IT सेक्टर से FIIs ने निकाले ₹20,658 करोड़, फिर भी इस कंपनी में बढ़ाया दांव; जानें क्या है वजह
IT सेक्टर में भारी बिकवाली के बीच FIIs ने Tata Elxsi में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. FY26 की चौथी तिमाही में विदेशी निवेशकों ने IT शेयरों से 20,658 करोड़ रुपये निकाले, लेकिन Tata Elxsi पर भरोसा दिखाया. कंपनी AI, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर और डिफेंस सेक्टर में तेजी से विस्तार कर रही है.

Tata Elxsi Share: भारतीय शेयर बाजार में FY26 की चौथी तिमाही IT सेक्टर के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रही. विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने इस दौरान IT शेयरों में भारी बिकवाली की और करीब 20,658 करोड़ रुपये निकाल लिए. इसका असर यह रहा कि निफ्टी IT इंडेक्स तिमाही के दौरान 21 फीसदी से ज्यादा टूट गया. लेकिन इस कमजोरी के बीच एक ऐसा शेयर रहा, जिसमें FIIs ने चुपचाप अपनी हिस्सेदारी बढ़ा दी है. यह शेयर है Tata Elxsi. मार्च 2026 तिमाही में FIIs ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 8.56 फीसदी बढ़ाकर कुल 11.08 फीसदी कर ली. इससे साफ संकेत मिलता है कि बाजार की कमजोरी के बावजूद विदेशी निवेशकों को इस कंपनी के भविष्य पर भरोसा है.
क्यों खास है Tata Elxsi
Tata Elxsi, टाटा ग्रुप की टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो इंजीनियरिंग रिसर्च, डिजाइन और डिजिटल सॉल्यूशन उपलब्ध कराती है. कंपनी AI, आईओटी, क्लाउड और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके विभिन्न उद्योगों के लिए प्रोडक्ट और सर्विस विकसित करती है. कंपनी मुख्य रूप से ट्रांसपोर्टेशन, मीडिया एंड कम्युनिकेशंस और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में काम करती है. यही वजह है कि इसे भारत की प्रमुख AI आधारित कंपनियों में गिना जाता है.
AI क्षेत्र में मिली बड़ी सफलता
Q4FY26 के दौरान Tata Elxsi ने गूगल क्लाउड जेन AI हैकाथॉन जीता है. कंपनी का टीईफैब्रिक्स प्लेटफॉर्म फैक्ट्री संचालन को ऑटोमेटेड तरीके से चलाने में सक्षम बताया गया है. इसके अलावा कंपनी ने एडब्ल्यूएस “AI फॉर भारत” हैकाथॉन भी जीता. यहां मेधाओएस प्लेटफॉर्म को सम्मान मिला, जो हेल्थकेयर सेक्टर के लिए AI आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम है.
कई बड़े कॉन्ट्रैक्ट मिले
FY26 के दौरान कंपनी को कई बड़े ऑर्डर मिले. ट्रांसपोर्टेशन सेगमेंट में सुजुकी मोटर्स, मर्सिडीज-बेंज रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंडिया और जापानी ऑटोमोबाइल कंपनियों के साथ समझौते हुए हैं. मीडिया सेक्टर में अमेरिकी मीडिया समूह और यूरोपीय टेलीकॉम कंपनी के साथ डील मिली. हेल्थकेयर क्षेत्र में कैंसर डिटेक्शन डिवाइस और नई मेडिकल तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट हासिल हुए हैं.
रेलवे और डिफेंस में भी बढ़त
Tata Elxsi अब रेलवे और डिफेंस सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. कंपनी भारतीय रेलवे के कवच 4.0 प्रोजेक्ट में नोवा के साथ काम कर रही है. इसके अलावा HAL के कैट्स वॉरियर प्रोजेक्ट में भी कंपनी की भूमिका रही है. यह कंपनी की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती मौजूदगी का संकेत है.
वित्तीय प्रदर्शन मिला-जुला
हालांकि कंपनी को बड़े ऑर्डर मिले, लेकिन FY26 में रेवेन्यू केवल 0.8 फीसदी बढ़कर 3,757 करोड़ रुपये रहा. वहीं नेट प्रॉफिट 11 फीसदी घटकर 628 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी का ROCE 30 फीसदी रहा, जो उद्योग औसत से बेहतर है. डिविडेंड यील्ड 1.76 फीसदी दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: फिनटेक में नया बादशाह! 62% मार्जिन के साथ Zerodha को छोड़ा पीछे, रेवेन्यू बढ़कर हुआ ₹1505 करोड़
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.