 करोड़ रुपये था. Blinkit नेटवर्क के विस्तार और बढ़ते ऑर्डर वॉल्यूम ने कंपनी की आय को नई ऊंचाई दी है. इसका शेयर शुक्रवार को 0.85 फीसदी बढ़कर 256.50 रुपये पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: IPO से पहले Ola Consumer का कमाल! कंपनी का फ्री कैश फ्लो हुआ पॉजिटिव; Uber और Rapido को छोड़ा पीछे
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.