अगले 5 साल में 15 फीसदी सालाना रिटर्न दे सकता है शेयर बाजार, दिग्गज निवेशक ने बताया आउटलुक

Motilal Oswal Financial Services के चेयरमैन Raamdeo Agrawal को अगले 5 साल में भारतीय शेयर मार्केटसे करीब 15 फीसदी सालाना रिटर्न की उम्मीद है. उनका मानना है कि आर्थिक ग्रोथ और कंपनियों की कमाई बाजार को आगे बढ़ाएगी. उन्होंने बैंकिंग शेयरों पर भरोसा जताया और ICICI Bank, SBI, AU Small Finance Bank, Federal Bank और Karur Vysya Bank को पसंदीदा बताया.

Raamdeo Agrawal को अगले 5 साल में भारतीय शेयर मार्केटसे करीब 15 फीसदी सालाना रिटर्न की उम्मीद है. Image Credit: Canva/ Money9

Highlights

  • Raamdeo Agrawal ने कहा, अगले 5 साल में भारतीय शेयर मार्केट से करीब 15 फीसदी सालाना रिटर्न मिलना सबसे संभावित स्थिति है.
  • Agrawal ने कहा कि भारतीय शेयर मार्केट करीब 2 साल से ठहराव की स्थिति में रहा है.
  • AI के असर के बावजूद Agrawal अब भारतीय IT कंपनियों को लेकर पहले की तुलना में कम चिंतित हैं

शेयर मार्केट को लेकर दिग्गज निवेशकों का नजरिया पॉजिटिव बना हुआ है. अगले 5 साल में भारतीय इक्विटी से करीब 15 फीसदी सालाना रिटर्न मिलने की उम्मीद है. इस रफ्तार से निवेशकों का पोर्टफोलियो 5 साल में लगभग दोगुना हो सकता है. भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत ग्रोथ और कंपनियों की कमाई बाजार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी. हालांकि, अगली बड़ी तेजी से पहले शेयर बाजार कुछ समय तक सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है. आने वाले समय में कमाई में सुधार बाजार के लिए अहम ट्रिगर रहेगा.

अगले 5 साल में 15 फीसदी सालाना रिटर्न की उम्मीद

इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Motilal Oswal Financial Services के चेयरमैन Raamdeo Agrawal ने कहा, अगले 5 साल में भारतीय शेयर मार्केट से करीब 15 फीसदी सालाना रिटर्न मिलना सबसे संभावित स्थिति है. उनका अनुमान है कि भारतीय अर्थव्यवस्था 7.5 से 8.5 फीसदी की दर से बढ़ सकती है. वहीं कंपनियों की कमाई में 13 से 14 फीसदी की ग्रोथ की उम्मीद है. इन आंकड़ों के आधार पर प्रमुख इंडेक्स में 12 से 14 फीसदी तक रिटर्न मिल सकता है. बेहतर कमाई बाजार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है.

बाजार में अभी कुछ समय रह सकता है ठहराव

Agrawal ने कहा कि भारतीय शेयर मार्केट करीब 2 साल से ठहराव की स्थिति में रहा है. उनके मुताबिक बाजार में अगली बड़ी तेजी आने से पहले एक और साल तक इसी तरह का मूवमेंट देखने को मिल सकता है. फिलहाल Nifty करीब 20 गुना की कमाई पर ट्रेड कर रहा है. अगर कंपनियों की कमाई करीब 15 फीसदी बढ़ती है तो वैल्यूएशन घटकर करीब 17 गुना तक आ सकता है. इससे बाजार में तेजी के लिए जगह बन सकती है.

FII की बिकवाली अब रुकने के संकेत

भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली को लेकर भी Agrawal ने राहत की बात कही है. उनका कहना है कि FII अब भारत में बिकवाली रोकने की स्थिति में हैं. उनके मुताबिक यह बदलाव बाजार के लिए बड़ी समस्या का समाधान कर सकता है. विदेशी निवेशक फिलहाल अमेरिका, कोरिया और ताइवान जैसे बाजारों में बेहतर कमाई और मजबूत मोमेंटम की तलाश कर रहे हैं. हालांकि भारत में विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव अब कम होता दिख रहा है.

रुपये की कमजोरी FII के लिए बड़ी चिंता

Agrawal के मुताबिक विदेशी निवेशकों के लिए भारत में कैपिटल गेन टैक्स एक परेशानी जरूर है, लेकिन रुपये की कमजोरी उससे बड़ी चिंता है. विदेशी निवेशक डॉलर लेकर भारत में निवेश करते हैं और टैक्स रुपये में होने वाले कैपिटल गेन पर देते हैं. अगर निवेश की वैल्यू डॉलर में ज्यादा नहीं बढ़ती तो भी रुपये की कमजोरी के कारण टैक्स का बोझ पड़ सकता है. उनका मानना है कि भारत को विदेशी निवेशकों के लिए ज्यादा अनुकूल माहौल बनाने पर ध्यान देना चाहिए.

बैंकिंग शेयरों पर Agrawal का भरोसा

Agrawal बैंकिंग सेक्टर को लेकर काफी पॉजिटिव हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय बैंकों की बैलेंस शीट मौजूदा समय में सबसे मजबूत स्थिति में है. उन्होंने करीब 18 फीसदी क्रेडिट ग्रोथ का भी जिक्र किया. उनके पसंदीदा बैंक शेयरों में ICICI Bank, State Bank of India, AU Small Finance Bank, Federal Bank और Karur Vysya Bank शामिल हैं. HDFC Bank को लेकर भी उनका नजरिया सकारात्मक है और उन्होंने बैंक की स्थिति को मजबूत बताया है.

यह भी पढ़ें- Closing Bell: कच्चे तेल की मार से शेयर बाजार फिर लाल, IT और FMCG शेयरों ने बिगाड़ा खेल; ऐसा रहा बाजार का हाल

IT शेयरों में बन सकता है निचला स्तर

AI के असर के बावजूद Agrawal अब भारतीय IT कंपनियों को लेकर पहले की तुलना में कम चिंतित हैं. उनका मानना है कि IT शेयरों में मौजूदा वैल्यूएशन लगभग शून्य ग्रोथ जैसी स्थिति को पहले ही दिखा रहे हैं. करीब 5 से 6 फीसदी के फ्री कैश फ्लो यील्ड को देखते हुए उन्हें लगता है कि सेक्टर में निचला स्तर बन सकता है. हालांकि AI से मिलने वाले फायदे का कितना हिस्सा कंपनियों और ग्राहकों के बीच बंटेगा यह अभी साफ नहीं है. Enterprise स्तर पर AI के इस्तेमाल की स्पष्टता आने के बाद IT सेक्टर में नई ग्रोथ शुरू हो सकती है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.