रेखा झुनझुनवाला का हेल्‍थकेयर पर बड़ा दांव! पोर्टफोलियो में ये 3 नगीने, 51% तक डिस्‍काउंट पर कर रहे ट्रेड, इन फैक्‍टर्स से मिलेगा बूस्‍ट

रेखा झुनझुनवाला ने हेल्थकेयर सेक्टर में Inventurus Knowledge Solutions समेत दो औ मजबूत शेयरों में बड़ा दांव लगाया है. ये कंपनियां AI, डिजिटल और हेल्थकेयर सेवाओं में तेजी से विस्तार कर रही हैं, जिससे लॉन्ग टर्म ग्रोथ की मजबूत संभावना बन रही है.

रेखा झुनझुनवाला Image Credit: money9 live

Rekha Jhunjhunwala Portfolio: भारतीय शेयर बाजार की दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला अपने पोर्टफोलियो में ऐसे शेयरों को जगह देती हैं, जिनमें ग्रोथ का दम दिखाई दे.उनका लॉन्ग टर्म विजन इन कंपनियों के आगे बढ़ने की रफ्तार को दर्शाता है. यही वजह है कि उन्‍होंने अपने पति राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में मौजूद हेल्थकेयर सेक्टर में अपना दांव काफी मजबूत किया है. चूंकि ये कंपनियां अब डिजिटल और AI पर फोकस कर रही हैं, ऐसे में इनके और आगे जाने की संभावना है. अभी भले ही ये शेयर डिस्‍काउंट पर ट्रेड कर रहे हैं, लेकिन इनके बिजनेस विस्‍तार और रणनीति से इनके मल्‍टीबैगर रिटर्न देने की उम्‍मीद है. तो कौन-से हैं वो शेयर, यहां देखें.

Inventurus Knowledge Solutions

IKS इस पोर्टफोलियो का अहम हिस्सा बनकर उभरी है. कंपनी अमेरिका में हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स को सपोर्ट सर्विस देती है और अब मैनपावर बेस्ड मॉडल से AI आधारित प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही है. कंपनी का रेवेन्यू और मुनाफा तेजी से बढ़ रहा है, जो दिखाता है कि टेक्नोलॉजी आधारित ग्रोथ इस बिजनेस को आगे ले जा रही है. कंपनी की ग्रोथ अब हेल्थकेयर सिस्टम्स के साथ बेहतर इंटीग्रेशन से आ रही है. यह सिर्फ क्लीनिक तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब अस्पतालों के वर्कफ्लो में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है.

साथ ही कंपनी मैनपावर आधारित मॉडल से हटकर AI आधारित प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही है. इसके प्रमुख फोकस एरिया में क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन, कोडिंग और प्रायर ऑथराइजेशन शामिल हैं. कंपनी का मुख्य फोकस अमेरिकी बाजार पर बना हुआ है. इसकी डिलीवरी एक बड़े ग्लोबल वर्कफोर्स के जरिए होती है, जिसमें भारत की मजबूत भूमिका है. इसके अलावा कंपनी एक नए कमर्शियल मॉडल पर भी काम कर रही है.

रेखा झुनझुनवाला (राकेश झुनझुनवाला) की Inventurus Knowledge Solutions में 49.3% हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू ₹13,000.8 करोड़ के आसपास है. Inventurus Knowledge Solutions के शेयर की वर्तमान कीमत ₹1,518.30. जबकि इसका ऑल टाइम हाई 1876 रुपये है. ये अपने 52 वीक हाई से करीब 19% नीचे ट्रेड कर रहा है.

Star Health & Allied Insurance

Star Health हेल्थ इंश्योरेंस सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाए हुए है. यह तेजी से विस्तार कर रहा है. खास बात यह है कि कंपनी का फोकस डिजिटल और AI पर है, जिससे सर्विस और एफिशिएंसी दोनों में सुधार हो रहा है. कंपनी ने Q3 FY26 में ₹5,047 करोड़ का ग्रॉस रिटर्न प्रीमियम दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 23% की बढ़त दर्शाता है. वहीं Ind AS के तहत नेट प्रॉफिट ₹87 करोड़ से बढ़कर ₹449 करोड़ हो गया, यानी इसमें 416% की जबरदस्त तेजी देखने को मिली. यह ग्रोथ नए बिजनेस और रिन्यूअल दोनों से आई है. तिमाही के दौरान फ्रेश बिजनेस प्रीमियम 45% बढ़ा, जबकि रिन्यूअल प्रीमियम में 17% की बढ़त दर्ज की गई.

डिजिटल फॉरमेट अब कंपनी के लिए दूसरा बड़ा ग्रोथ इंजन बनता जा रहा है. पहले नौ महीनों में डिजिटल चैनल का योगदान कुल बिजनेस में 9% और फ्रेश बिजनेस में 20% रहा. डिजिटल प्रीमियम में सालाना आधार पर 35% की बढ़ोतरी हुई है. सर्विस के मोर्चे पर भी कंपनी तेजी से टेक्नोलॉजी अपना रही है. इसका AI आधारित क्लेम प्लेटफॉर्म अब करीब 57% क्लेम ट्रैफिक को हैंडल कर रहा है.

Star Health & Allied Insurance में रेखा झुनझुनवाला (राकेश झुनझुनवाला) की 17.1% हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्‍यू 4,959.1 करोड़ रुपये है. Star Health & Allied Insurance के शेयर की वर्तमान कीमत ₹493.25 है. जबकि इसका ऑल टाइम हाई 534 रुपये है. ये अपने 52 वीक हाई से करीब 7.6% नीचे ट्रेड कर रहा है.

यह भी पढ़ें: ₹1,250 करोड़ की डील से गोली की तरह भागा स्‍टॉक, एक दिन में 13% उछला, राधाकिशन दमानी के पास भी 41 लाख से ज्‍यादा शेयर

Concord Biotech

फार्मा मैन्युफैक्चरिंग में कंपनी की मजबूत मौजूदगी दिखती है. इसमें उनकी 24.1% हिस्सेदारी है. इसकी वैल्‍यू 2,640.9 करोड़ रुपये है. Concord Biotech के शेयर की वर्तमान कीमत ₹1,045.30 है, जबकि 52 वीक हाई 2150.40 रुपये है. यह अपने हाई से करीब 51% डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है.

कंपनी का हालिया तिमाही में मुनाफा थोड़ा घटा है, लेकिन API बिजनेस में मजबूत ग्रोथ यह संकेत देती है कि कंपनी लंबे समय में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है.कंपनी का फोकस जटिल और नीश प्रोडक्ट्स पर है. मैनेजमेंट का मानना है कि Biopharma SHAKTI जैसे पॉलिसी सपोर्ट से कंपनी को लंबे समय में बेहतर ग्रोथ विजिबिलिटी मिल सकती है. कंपनी ने Q3 FY26 में ₹278 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 14% की बढ़त दर्शाता है. हालांकि नेट प्रॉफिट ₹76 करोड़ से घटकर ₹64 करोड़ रह गया.

इंजेक्टेबल्स सेगमेंट कंपनी के लिए एक अहम ग्रोथ ड्राइवर बनकर उभर रहा है. कंपनी की इस सुविधा को WHO-GMP सर्टिफिकेशन भी मिल चुका है, जिससे उसे घरेलू बाजार में बिक्री के साथ-साथ कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के अवसर भी मिल रहे हैं. ऐसे में उम्‍मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में कंपनी बेहतर प्रदर्शन करेगी, जिसका फायदा इसके शेयरों में देखने को मिलेगा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.