TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

FIIs की बिकवाली ने बिगाड़ा खेल! एक हफ्ते में RIL-TCS समेत 7 दिग्गज कंपनियों का ₹1.25 लाख करोड़ डूबा

भारतीय शेयर बाजार में आई कमजोरी का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखा. बीते सप्ताह टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 के मार्केट कैप में संयुक्त रूप से ₹1.25 लाख करोड़ से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. सबसे बड़ा नुकसान मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ.

मार्केट कैप Image Credit: Money9 Live

पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में रही मंदी ने देश की सबसे बड़ी कंपनियों को तगड़ी चोट पहुंचाई है. टॉप-10 में से 7 सबसे मूल्यवान कंपनियों के मार्केट कैप (बाजार पूंजीकरण) में संयुक्त रूप से ₹1.25 लाख करोड़ से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई. इस गिरावट में सबसे बड़ा नुकसान दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को उठाना पड़ा है.

बाजार में इस गिरावट की मुख्य वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार जारी बिकवाली रही. इसके अलावा, मानसून की धीमी रफ्तार ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई, जिससे बाजार का मूड खराब हुआ. बीते हफ्ते BSE का सेंसेक्स 532.4 अंक (0.71%) और NSE का निफ्टी 181.05 अंक (0.76%) टूट गया.

इन 7 कंपनियों को हुआ भारी नुकसान

मार्केट कैप में गिरावट का सामना करने वाली कंपनियों में रिलायंस के अलावा भारती एयरटेल, TCS, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), LIC, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) शामिल हैं.

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज: सबसे ज्यादा ₹39,718 करोड़ का नुकसान हुआ, जिससे इसका कुल मार्केट कैप घटकर ₹17,47,321.40 करोड़ रह गया.
  • TCS: आईटी सेक्टर की इस दिग्गज कंपनी की वैल्यू ₹20,134.66 करोड़ घट गई.
  • भारती एयरटेल: टेलिकॉम कंपनी का मूल्यांकन ₹18,736.04 करोड़ कम हुआ.
  • L&T और LIC: लार्सन एंड टुब्रो को ₹16,880.2 करोड़ और सरकारी बीमा कंपनी LIC को ₹14,610.74 करोड़ का घाटा हुआ.
  • बजाज फाइनेंस और HUL: बजाज फाइनेंस के ₹9,681.36 करोड़ और हिंदुस्तान यूनिलीवर के ₹5,909.23 करोड़ डूब गए.

ये 3 बैंकिंग कंपनियां रहीं फायदे में

बाजार की इस चौतरफा गिरावट के बीच देश के बड़े बैंकों ने निवेशकों को थोड़ा सहारा दिया. टॉप-10 की सूची में शामिल तीन सरकारी और प्राइवेट बैंकों के मार्केट कैप में बढ़त देखी गई:

  • SBI: एसबीआई सबसे बड़ा फायदे में रहा, इसका मार्केट कैप ₹12,692.09 करोड़ बढ़ गया.
  • ICICI बैंक: इसके मूल्यांकन में ₹4,484.86 करोड़ का इजाफा हुआ.
  • HDFC बैंक: देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक भी ₹4,101.47 करोड़ की बढ़त बनाने में कामयाब रहा.

यह भी पढ़ें: Nifty Outlook 8 June: 23250 के सपोर्ट पर टिका बाजार, जानें ‘बाय ऑन डिप्स’ चलेगा या हावी होंगे बियर?

ये हैं देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियां

इस उठापटक के बाद भी रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के पायदान पर मजबूती से टिकी हुई है. इसके बाद क्रमशः HDFC बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर आता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.