Apple iPhone Ultra: लॉन्च से पहले सामने आईं 11 बड़ी जानकारियां, फोल्डेबल फोन में क्या-क्या मिलेगा खास?
Apple के 9 सितंबर के इवेंट से पहले उसके संभावित फोल्डेबल iPhone Ultra को लेकर कई जानकारियां सामने आई हैं. फोन खुलने पर 4.5mm पतला और इसमें 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन हो सकती है. Touch ID, A20 Pro चिप, 4,883mAh बैटरी और 2,000-2,500 डॉलर की संभावित कीमत इसे प्रीमियम फोल्डेबल फोन बना सकती है.
Highlights
- फोन खुलने पर करीब 4.5mm और बंद होने पर 9-9.5mm मोटा होने की उम्मीद है.
- 5.5 इंच की बाहरी और 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन मिल सकती है.
- कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर के बीच होने का अनुमान है.
Apple के 9 सितंबर के इवेंट को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा उसके संभावित फोल्डेबल iPhone की है. कंपनी एक ऐसे प्रीमियम फोन पर काम कर रही है जो बंद होने पर कॉम्पैक्ट रहेगा और खुलने पर बड़ी स्क्रीन में बदल जाएगा. इस फोन को लेकर डिजाइन, कैमरा, बायोमेट्रिक सिक्योरिटी, बैटरी और कीमत से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं. हालांकि, इनमें से कई स्पेसिफिकेशन अभी लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं.
फोल्डेबल iPhone में क्या-क्या मिलेगा?
Apple का यह संभावित फोल्डेबल iPhone कई मामलों में मौजूदा Android फोल्डेबल फोन से अलग हो सकता है. फोन के पतले डिजाइन से लेकर लगभग न दिखने वाली क्रीज, नए चिपसेट और Touch ID तक, इसके बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. आइए जानते हैं इस फोन से जुड़ी 11 बड़ी बातें.
1. खुलने पर सिर्फ 4.5mm मोटा हो सकता है फोन
iPhone Ultra के खुले हुए फोन की मोटाई करीब 4.5mm और बंद होने पर 9-9.5mm होने की उम्मीद है. ऐसा हुआ तो यह अब तक का सबसे पतला iPhone हो सकता है. तुलना के लिए Galaxy Z Fold 8 भी खुलने पर 4.5mm मोटा है, जबकि बंद होने पर इसकी मोटाई 9.7mm बताई गई है.
2. मिल सकती हैं दो स्क्रीन
फोल्डेबल iPhone में करीब 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन और 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन मिलने की उम्मीद है. बड़ी अंदरूनी स्क्रीन का अनुपात 4:3 हो सकता है, जो वीडियो और दूसरे मीडिया के लिए उपयोगी होगा. वहीं, पोर्ट्रेट मोड में 3:4 अनुपात पढ़ने और वेब ब्राउजिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
3. स्क्रीन की क्रीज लगभग गायब हो सकती है
MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple फोल्डेबल स्क्रीन की क्रीज को लगभग न दिखने लायक बनाने पर काम कर रहा है. इसके लिए Liquid Metal हिंज और नए मटेरियल का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है. इस काम में Samsung Display की भी भूमिका होने की रिपोर्ट है.
4. बंद होने पर पासपोर्ट जैसा डिजाइन
फोन बंद होने पर छोटा और चौड़ा यानी पासपोर्ट जैसा आकार ले सकता है. बिजनेस टूडे कि रिपोर्ट के मुताबिक, इसका फ्रंट असममित हो सकता है. एक तरफ चौकोर और दूसरी तरफ गोल किनारा होने की बात कही जा रही है. फ्रंट कैमरा ऊपर दाईं ओर दिया जा सकता है.
5. कैमरे के मामले में होगा समझौता
iPhone Ultra में पीछे दो कैमरे मिलने की उम्मीद है. इनमें वाइड और अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल हो सकते हैं. खास बात यह है कि इसमें टेलीफोटो कैमरा नहीं होने की संभावना है. वहीं, सेल्फी के लिए दो कैमरे दिए जा सकते हैं.
6. सफेद और नीले रंग में आ सकता है फोन
रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone Ultra के लिए सफेद और नीले रंग के विकल्पों का जिक्र किया गया है. हालांकि, आखिरी रंग विकल्पों की पुष्टि कंपनी की ओर से नहीं हुई है.
7. फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से बदला जाएगा iOS
फोन में iOS 27 मिलने की उम्मीद है. फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से सॉफ्टवेयर में खास बदलाव किए जा सकते हैं. इनमें स्क्रीन के कोण के आधार पर अलग-अलग मोड, ऐप्स को बड़ी स्क्रीन के मुताबिक ढालना और स्प्लिट-स्क्रीन मल्टीटास्किंग जैसे फीचर शामिल हो सकते हैं.
8. Face ID की जगह मिल सकता है Touch ID
फोन को बेहद पतला रखने और TrueDepth सिस्टम के लिए उपलब्ध जगह की कमी को देखते हुए Apple Face ID की जगह Touch ID का इस्तेमाल कर सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सेंसर साइड बटन में इंटीग्रेट किया जा सकता है.
9. पहली बार 2nm A20 Pro चिप का इस्तेमाल?
परफॉर्मेंस के लिए iPhone Ultra में A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है. यह Apple का शुरुआती 2nm स्मार्टफोन प्रोसेसर हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह A19 Pro के मुकाबले 15% तक तेज और ऊर्जा दक्षता में 30% तक बेहतर हो सकता है.
10. करीब 4,883mAh की बैटरी
फोन में डुअल-सेल 4,883mAh बैटरी दी जा सकती है. फोल्डेबल फोन के पतले डिजाइन में बैटरी क्षमता बनाए रखना Apple के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है, इसलिए डुअल-सेल सेटअप अहम माना जा रहा है.
11. कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर तक हो सकती है
iPhone Ultra की कीमत करीब 2,000 से 2,500 डॉलर के बीच रहने का अनुमान है. इस कीमत के साथ यह प्रीमियम फोल्डेबल फोन की कैटेगरी में आएगा. ज्यादा कीमत को ग्राहकों के लिए आसान बनाने के लिए Apple अपने iPhone Upgrade से जुड़े लीजिंग विकल्पों पर जोर दे सकता है.
Latest Stories
ये है 108MP Camera वाला सबसे सस्ता मोबाइल, कीमत है बस 15,999 रुपए
iPhone 18 Pro Max हो सकता है 20,000 रुपए महंगा, 9 सितंबर को Apple Event में होगा लॉन्च!
Flipkart या Amazon, कहां मिलेगा सबसे सस्ता Samsung Galaxy F70 Pro 5G?
