Sun Pharma का बड़ा दांव! ₹271 करोड़ में खरीदेगी Innovcare Lifesciences, सोमवार को स्टॉक पर रखें नजर

दवा बनाने वाली दिग्गज कंपनी सन फार्मा ने अपने कारोबार के विस्तार और पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए इनोवकेयर लाइफसाइंसेज का 100 फीसदी अधिग्रहण करने का फैसला किया है. करीब 271.2 करोड़ रुपये के इस नकद सौदे से कंपनी की घरेलू बाजार में मौजूदगी बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही, इनोवकेयर की मजबूत ग्रोथ और बढ़ती आय सन फार्मा के भविष्य के कारोबार को नई गति दे सकती है.

सन फार्मा Image Credit: Money9live/Social Media

Sun Pharma Stock in Foucs : दिग्गज दवा कंपनी Sun Pharma ने अपने कारोबार को विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने करीब 271.2 करोड़ रुपये में Innovcare Lifesciences का 100 फीसदी अधिग्रहण करने का समझौता किया है. इस सौदे से सन फार्मा की घरेलू बाजार में पकड़ और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिस पर निवेशकों की भी नजर रहेगी. साथ ही जब सोमवार को बाजार खुलेगा तो सन फार्मा के स्टॉक में हलचल दिख सकती है.

बिजनेस ग्रोथ को मिलेगी रफ्तार

सन फार्मा ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि अधिग्रहण के बाद उसे फार्मास्युटिकल, न्यूट्रास्यूटिकल और कॉस्मेस्यूटिकल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी. कंपनी का मानना है कि यह सौदा उसकी लॉन्ग टर्म ग्रोथ रणनीति का हिस्सा है और इससे नए उत्पादों के जरिए कारोबार को बढ़ाने का मौका मिलेगा. सौदा 31 जुलाई 2026 तक पूरा होने की संभावना है.

Source – BSE

कंपनी की वित्तीय सेहत

सन फार्मा के वित्तीय प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है. पिछले 12 महीनों (TTM) में कंपनी की आय (Revenue) में 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, पिछले तीन वर्षों में कंपनी की आय 11 फीसदी की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर यानी CAGR से बढ़ी है. मुनाफे के मोर्चे पर प्रदर्शन और भी मजबूत रहा है. बीते 12 महीनों में कंपनी का लाभ 26 फीसदी बढ़ा है, जबकि पिछले तीन वर्षों में मुनाफा 48 फीदी की CAGR से बढ़ा है.

घरेलू बाजार में बढ़ेगी पकड़

2014 में शुरू होने वाली इनोवकेयर लाइफसाइंसेज पूरी तरह भारतीय बाजार में काम करती है. वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 94.06 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के 86.09 करोड़ रुपये से अधिक है. सन फार्मा ने कहा कि यह नकद सौदा होगा और इसके लिए किसी नियामकीय मंजूरी की जरूरत नहीं है. अधिग्रहण पूरा होने के बाद इनोवकेयर पूरी तरह सन फार्मा के नियंत्रण में आ जाएगी, जिससे कंपनी की घरेलू बाजार में स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: एक दिन में इस शेयर ने कराई ₹387 करोड़ की कमाई, 6 महीने में पैसा डबल, FII बढ़ा रहे हैं हिस्सेदारी, रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.