Apple ने OpenAI पर किया मुकदमा, ChatGPT हार्डवेयर के लिए ट्रेड सीक्रेट चोरी का आरोप
दुनिया की दो दिग्गज टेक कंपनियां Apple और OpenAI आमने-सामने आ गई हैं. Apple ने OpenAI पर अपने ट्रेड सीक्रेट और गोपनीय हार्डवेयर तकनीक चोरी करने का आरोप लगाते हुए अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट में मुकदमा दायर किया है. कंपनी का दावा है कि उसके पूर्व कर्मचारियों ने संवेदनशील जानकारी का इस्तेमाल OpenAI के AI हार्डवेयर प्रोजेक्ट में किया.
Apple vs OpenAI: दुनिया की दो बड़ी टेक कंपनियों Apple और OpenAI के बीच अब कानूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है. Apple ने अमेरिका की एक संघीय अदालत में मुकदमा दायर कर आरोप लगाया है कि OpenAI ने उसके पूर्व कर्मचारियों की मदद से कंपनी के गोपनीय ट्रेड सीक्रेट और हार्डवेयर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी का गलत इस्तेमाल किया. Apple का दावा है कि इसी जानकारी के आधार पर OpenAI अपना नया AI हार्डवेयर विकसित कर रही है.
Apple ने कोर्ट में क्या आरोप लगाए?
Apple ने कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट में दायर याचिका में कहा कि OpenAI ने संगठित तरीके से कंपनी के ट्रेड सीक्रेट हासिल किए. कंपनी का आरोप है कि उसके दो पूर्व कर्मचारी, टैंग टैन और चांग लियू, Apple छोड़ने के बाद OpenAI में शामिल हुए और उन्होंने Apple की गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल OpenAI के हार्डवेयर प्रोजेक्ट के लिए किया. Apple का कहना है कि यह केवल कर्मचारियों की गलती नहीं, बल्कि संस्थागत स्तर पर की गई गंभीर लापरवाही और गलत आचरण का मामला है.
पूर्व कर्मचारियों पर क्या हैं आरोप?
Apple के मुताबिक, टैंग टैन पहले iPhone, Apple Watch और iPod जैसे प्रमुख प्रोडक्ट्स की डिजाइन टीम का हिस्सा थे और अब OpenAI में चीफ हार्डवेयर ऑफिसर हैं. वहीं, चांग लियू Apple में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे और उन्हें कंपनी के सबसे संवेदनशील हार्डवेयर प्रोजेक्ट्स पर काम करने की जिम्मेदारी दी गई थी. मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि लियू ने Apple छोड़ने के बाद भी कंपनी के डिवाइस से गोपनीय हार्डवेयर फाइलें डाउनलोड कीं. वहीं, टैंग टैन पर आरोप है कि उन्होंने Apple में काम कर रहे उम्मीदवारों से OpenAI के इंटरव्यू के दौरान Apple के असली हार्डवेयर पार्ट्स लाने के लिए कहा.
OpenAI के हार्डवेयर प्रोजेक्ट पर क्यों उठे सवाल?
OpenAI ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि वह किस तरह का AI डिवाइस बना रही है. हालांकि कंपनी पहले कह चुकी है कि उसका लक्ष्य ऐसा नया हार्डवेयर तैयार करना है, जो पारंपरिक स्क्रीन और इंटरफेस से आगे बढ़कर लोगों को AI से बातचीत का नया अनुभव दे. Apple का आरोप है कि OpenAI का यह हार्डवेयर प्रोजेक्ट उसकी चुराई गई तकनीकी जानकारी पर आधारित है, इसलिए इसकी नींव ही कानूनी रूप से कमजोर है.
Apple का दावा- पहले भी जताई थी चिंता, अब कोर्ट का सहारा
Apple ने कहा कि उसने इस साल फरवरी में ही OpenAI से संपर्क कर अपनी चिंताओं से अवगत कराया था, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद आंतरिक जांच में Apple को कथित तौर पर गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग के सबूत मिले. अब कंपनी ने अदालत से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि वह अपने कर्मचारियों की मेहनत, रिसर्च और तकनीकी नवाचार की हर हाल में रक्षा करेगी.
इसे भी पढ़ें- WhatsApp के Username फीचर पर सरकार सख्त, Meta को मिला 3 दिन का समय, भारत में फिलहाल नहीं होगा लॉन्च
Latest Stories
अब बिना मोबाइल नेटवर्क भी रहेंगे कनेक्टेड! BSNL ने लॉन्च किया सैटेलाइट फोन; जानें कीमत
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का इंतजार खत्म, इस तारीख को मिलेगी हरी झंडी! जानें रूट; स्पीड और खासियत
Mahindra की SUV और कमर्शियल गाड़ियां 10 जुलाई से होंगी महंगी, कंपनी ने बढ़ाए दाम
