AC-पेडेस्टल फैन की जुगलबंदी दिलाएगी गर्मी से राहत, मिनटों में ठंडा होगा कमरा, बिजली बिल से भी मिलेगी राहत

गर्मी में AC चलाने से बिजली का बिल तेजी से बढ़ता है, लेकिन एक साधारण पेडेस्टल फैन इस खर्च को कम कर सकता है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर फैन कमरे को जल्दी ठंडा करने में मदद करता है और AC पर दबाव भी कम करता है. इससे बेहतर कूलिंग के साथ बिजली की बचत भी होती है.

How to Cool Your Room Image Credit: @AI/Money9live

How to Cool Your Room : गर्मी के मौसम में एसी चलाने से बिजली का बिल तेजी से बढ़ जाता है. ऐसे में लोग सोचते हैं कि नया और महंगा AC ही कम बिजली बिल खपत और बेहतर कूलिंग दे सकता है, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. एक साधारण पेडेस्टल फैन भी आपके कमरे को जल्दी ठंडा करने और बिजली की बचत करने में बड़ी मदद कर सकता है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर फैन और AC का कॉम्बिनेशन ज्यादा असरदार साबित होता है.

कैसे AC की कूलिंग बेहतर करता है पेडेस्टल फैन?

एसी सिर्फ ठंडी हवा नहीं देता, बल्कि कमरे के तापमान के हिसाब से काम करता है. अक्सर ठंडी हवा नीचे जमा हो जाती है और ऊपर का हिस्सा गर्म रहता है. ऐसे में AC का सेंसर गलत तापमान पढ़ लेता है और कंप्रेसर जल्दी बंद हो जाता है.

पेडेस्टल फैन हवा को पूरे कमरे में घुमाने का काम करता है. इससे ठंडी और गर्म हवा अच्छी तरह मिक्स होती है और कमरा तेजी से और बराबर ठंडा होता है. इससे AC को लंबे समय तक चलाने की जरूरत नहीं पड़ती.

फैन लगाने की सही जगह जानना जरूरी

सिर्फ फैन चलाने से फायदा नहीं होगा, उसे सही जगह रखना भी जरूरी है. फैन को AC के ठीक नीचे रखने के बजाय कमरे के दूसरी तरफ रखना बेहतर होता है.

इससे फैन की हवा AC की ठंडी हवा को कमरे के हर कोने तक पहुंचाने में मदद करती है. अगर फैन को सीधे AC की तरफ कर देंगे, तो एयरफ्लो बिगड़ सकता है और सेंसर गलत तापमान पढ़ सकता है.

बिजली का बिल कम करने में कैसे मदद करता है?

पेडेस्टल फैन हवा को तेजी से चलाकर शरीर को ज्यादा ठंडक महसूस कराता है. इसे विंड-चिल इफेक्ट कहा जाता है. इसकी वजह से आप AC को 24 डिग्री की जगह 26 डिग्री पर भी चला सकते हैं और फिर भी आराम महसूस होगा.

उदाहरण के तौर पर, अगर आपका कमरा 24 डिग्री पर 3 घंटे में ठंडा होता है, तो फैन के साथ 26 डिग्री पर भी कमरा जल्दी ठंडा महसूस हो सकता है. इससे AC कम बिजली खर्च करेगा और बिजली का बिल भी कम आएगा.

यह भी पढ़ें: व्हाइट विनेगर का ये है दमदार कमाल! टॉयलेट के दाग और बैक्टीरिया होंगे गायब; करें ये छोटा सा काम