2026 में इन 10 शेयरों ने किया कमाल, 500% से ज्यादा का दिया मल्टीबैगर रिटर्न; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये स्टॉक?

साल 2026 में शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव के बावजूद कुछ स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों ने निवेशकों को शानदार मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, NSE पर सूचीबद्ध 10 कंपनियों के शेयर 200 फीसदी से लेकर 500 फीसदी से ज्यादा तक चढ़े हैं. Sanginita Chemicals, Sterlite Technologies, Viji Finance, Dee Development Engineers और Yasho Industries जैसे शेयरों ने निवेशकों की पूंजी कई गुना बढ़ाई है.

मल्टीबैगर स्टॉक (Multibagger Stocks) Image Credit: money9live.com

Highlights

  • 2026 में 10 शेयरों ने दिया 200% से 500% से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.
  • Sanginita Chemicals बना साल का सबसे बड़ा मल्टीबैगर.
  • Sterlite Technologies समेत कई शेयरों में मजबूत नतीजों और ऑर्डर बुक से आई शानदार तेजी.

Multibagger Stocks: साल 2026 भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा है. वैश्विक टैरिफ विवाद, पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और ऊंचे वैल्यूएशन के कारण प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 दबाव में रहे. इसके बावजूद कुछ चुनिंदा स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न देकर सबको चौंका दिया. इन शेयरों ने सिर्फ सात महीनों में निवेशकों की पूंजी कई गुना बढ़ा दी. Mint की रिपोर्ट के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 तक NSE पर सूचीबद्ध 10 कंपनियों के शेयरों में 200 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है.

Sanginita Chemicals ने सबसे ज्यादा दिया रिटर्न

2026 में सबसे शानदार प्रदर्शन Sanginita Chemicals ने किया है. कंपनी के शेयर में अब तक 514.3 फीसदी की तेजी आई है, जिससे यह इस साल का सबसे बड़ा मल्टीबैगर शेयर बन गया है. इसके बाद Sterlite Technologies का नंबर आता है, जिसके शेयर 485.7 फीसदी चढ़े हैं.

वहीं Excellent Wires and Packaging ने 386.4 फीसदी, Viji Finance ने 308.1 फीसदी, Sigma Advanced Systems ने 265.2 फीसदी और United Foodbrands ने 247.5 फीसदी का रिटर्न दिया है. इसके अलावा Bikewo Green Tech, Dee Development Engineers, Yasho Industries और Prizor Viztech भी इस साल 200 फीसदी से ज्यादा रिटर्न देने वाले शेयरों की सूची में शामिल हैं.

आखिर इन शेयरों में इतनी तेजी क्यों आई

विश्लेषकों का मानना है कि इन कंपनियों की तेज रैली के पीछे कई मजबूत कारण रहे हैं. इनमें बेहतर तिमाही नतीजे, क्षमता विस्तार, बड़े ऑर्डर मिलना, मुनाफे में सुधार, नए सेक्टरों में विस्तार और स्मॉलकैप-मिडकैप शेयरों में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी प्रमुख वजहें हैं. इसके अलावा डिफेंस, एयरोस्पेस, स्पेशियलिटी केमिकल्स, ग्रीन मोबिलिटी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टरों में तेजी ने भी इन कंपनियों के शेयरों को मजबूत समर्थन दिया है.

इन कंपनियों के नतीजों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा

Sterlite Technologies ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में अब तक का सबसे अधिक 1,910 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया. कंपनी का EBITDA 397 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 184 फीसदी की बढ़ोतरी है. वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 10 करोड़ रुपये से बढ़कर 197 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसी तरह Viji Finance ने भी शानदार वापसी की. कंपनी ने एक साल पहले 33 लाख रुपये का घाटा दर्ज किया था, जबकि जून 2026 तिमाही में 1.14 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया.

United Foodbrands का प्रदर्शन भी मजबूत रहा. कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 16.41 करोड़ रुपये के घाटे की तुलना में इस बार 3.09 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया. वहीं, Dee Development Engineers का शुद्ध मुनाफा 22.3 फीसदी बढ़कर 16.15 करोड़ रुपये पहुंच गया.

कंपनी की कुल बिक्री करीब 32 फीसदी बढ़कर 294.46 करोड़ रुपये हो गई. कंपनी का ऑर्डर बुक भी बढ़कर 2,428 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की तुलना में 92.5 फीसदी अधिक है. Yasho Industries ने भी शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3.65 करोड़ रुपये से बढ़कर 36.05 करोड़ रुपये हो गया, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ.

यह भी पढ़ें: Ardee Industries IPO Day 2: दूसरे दिन 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब, NII और रिटेल निवेशकों ने जमकर लगाई बोली

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.