ईरान का एक बयान, झूम उठा शेयर मार्केट; जानें ऐसा क्या कह दिया

होली के दिन भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी देखने को मिली. दोपहर के कारोबार में ईरान के एक बयान के बाद बाजार की धारणा में तेजी से सुधार आया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूत उछाल दर्ज किया गया. इससे पहले होली के दिन बाजार में बिकवाली के कारण निवेशकों के करीब 10 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे.

शेयर बाजार Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Stock market rally India: होली के दिन यानी 4 मार्च को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था. निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए थे. हालांकि आज शेयर मार्केट में जोरदार तेजी देखने को मिली है. दोपहर 2 बजे के बाद आए एक बयान ने बाजार में अचानक तेजी ला दी. इस बयान के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में भी जोरदार उछाल देखने को मिला. आइए जानते हैं कि वह बयान क्या था और इसके बाद सेंसेक्स और निफ्टी में कितनी तेजी आई.

क्या है बयान

ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खातिबजादे ने संकेत दिया है कि अगर अमेरिका एक संतोषजनक वैकल्पिक प्रस्ताव पेश करता है, तो ईरान अपना न्यूक्लियर प्रोग्राम छोड़ने के लिए तैयार हो सकता है. Sky News Arabia की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि किसी समझौते की स्थिति में वह अपने न्यूक्लियर कार्यक्रम को समाप्त करने पर विचार कर सकता है, बशर्ते अमेरिका आर्थिक और सुरक्षा से जुड़ा उचित विकल्प सामने रखे. यह बयान ऐसे समय में आया है जब मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा हुआ है और ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबे समय से विवाद चल रहा है.

झूम उठा मार्केट

इस बयान के बाद मार्केट में दोपहर 2 बजे के बाद जोरदार तेजी देखने को मिली. 2 बजे जहां सेंसेक्स 79325.60 अंक पर था, वहीं 3 बजे बढ़कर 80282.43 अंक पर पहुंच गया. इस दौरान एक घंटे में करीब 1.2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. वहीं निफ्टी जहां 2 बजे 24571.13 अंक पर ट्रेड कर रहा था, वहीं 3 बजे बढ़कर 24825.35 अंक पर पहुंच गया. इस दौरान एक घंटे में करीब 1.03 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.

4 मार्च को हुई थी जोरदार गिरावट

4 मार्च यानी होली के दिन जोरदार गिरावट देखने को मिली थी. सेंसेक्स 1122 पॉइंट्स यानी 1.40 फीसदी गिरकर 79,116.10 के स्तर पर बंद हुआ था. वहीं निफ्टी 50 भी 385 पॉइंट्स यानी 1.55 फीसदी टूटकर 24,480.50 पर बंद हुआ था. इस दौरान निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे.

यह भी पढ़ें: मार्केट कैप से मिला बड़ा ऑर्डर, रॉकेट हुआ ये इंफ्रा स्‍टॉक, 3% से ज्‍यादा उछला, एक्‍सप्रेस-वे समेत मिले ये अहम प्रोजेक्‍ट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.