1.90 लाख हो सकती है Foldable iPhone कीमत, ये होंगे फीचर्स, बढ़ेगी Samsung-Vivo की मुश्किल!

iPhone Ulta, iPhone Fold या फिर iPhone Duo, अब तक एपल के पहले फोल्डेबल के अलग-अलग कई नाम सामने आ चुके हैं. इस फोन को लेकर कई लीक्स सामने आए हैं जिनसे इस बात का पता चलता है कि ये कंपनी का अब तक का सबसे महंगा मॉडल होगा. इस फोन की शुरुआती कीमत कितनी होगी और इसमें क्या-कुछ खास होगा, चलिए जानते हैं.

फोल्डेबल आईफोन Image Credit: news9live

Highlights

  • पहला फोल्डेबल आईफोन हो सकता है लॉन्च.
  • फोल्डेबल की शुरुआती कीमत हो सकती है 2000 डॉलर.
  • एपल के नए सीईओ का पहला प्रोडक्ट लॉन्च इवेंट.

Apple का पहला Foldable iPhone आज एपल इवेंट में लॉन्च हो सकता है. कंपनी लंबे समय से इस फोन पर काम कर रही थी, अब तक इस फोन से जुड़े कई लीक्स सामने आए हैं जो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि iPhone Duo को 2000 डॉलर (लगभग 1,90,269 रुपए) में लॉन्च किया जा सकता है. इवेंट का आगाज़ भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होगा.

एपल के नए सीईओ जॉन टर्नस ने 1 सितंबर को टिम कुक के बाद सीईओ पद की जिम्मेदारी संभाली है. जॉन टर्नस जो 2021 से कंपनी के हार्डवेयर प्रमुख हैं, पहले भी एपल के प्रोडक्ट लॉन्च इवेंट्स को होस्ट कर चुके हैं, लेकिन CEO के तौर पर यह उनका पहला इवेंट होगा. हर कोई इस बात पर बारीकी से गौर करेगा कि प्रोडक्ट्स को पेश करने से पहले वह खुद को कैसे इंट्रोड्यूस करते हैं, उनके द्वारा नए डिवाइसेस को पेश करने का तरीका भी दिलचस्प होगा.

टर्नस के लिए यह एक बड़ी चुनौती है क्योंकि टिम कुक के कार्यकाल में एपल का सालाना रेवेन्यू लगभग आधा ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया और कंपनी के स्टॉक में लगभग 2300 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. टर्नस को एपल की मौजूदा सफलता को बनाए रखने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में भी विस्तार करना होगा. यह इवेंट टर्नस के लिए अपना विजन साझा करने का पहला मौका होगा.

Foldable iPhone Duo होगा सबसे महंगा

लाइव मिंट के मुताबिक, आमतौर पर फोल्डेबल फोन की बिक्री बहुत अच्छी नहीं रही है और इनमें कुछ कमियां भी रही हैं, जैसे कम बैटरी लाइफ और खराब क्वालिटी के कैमरे. फोन को खोलने पर दिखने वाली भद्दी क्रीज (मोड़ का निशान) एक और कमजोरी रही है. लेकिन अब हालात बदल सकते हैं, टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन इतनी बेहतर हो गई हैं कि फोन की मजबूती बढ़ाई जा सकती है, क्रीज की समस्या को कम किया जा सकता है और दूसरी कमियों को दूर किया जा सकता है. Apple अब इस दौड़ में शामिल हो रहा है, चुनौती ऐसी चीज बनाने की है जो कीमत को सही ठहरा सके.

कंपनी का पहला फोल्डेबल अलग-अलग नाम से अब तक सामने आया है, किसी रिपोर्ट में इसे आईफोन फोल्ड, किसी में आईफोन अल्ट्रा तो किसी में आईफोन डुओ नाम दिया गया है. ये तो लॉन्च इवेंट में ही पता चलेगा कि फोन अगर आता है तो कंपनी इसे किस नाम से लॉन्च करती है. ऐसा कहा जा रहा है कि फोन की कीमत 2000 डॉलर (लगभग 1,90,269 रुपए) से शुरू होगी. एपल का पहला फोल्डेबल मार्केट में मौजूद बाकी प्लेयर्स जैसे कि सैमसंग, ओप्पो, गूगल, वीवो को कड़ी टक्कर देगा जिससे इन कंपनियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

ये फोन सैमसंग और बाकी कंपनियों के मॉडल्स से महंगा होने की उम्मीद है. शुरुआती मॉडल में 256GB स्टोरेज मिल सकती है, ज्यादा कैपेसिटी वाले वर्जन भी हो सकते हैं जिनकी कीमत लगभग 3000 डॉलर (लगभग 285404 रुपए) तक हो सकती है.

Samsung के नए Z Fold8 की तरह, Duo का डिजाइन छोटा और चौड़ा होगा जो वीडियो देखने के लिए बहुत अच्छा है. इसमें कंपनी का नया इन-हाउस C2 मॉडम और A20 Pro चिप हो सकती है. पीछे की तरफ 48 मेगापिक्सल वाले दो कैमरे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए एक 12 मेगापिक्सल का कैमरा मिल सकता है, फोन की बिक्री अक्टूबर में शुरू हो सकती है.

iPhone 18 Pro सीरीज के संभावित फीचर्स

आईफोन 18 प्रो सीरीज में प्रो और प्रो मैक्स को उतारा जा सकता है, इस बार ऑरेंज के बजाय बरगंडी रेड कलर को उतारा जा सकता है. इन मॉडल्स में कुछ अच्छे टेक्नोलॉजी अपडेट भी मिल सकते हैं जैसे कि कैमरा सिस्टम में नए लेंस और प्रो-लेवल सॉफ़्टवेयर शामिल होंगे. सबसे बड़ा बदलाव कम से कम बड़े मैक्स मॉडल में मैकेनिकल अपर्चर का जुड़ना होगा, जिससे डेप्थ-ऑफ-फील्ड को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकेगा और कम रोशनी में भी अच्छी तस्वीरें ली जा सकेंगी. इन मॉडल्स में ए20 प्रो चिप, ज्यादा बैटरी लाइफ और वेपर चैंबर मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- Smart TV चलाने वाले सावधान, इस कंपनी का TV बंद होने पर भी सुन सकता है आपकी बातें!