हर ज्वेलरी बॉक्स में क्यों छिपा होता है गुलाबी कागज? इसके पीछे का राज जानकर रह जाएंगे हैरान

भारत में ज्यादातर ज्वेलर्स सोने के गहनों को गुलाबी कागज में लपेटकर क्यों रखते हैं? इसके पीछे सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि कई खास कारण छिपे हैं. यह गुलाबी कागज गहनों को खरोंच, नमी और धूल से बचाने में मदद करता है. साथ ही गुलाबी बैकग्राउंड पर सोना ज्यादा चमकदार और प्रीमियम दिखाई देता है. आज भी यह परंपरा ग्राहकों के भरोसे और ज्वेलरी एक्सपीरियंस का अहम हिस्सा बनी हुई है.

ज्वेलरी पैकेजिंग Image Credit: ai/canva

Jewellery Pink Paper: अगर आपने कभी भारत में सोने के गहने खरीदे हैं, तो आपने एक बात जरूर नोटिस की होगी कि ज्यादातर ज्वेलर्स गहनों को चमकीले गुलाबी कागज में लपेटकर ही बॉक्स में रखते हैं. कई लोगों को लगता है कि यह सिर्फ एक पारंपरिक तरीका या सजावट का हिस्सा है, लेकिन इसके पीछे कई व्यावहारिक, मनोवैज्ञानिक और सांस्कृतिक कारण छिपे हुए हैं. दशकों पुरानी यह परंपरा आज भी इसलिए कायम है, क्योंकि गुलाबी कागज सिर्फ पैकेजिंग नहीं, बल्कि ज्वेलरी एक्सपीरियंस का अहम हिस्सा बन चुका है.

ज्वेलरी डिजाइन विशेषज्ञों के मुताबिक, गुलाबी कागज का इस्तेमाल केवल गहनों को सुंदर दिखाने के लिए नहीं किया जाता, बल्कि यह उनकी सुरक्षा में भी मदद करता है. खासतौर पर सोने और चांदी के गहनों को हवा और नमी से बचाने के लिए यह कागज उपयोगी माना जाता है. कई बार इसमें हल्की एंटी-टार्निश कोटिंग भी होती है, जो गहनों की चमक को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करती है.

गहनों को खरोंच और नमी से बचाता है गुलाबी कागज

पुराने समय में जब लग्जरी पैकेजिंग का चलन नहीं था, तब ज्वेलर्स साधारण लेकिन उपयोगी पैकेजिंग सामग्री का इस्तेमाल करते थे. मुलायम गुलाबी कागज गहनों के बीच घर्षण कम करता था, जिससे उन पर खरोंच आने का खतरा कम हो जाता था. यह कागज धूल, नमी और छोटे-मोटे स्क्रैच से भी सुरक्षा देता है. खासकर जब गहनों को लंबे समय तक स्टोर किया जाता है या एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जाता है, तब यह पैकेजिंग काफी उपयोगी साबित होती है.

गुलाबी रंग में ज्यादा चमकदार दिखता है सोना

ज्वेलरी इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों के मुताबिक, गुलाबी रंग का चुनाव केवल परंपरा नहीं, बल्कि एक स्मार्ट विजुअल तकनीक भी है. गुलाबी बैकग्राउंड पर सोने का पीला रंग ज्यादा चमकदार और रिच दिखाई देता है. इससे गहनों की खूबसूरती और प्रीमियम फील बढ़ जाती है.

भारतीय संस्कृति से भी जुड़ा है यह रंग

भारत में गुलाबी और लाल जैसे रंगों को शुभ, समृद्धि और खुशियों का प्रतीक माना जाता है. खासकर शादी, त्योहार और उपहारों में इन रंगों का इस्तेमाल लंबे समय से होता आ रहा है. यही वजह है कि ज्वेलरी पैकेजिंग में भी गुलाबी रंग ने अपनी खास पहचान बना ली.

समय के साथ यह गुलाबी कागज भरोसे और पारंपरिक ज्वेलरी शॉपिंग का प्रतीक बन गया. कई ग्राहकों के लिए यह सिर्फ पैकेजिंग नहीं, बल्कि पुरानी यादों और भरोसे से जुड़ा अनुभव है.

बदल रहा है पैकेजिंग का ट्रेंड

हालांकि, अब ज्वेलरी इंडस्ट्री में लग्जरी और डिजाइनर पैकेजिंग का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. बड़े ब्रांड्स अब प्रीमियम बॉक्स, कस्टम पैकेजिंग और लग्जरी प्रेजेंटेशन पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. बावजूद इसके, गुलाबी कागज की परंपरा पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें: पानी बनेगा कमाई का नया हथियार! इन 3 कंपनियों के पास ₹42,539 करोड़ की मेगा ऑर्डर बुक; रखें नजर