T20 World Cup 2026: फाइनल तक टीम इंडिया को सताएंगी ये 3 कमजोरियां, दिग्गज ने सेमीफाइनल से पहले दी चेतावनी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया की कुछ कमजोरियां चिंता बढ़ा रही हैं. सबसे बड़ी समस्या खराब फील्डिंग और लगातार छूट रहे कैच हैं. इसके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला भी ज्यादा नहीं चला है और गेंदबाजी में टीम की निर्भरता जसप्रीत बुमराह पर ज्यादा दिख रही है. इंग्लैंड के खिलाफ बड़े मैच से पहले भारत को इन कमियों को सुधारना होगा.
India and England clash in T20 World Cup semi-final: T20 World Cup अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और टीम इंडिया अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम से भिड़ने वाली है. लेकिन इस बड़े और कड़े मुकाबले से पहले भारतीय टीम की कुछ कमजोरियां चिंता बढ़ा रही हैं. खासकर फील्डिंग और कैच छोड़ने की समस्या लगातार सामने आ रही है. अगर टीम ने इन कमियों को जल्द नहीं सुधारा, तो सेमीफाइनल ही नहीं बल्कि फाइनल तक भी इसका असर देखने को मिल सकता है. वहीं बल्लेबाजी और गेंदबाजी में भी कुछ ऐसे पहलू हैं, जिन पर टीम को ध्यान देना जरूरी है.
फाइनल तक भारत को सताएगी ये कमियां
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ने से पहले टीम इंडिया की फील्डिंग को लेकर चिंता बढ़ गई है. पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने Jio Hotstar से बात करते हुए टीम की खराब कैचिंग को बड़ी समस्या बताया है. उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से भारतीय खिलाड़ी लगातार कैच छोड़ रहे हैं और अगर यही स्थिति रही तो फाइनल तक यह कमजोरी टीम को परेशान कर सकती है.
कैच छोड़ना बन रहा बड़ी समस्या
इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत की कैचिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम अब तक टूर्नामेंट में 13 कैच छोड़ चुकी है. भारत की कैचिंग रेट सिर्फ 72.7 प्रतिशत है, जो इस प्रतियोगिता में सबसे कम मानी जा रही है.
| टीम | कैचिंग रेट (%) |
|---|---|
| इंग्लैंड | 87.2% |
| न्यूजीलैंड | 83.9% |
| भारत | 72.7% |
टीम में कम हैं तेज और भरोसेमंद फील्डर
पार्थिव पटेल ने Jio Hotstar को बताया कि भारतीय टीम में इस समय बहुत ज्यादा बेहतरीन फील्डर नहीं हैं. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती जैसे गेंदबाजों को अक्सर मैदान के अहम हिस्सों से दूर रखा जाता है. वहीं ईशान किशन मुख्य रूप से विकेटकीपर हैं, जबकि शिवम दुबे लंबे कद के खिलाड़ी हैं और उनकी फुर्ती थोड़ी कम है. अभिषेक शर्मा से बेहतर फील्डिंग की उम्मीद की जाती है, लेकिन उन्होंने भी कुछ आसान कैच छोड़े हैं. ऐसे में सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में टीम इंडिया को अपनी फील्डिंग में जरूर सुधार करना होगा, नहीं तो यही कमियां फाइनल तक भारत को परेशान कर सकती हैं.
सूर्यकुमार यादव का बल्ला खामोश
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव से मिडिल ओवरों में तेज बल्लेबाजी की उम्मीद रहती है, लेकिन इस टूर्नामेंट में वह अभी तक अपने पूरे लय में नजर नहीं आए हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह केवल 18 रन ही बना सके थे, वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन लगभग ऐसा ही रहा. हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 13 गेंदों पर 33 रन जरूर बनाए, लेकिन उस मैच में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. ऐसे में नॉकआउट मुकाबलों में सूर्यकुमार यादव को जिम्मेदारी के साथ लंबी पारी खेलनी होगी, क्योंकि अगर वह जल्दी आउट होते हैं तो भारतीय टीम मुश्किल में पड़ सकती है.
जसप्रीत बुमराह पर ज्यादा निर्भरता ठीक नहीं
वहीं गेंदबाजी में टीम की निर्भरता काफी हद तक जसप्रीत बुमराह पर नजर आ रही है. बुमराह लगातार टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज साबित हो रहे हैं, लेकिन सिर्फ एक गेंदबाज के दम पर टूर्नामेंट जीतना आसान नहीं होता. अन्य गेंदबाजों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लीग स्टेज में अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन सुपर-8 में उन्होंने काफी रन लुटाए हैं. अर्शदीप सिंह पावरप्ले में तो प्रभावी रहते हैं, लेकिन डेथ ओवरों में महंगे साबित हो रहे हैं. इसके अलावा हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और शिवम दुबे की गेंदबाजी में भी निरंतरता की कमी दिखी है, इसलिए इंग्लैंड के खिलाफ बड़े मैच में भारतीय गेंदबाजों को पूरा जोर लगाना होगा.
Latest Stories
Nitish Kumar RS Nomination: नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने का किया ऐलान, जानें क्या बताई वजह
रंगों की होली पर गर्मी का रंग होगा गहरा! यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में 6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
सेमीफाइन भारत जीतेगा या नहीं, जानें इंग्लैंड के खिलाफ क्या है चांस, इन 3 रिकॉर्ड से साफ हो गई तस्वीर !
