सोने की महंगाई भी नहीं रोक पाई रफ्तार! TATA की इस कंपनी पर ब्रोकरेज बुलिश, 12.3% अपसाइड का अनुमान
Titan Company को लेकर ब्रोकरेज हाउस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. हाल ही में कंपनी ने अपने एनालिस्ट मीट में अगले कुछ वर्षों की विकास योजना शेयर की, जिसने निवेशकों का ध्यान खींचा है. Titan का टारगेट वित्त वर्ष 2026 से 2030 के बीच अपने कारोबार और मुनाफे को लगभग दोगुना करना है.
Titan Target Price: ज्वेलरी और लाइफस्टाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी Titan Company को लेकर ब्रोकरेज हाउस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. हाल ही में कंपनी ने अपने एनालिस्ट मीट में अगले कुछ वर्षों की विकास योजना शेयर की, जिसने निवेशकों का ध्यान खींचा है. Titan का टारगेट वित्त वर्ष 2026 से 2030 के बीच अपने कारोबार और मुनाफे को लगभग दोगुना करना है.
हालांकि कंपनी ने माना है कि फिलहाल सोने की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव, सरकारी नियमों में बदलाव और महंगाई जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं. इसके बावजूद कंपनी को भरोसा है कि उसके ज्वेलरी, घड़ी, आईवियर और अन्य कारोबार मजबूत बढ़ोतरी दर्ज करेंगे. इसी भरोसे के चलते ब्रोकरेज फर्म ने शेयर पर सकारात्मक राय बनाए रखी है.
ब्रोकरेज ने क्यों दी BUY रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म Emkay का मानना है कि Titan की लंबे समय की विकास कहानी अभी भी मजबूत बनी हुई है. अनुमान के अनुसार कंपनी की बिक्री, EBITDA और मुनाफा अगले कुछ सालों में अच्छी रफ्तार से बढ़ सकता है. इसी वजह से ब्रोकरेज ने शेयर पर ADD रेटिंग बरकरार रखते हुए 4750 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. मजबूत ब्रांड, बढ़ता स्टोर नेटवर्क और अलग-अलग कारोबारों में मौजूदगी Titan को लंबे समय के लिए एक मजबूत कंपनी बनाती है.
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| वर्तमान शेयर भाव (CMP) | ₹4,231 |
| टारगेट प्राइस (Target Price) | ₹4,750 |
| टारगेट अवधि | मार्च 2027 (12 महीने) |
| मौजूदा रेटिंग | ADD |
| पिछली रेटिंग | ADD |
| संभावित रिटर्न (Upside) | 12.3% |
साल 2030 तक कारोबार दोगुना करने का टारगेट
Titan ने निवेशकों को बताया कि वह वित्त वर्ष 2030 तक अपने कुल रेवेन्यू और ऑपरेटिंग मुनाफे (EBIT) को लगभग दोगुना करना चाहती है. इसका मतलब है कि कंपनी अगले चार सालो में करीब 20 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ोतरी हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. कंपनी का सबसे बड़ा कारोबार ज्वेलरी का है, जिसमें Tanishq, Mia और Zoya जैसे ब्रांड शामिल हैं. Titan को उम्मीद है कि यह कारोबार भी साल 2030 तक लगभग दोगुना हो जाएगा.
Tanishq और CaratLane पर बड़ा फोकस
कंपनी देशभर में अपने स्टोर्स की संख्या तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है. Titan का टारगेट 2030 तक Tanishq, Mia और अन्य ज्वेलरी ब्रांड्स के कुल स्टोर्स की संख्या 853 से बढ़ाकर करीब 1,400 तक पहुंचाना है.
वहीं CaratLane से भी कंपनी को बड़ी उम्मीदें हैं. Titan का अनुमान है कि CaratLane का कारोबार 2030 तक दो गुने से ज्यादा बढ़ सकता है. कंपनी का मानना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चैनलों के जरिए ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
घड़ी और आईवियर कारोबार से भी उम्मीद
Titan सिर्फ ज्वेलरी तक सीमित नहीं है. कंपनी का वॉच और आईवियर कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि घड़ी कारोबार में करीब 20 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ोतरी होगी. वहीं आईवियर कारोबार में भी मजबूत ग्रोथ देखने को मिल सकती है. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार और नए कारोबारों से भी कंपनी को अच्छी उम्मीद है. आने वाले वर्षों में ये कारोबार मुनाफे में बड़ा योगदान दे सकते हैं.
सोने की कीमतें बनी चुनौती
हालांकि कंपनी के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं. सोने की ऊंची कीमतों के कारण ज्वेलरी कारोबार के मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है. कंपनी ने संकेत दिया है कि आने वाले वर्षों में ज्वेलरी कारोबार का मार्जिन थोड़ा कमजोर रह सकता है. लेकिन कंपनी को भरोसा है कि घड़ी, आईवियर, CaratLane और अंतरराष्ट्रीय कारोबार से होने वाला अतिरिक्त मुनाफा इस कमी को काफी हद तक पूरा कर देगा.
यह भी पढ़ें: Meesho के शेयरों में 8वें दिन बड़ी गिरावट, 9 जून से खुलेंगे ₹54000 करोड़ के शेयर; निवेशकों में बढ़ी बेचैनी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.