33 बड़ी होटल चेन और Fortune 500 कंपनियां हैं ग्राहक, अब शेयर ने भी मचाया धमाल; 1 साल में 115% उछला
भारतीय ट्रैवल टेक्नोलॉजी कंपनी RateGain Travel Technologies ने पिछले एक साल में करीब 115 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. AI आधारित प्रोडक्ट्स, Sojern के अधिग्रहण और मजबूत बिजनेस मॉडल के दम पर कंपनी ने वैश्विक ट्रैवल इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाई है. दुनिया की 40 बड़ी होटल चेन में से 33 कंपनियां इसकी ग्राहक हैं.

RateGain Travel Technologies: भारतीय ट्रैवल टेक्नोलॉजी कंपनी RateGain Travel Technologies ने पिछले एक साल में शेयर बाजार में जबरदस्त प्रदर्शन किया है. कंपनी का शेयर बीते एक वर्ष में करीब 115 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि पिछले तीन महीनों में भी इसमें 57 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तेजी के पीछे केवल बेहतर तिमाही नतीजे नहीं, बल्कि कंपनी के बिजनेस मॉडल में आया बड़ा बदलाव, Sojern का अधिग्रहण, AI आधारित नए प्रोडक्ट्स और दोहरे अंकों की ऑर्गेनिक ग्रोथ प्रमुख कारण हैं.
दुनिया की बड़ी ट्रैवल कंपनियों को देती है सेवाएं
RateGain वैश्विक ट्रैवल इंडस्ट्री को टेक्नोलॉजी और डेटा आधारित सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. कंपनी की सेवाओं का उपयोग दुनिया की 40 सबसे बड़ी होटल चेन में से 33, टॉप 5 एयरलाइंस में से 4, कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियां और Fortune 500 की 25 कंपनियां करती हैं. होटल बुकिंग, रेट मैनेजमेंट और डिजिटल मार्केटिंग जैसे कई महत्वपूर्ण कामों के लिए इन कंपनियों का भरोसा RateGain पर है.
क्या करती है कंपनी
कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बंटा हुआ है. पहला DaaS (Data as a Service), जो होटल और एयरलाइंस को प्रतिस्पर्धियों की कीमत, मांग और ट्रैवल डेटा उपलब्ध कराता है. दूसरा Distribution, जो होटल और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के बीच कनेक्टिविटी उपलब्ध कराता है. तीसरा MarTech, जो डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया, ब्रांड मैनेजमेंट और परफॉर्मेंस कैंपेन जैसी सेवाएं देता है. वित्त वर्ष 2026 में MarTech कंपनी की कुल आय का करीब 69.1 फीसदी हिस्सा रहा.
Sojern डील ने बदल दी कंपनी की तस्वीर
वित्त वर्ष 2026 में Sojern के अधिग्रहण को कंपनी के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है. इस डील के बाद RateGain को 320 डेटा पार्टनरशिप और 1.5 बिलियन ट्रैवल ग्राफ आईडी का विशाल डेटा नेटवर्क मिला. इससे कंपनी दुनिया के सबसे बड़े ट्रैवल इंटेंट डेटा प्लेटफॉर्म में शामिल हो गई. इस अधिग्रहण के बाद कंपनी ने करीब 10,000 नए ग्राहक भी जोड़े.
यह भी पढ़ें: NSDL vs CDSL: Q1 के नतीजों के बाद किस डिपॉजिटरी शेयर में ज्यादा दम; कौन रहेगा ज्यादा फायदेमंद
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.