Sensex Nifty Rally 5 March: क्यों आज रैली के मूड में शेयर बाजार, जानें 4 बड़ी वजहें

दो सत्रों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को तेजी लौटी. सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. कई प्रमुख शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है. आइये जानते हैं कि किन 4 प्रमुख कारणों के चलते बाजार में तेजी लौटी है.

शेयर बाजार तेजी Image Credit: AI & Canva

2 सत्रों की गिरावट के बाद गुरुवार यानी 5 मार्च हो भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है. सुबह 10:05 बजे सेंसेक्स 440.42 अंकों की तेजी के साथ 79,556.61 पर कारोबार करता दिखा और निफ्टी भी 157.55 अंक चढ़कर 24,638.05 पर कारोबार करता दिखा. हालांकि निवेशक वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर नजर बनाए हुए हैं, इसलिए बाजार में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है. आइये जानते हैं कि बाजार में तेजी क्यों देखने को मिल रही है और इसके क्या 4 प्रमुख कारण हैं?

बाजार में तेजी के कारण

ट्रंप का बयान

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करेगी. उन्होंने कमर्शियल जहाजों के लिए बीमा सुविधा देने और खाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाले समुद्री व्यापार, खासकर ऊर्जा आपूर्ति, को सुरक्षित रखने के लिए डीएफसी को निर्देश दिए हैं. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका कुछ कम हुई है जिससे बाजार को बल मिला. दरअसल कच्चे तेल की कीमत हाल ही में बढ़कर करीब 83.4 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जिससे भारतीय बाजार में चिंता बढ़ गई क्योंकि भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है.

ग्लोबल और एशियन मार्किट की तेजी

ट्रंप के आश्वासन के बाद अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट भी पिछली रात बढ़त के साथ बंद हुआ जिससे वैश्विक निवेशकों का भरोसा कुछ मजबूत हुआ. वहीं, एशियन बाजार में दिख रही तेजी ने भारतीय बाजार को ऊपर जाने में मदद की. जापान का प्रमुख शेयर बाजार सूचकांक Nikkei 225 करीब 776.84 अंक (1.43%) की बढ़त के साथ 55,022.38 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. वहीं, हांगकांग का Hang Seng Index 206.51 अंक (0.82%) चढ़कर 25,456.00 के स्तर पर पहुंच गया. इसके अलावा दक्षिण कोरिया का KOSPI 428.27 अंक (8.41%) उछलकर 5,521.81 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा. इस ट्रेंड के चलते भारतीय बाजार में गर्माहट देखने को मिल रही है.

VIX में गिरावट

इंडिया VIX गुरुवार को 10 फीसदी गिरकर 19.12 पर आ गया है. बाजार में बढ़ती घबराहट का संकेत देने वाला India VIX बुधवार को तेज उछाल के साथ 23% बढ़कर 10 महीने के उच्चतम स्तर 21.6 पर पहुंच गया था. इससे पता चलता है कि निवेशकों की चिंता और अस्थिरता थोड़ी कम हुई है.

प्रमुख शेयरों में खरीदारी

निफ्टी 50 के हेवीवेट शेयरों में गुरुवार को बड़ी खरीदारी देखने को मिली जिससे बाजार की दिशा बदलती नजर आई.

SYMBOLLTP (₹)CHNG%CHNGVOLUME (Lakhs)VALUE (₹ Crores)
HINDALCO978.9557.156.20%40.43387.86
COALINDIA449.4514.303.29%89.93404.06
ONGC285.458.503.07%153.08434.08
TATASTEEL201.624.892.49%137.70275.27
RELIANCE1,377.4032.402.41%71.13978.42

सोर्स: NSE (आंकड़ें सुबह 10:30 बजे तक के हैं)

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.