Meesho के शेयरों में 8वें दिन बड़ी गिरावट, 9 जून से खुलेंगे ₹54000 करोड़ के शेयर; निवेशकों में बढ़ी बेचैनी
Meesho के शेयरों में लगातार आठवें कारोबारी दिन गिरावट दर्ज की गई है. 9 जून को लॉक-इन अवधि खत्म होने से पहले निवेशकों की बेचैनी बढ़ी हुई है. करीब ₹54,000 करोड़ मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होने वाले हैं, जिससे स्टॉक पर दबाव बना हुआ है.
Meesho Share Price: इलेक्ट्रॉनिक कॉमर्स कंपनी Meesho के निवेशकों के लिए गुरुवार, 4 जून का दिन बेहद निराशाजनक रहा. शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद से कंपनी अब तक के अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. गुरुवार को मीशो के शेयरों में 5% की एक और बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह टूटकर ₹166.60 प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ. यह अप्रैल के बाद से इसका सबसे निचला स्तर है.
लगातार 8 दिनों से जारी इस गिरावट की वजह से मीशो के स्टॉक ने अपनी वैल्यू का 16.6% हिस्सा गंवा दिया है. दिसंबर 2025 में शेयर बाजार में कदम रखने के बाद से यह कंपनी का अब तक का सबसे लंबा ‘लूसिंग स्ट्रीक’ है.
‘लॉक-इन पीरियड’ का डर
हैरानी की बात यह है कि कंपनी ने मार्च में समाप्त हुई तिमाही में काफी शानदार प्रदर्शन किया था. इसके बावजूद बाजार में इसे लेकर डर का माहौल है. दरअसल, 9 जून 2026 को मीशो का लॉक-इन पीरियड खत्म होने जा रहा है. इस तारीख के नजदीक आने से निवेशक सहमे हुए हैं और लगातार बिकवाली कर रहे हैं.
54,000 करोड़ रुपये के शेयर की एंट्री
आने वाले मंगलवार यानी 9 जून को मीशो की प्री-आईपीओ शेयरहोल्डिंग का करीब 68% हिस्सा लॉक-इन से बाहर आ जाएगा. इसका मतलब यह है कि अगले दिन (बुधवार) से बाजार में करीब ₹54,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. हालांकि, प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक कंपनी की कुल शेयर पूंजी का लगभग 20% हिस्सा अभी भी सुरक्षित रहेगा और वह 9 जून 2027 तक लॉक-इन में ही रहेगा.
हालिया हाई से 22% टूटा शेयर
इस ताजा गिरावट के बाद मीशो का स्टॉक अपने हालिया उच्चतम स्तर ₹227 प्रति शेयर से करीब 22% नीचे आ चुका है. लेकिन जो लोग आईपीओ के समय से इसके साथ जुड़े हैं, वे अब भी फायदे में हैं. लिस्टिंग के बाद आई दमदार तेजी की बदौलत यह शेयर अपने मूल आईपीओ प्राइस (₹111) से अब भी 50% ऊपर ट्रेड कर रहा है.
यह भी पढ़ें: 1 मिनट के माइक्रो ड्रामा ने बना दिया यूनिकॉर्न! अब कंपनी ला रही IPO, ₹15000 करोड़ वैल्यूएशन पर नजर
याद दिला दें कि 10 दिसंबर को मीशो ने बाजार में धमाकेदार एंट्री की थी और यह अपने इश्यू प्राइस से 46% प्रीमियम के साथ ₹162 पर लिस्ट हुआ था. शुरुआत में इसने ₹254 का स्तर भी छुआ था, जिससे यह साल 2025 के सबसे सफल मेनबोर्ड आईपीओ में से एक बन गया था.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
52 वीक लो पर पहुंचे Reliance समेत 3 दिग्गज शेयर, क्या खरीदारी का है सही समय? देखें डिटेल
शेयर बाजार में फ्लैट क्लोजिंग! IT और Metal शेयरों में कमजोरी, Titan बना स्टार; निफ्टी 23400 के पार बंद
सामने आई FPI की असली सच्चाई, IPO में ऐसे किया खेल; OFS में छुपा है असली सच
