RVNL से Titagarh Rail Systems तक, रेलवे सेक्टर के इन 5 शेयरों में छिपा है दम; ऑर्डर बुक देखकर चौंक जाएंगे
भारत का रेलवे सेक्टर तेजी से विस्तार की ओर बढ़ रहा है और इसका फायदा कई लिस्टेड कंपनियों को मिल रहा है. RVNL और Titagarh Rail Systems जैसी कंपनियों के पास हजारों करोड़ रुपये की मजबूत ऑर्डर बुक मौजूद है. रेलवे नेटवर्क विस्तार, मेट्रो परियोजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर सरकार के बढ़ते फोकस से इन कंपनियों की विकास संभावनाएं मजबूत हुई हैं.

Railway Stocks: भारत का रेलवे सेक्टर आने वाले वर्षों में देश की सबसे तेजी से बढ़ने वाली इंफ्रास्ट्रक्चर थीम में शामिल हो सकता है. सरकार की ओर से रेलवे नेटवर्क विस्तार, मेट्रो परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन व्यवस्था पर लगातार जोर दिया जा रहा है. अनुमान है कि वर्ष 2050 तक वैश्विक रेल गतिविधियों में भारत की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी तक पहुंच सकती है. वहीं, सरकार ने 2047 तक 100 शहरों में 5,000 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क विकसित करने का लक्ष्य रखा है. रेलवे क्षेत्र में बढ़ते निवेश का फायदा कई कंपनियों को मिल रहा है, जिनके पास मजबूत ऑर्डर बुक मौजूद है. आइए जानते हैं ऐसे 5 रेलवे शेयरों के बारे में, जिनकी ऑर्डर बुक हजारों करोड़ रुपये की है.
Jupiter Wagons
Jupiter Wagons रेलवे फ्रेट वैगन, यात्री कोच कंपोनेंट्स और मोबिलिटी सॉल्यूशंस बनाने वाली प्रमुख कंपनी है. कंपनी भारतीय रेलवे के अलावा निजी ग्राहकों को भी सर्विस देती है. TradeBrains की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 4,675 करोड़ रुपये थी. कंपनी को Wheelsets कारोबार में कई बड़े ऑर्डर मिले हैं. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.05 फीसदी बढ़कर 279.50 रुपये पर पहुंच गया.
Rail Vikas Nigam (RVNL)
Rail Vikas Nigam रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को विकसित करने वाली प्रमुख सरकारी कंपनी है. इसका कारोबार रेलवे लाइन, इलेक्ट्रिफिकेशन, ब्रिज, मेट्रो और स्टेशन पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं में फैला हुआ है. 31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 99,262 करोड़ रुपये थी. गुरुवार को कंपनी का शेयर 1 फीसदी बढ़कर 247.58 रुपये पर पहुंच गया.
Ircon International
Ircon International एक सरकारी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जो रेलवे, हाईवे, ब्रिज, टनल और इलेक्ट्रिफिकेशन परियोजनाओं पर काम करती है. मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 24,984 करोड़ रुपये थी. गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.09 फीसदी गिरकर 139.18 रुपये पर पहुंच गया.
Titagarh Rail Systems
Titagarh Rail Systems देश की प्रमुख रोलिंग स्टॉक निर्माता कंपनियों में से एक है. कंपनी फ्रेट वैगन, मेट्रो कोच, पैसेंजर कोच और प्रोपल्शन सिस्टम का निर्माण करती है. कंपनी की स्टैंडअलोन ऑर्डर बुक 14,240 करोड़ रुपये है. वहीं, ज्वाइंट वेंचर को शामिल करने पर कुल ऑर्डर बुक बढ़कर 27,540 करोड़ रुपये हो जाती है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.33 फीसदी बढ़कर 932 रुपये पर पहुंच गया.
RITES
RITES एक सरकारी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंपनी है, जो रेलवे, हाईवे, एयरपोर्ट, पोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में सर्विस प्रदान करती है. 31 मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 9,416 करोड़ रुपये थी. इसमें कंसल्टेंसी कारोबार का योगदान 2,754 करोड़ रुपये और टर्नकी प्रोजेक्ट्स का योगदान 4,581 करोड़ रुपये है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.04 फीसदी बढ़कर 212.18 रुपये पर पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: Nifty Outlook June 19: चार्ट पर बनी बुल कैंडल, जानें- इमीडिएट सपोर्ट लेवल; शुक्रवार को कैसी रहेगी निफ्टी की चाल?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.