सेमीफाइन भारत जीतेगा या नहीं, जानें इंग्लैंड के खिलाफ क्या है चांस, इन 3 रिकॉर्ड से साफ हो गई तस्वीर !
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगे. दोनों टीमों ने सात में से छह मैच जीते हैं. आंकड़े बताते हैं कि 29 में 17 जीत भारत के नाम हैं और वानखेड़े पर 7 में 5 मुकाबले जीते गए हैं. 2024 की 68 रन की जीत भी आत्मविश्वास बढ़ाती है, जिससे भारत हल्की बढ़त के साथ उतरता दिख रहा है.
ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होना है. यह मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को खेला जाएगा. फाइनल का टिकट दांव पर है और दोनों टीमों ने अब तक सात में से छह मुकाबले जीतकर अपनी ताकत साबित की है. इस कड़े मुकाबले की उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं.
ऐसे में सवाल यही है कि क्या टीम इंडिया इस मैच में बाजी मार पाएगी. आंकड़े, इतिहास और मौजूदा फॉर्म क्या कहते हैं, आइए समझते हैं.
वानखेड़े का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में
भारत ने वानखेड़े में अब तक 7 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं, जिसमें 5 जीते और 2 हारे हैं. इस मैदान पर भारत का सबसे बड़ा स्कोर 247/9 रहा, जो 2 फरवरी 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ बना था. सबसे कम स्कोर 161/9 रहा, जो 7 फरवरी 2026 को अमेरिका के खिलाफ बना. इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर 150 रन की बड़ी जीत भारत की सबसे बड़ी रन से जीत है. ऐसे में घरेलू परिस्थितियां टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं.
भारत बनाम इंग्लैंड: सेमीफाइनल इतिहास 1-1 से बराबरी
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में दो बार भिड़े हैं. 2022 में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था. 2024 में भारत ने 68 रन से इंग्लैंड को हराकर बदला लिया था यानि सेमीफाइनल रिकॉर्ड 2 मैच में 1-1 से बराबर है.
अगर सिर्फ इन दो मुकाबलों के आधार पर देखें तो भारत के जीतने की संभावना 50 फीसदी बनती है.
इन 3 रिकॉर्ड से भारत को बढ़त
ओवरऑल हेड टू हेड: कुल 29 टी20 इंटरनेशनल में भारत ने 17 मुकाबले जीते हैं. यानी लगभग 58.6 प्रतिशत मैच भारत के नाम रहे हैं.
2. 2024 की 68 रन की जीत: पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराया था. उस मैच में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट लिए थे, जबकि जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट झटके थे. यह हालिया रिकॉर्ड भारत के पक्ष में जाता है.
3. वानखेड़े पर मजबूत आंकड़े: भारत ने यहां 7 में से 5 मैच जीते हैं. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यहां 2 मैच खेले गए और दोनों जीते गए यानी उनका रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है.
सेमीफाइनल में टॉप परफॉर्मर कौन ?
भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार्दिक पंड्या 86 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज में शामिल हैं. रोहित शर्मा 84 और सूर्यकुमार यादव 61 रन बना चुके हैं. गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट लिए हैं. जसप्रीत बुमराह के नाम 2 विकेट हैं. इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर 103 रन के साथ सबसे आगे हैं, जबकि क्रिस जॉर्डन 6 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं.
भारत का सेमीफाइनल इतिहास कैसा रहा है ?
भारत अब तक टी20 वर्ल्ड कप में छह बार सेमीफाइनल खेल चुका है.
- 2007 बनाम ऑस्ट्रेलिया – भारत जीता.
- 2014 बनाम दक्षिण अफ्रीका – भारत जीता.
- 2016 बनाम वेस्टइंडीज – भारत हारा.
- 2022 बनाम इंग्लैंड – भारत हारा.
- 2024 बनाम इंग्लैंड – भारत जीता.
यानि कुल मिलाकर भारत ने सेमीफाइनल में 3 जीत और 2 हार दर्ज की हैं. इससे जीत प्रतिशत 60 फीसदी बनता है.
तो क्या हैं भारत के जीतने के चांस?
अगर आंकड़ों को मिलाकर देखें तो, इंग्लैंड के खिलाफ ओवरऑल जीत प्रतिशत लगभग 58.6 फीसदी बनते हैं और वो भी वानखेड़े पर जीत प्रतिशत लगभग 71.4 फीसदी. इन औसत आंकड़ों के आधार पर कहा जा सकता है कि भारत के जीतने की संभावना 58 से 65 फीसदी के बीच बनती है. हालांकि नॉकआउट मुकाबले में दबाव और मौसम जैसे फैक्टर तस्वीर बदल सकते हैं.
फाइनल में पहुंचने के बाद क्या संभावना
भारत तीन बार फाइनल खेल चुका है और दो बार खिताब जीता है. इंग्लैंड भी तीन फाइनल खेलकर दो बार चैंपियन बना है.
अगर भारत सेमीफाइनल जीतता है तो उसके पास अनुभव और हालिया फॉर्म का फायदा रहेगा. लेकिन फाइनल में विरोधी टीम और पिच की परिस्थितियां अहम भूमिका निभाएंगी.
इसे भी पढ़ें- ईरान यु्द्ध से इन 10 भारतीयों के बिजनेस पर संकट, कहलाते हैं UAE के सबसे अमीर इंडियन, दुबई से लेकर अबू धाबी तक है जलवा
Latest Stories
मार्च की शुरुआत में ही झुलसा उत्तर भारत! कई राज्यों में पारा सामान्य से 12 डिग्री तक ऊपर; IMD ने बताई राहत की तारीख
क्या अहमदाबाद भारत के लिए ‘अनलकी’ है? जानें क्या कहते हैं आंकड़े और न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड
IND vs NZ Final: 2023 वर्ल्ड कप की हार से सबक, इस बार फाइनल के लिए बदली पिच, लाल मिट्टी करेगी कमाल!
