होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, ट्रंप ने देशों से नेवी भेजने की अपील, कहा- नहीं तो और बढ़ सकते हैं तेल के दाम
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंता बढ़ गई है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों से इस अहम समुद्री रास्ते की सुरक्षा के लिए वॉरशिप भेजने की अपील की है. यह जलमार्ग फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के करीब 20 फीसदी तेल की सप्लाई इसी रास्ते से होती है.
Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर वैश्विक चिंता गहरा गई है. ईरान द्वारा स्ट्रेट को बंद करने के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरे देशों से मदद मांगी है. ट्रंप ने कई देशों से इस अहम समुद्री रास्ते को सुरक्षित रखने के लिए वॉरशिप भेजने की अपील की है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर कई देश इस जलमार्ग को खुला रखने के लिए नौसेना भेज सकते हैं. ईरान के साथ बढ़ते टकराव और जहाजों पर हमलों के कारण यहां से गुजरने वाले तेल व्यापार पर असर पड़ा है. इससे वैश्विक तेल कीमतों में भी तेजी देखने को मिल रही है
होर्मुज स्ट्रेट पर दुनिया की नजर
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है. यह रास्ता फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है. दुनिया की कुल तेल सप्लाई का करीब पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. हर दिन करीब 2 करोड़ बैरल कच्चा तेल इस जलमार्ग से दुनिया के अलग- अलग देशों तक पहुंचता है.
ट्रंप ने देशों से वॉरशिप भेजने को कहा
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा कि कई देश अमेरिका के साथ मिलकर इस जलमार्ग को सुरक्षित रखने के लिए वॉरशिप भेजेंगे. उन्होंने खास तौर पर उन देशों से अपील की जो इस समुद्री रास्ते से तेल सप्लाई पर निर्भर हैं. ट्रंप का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही इस अहम मार्ग को सुरक्षित और खुला रखा जा सकता है.
ईरान के कारण बढ़ा खतरा
अमेरिका और इजरायल द्वारा करीब दो हफ्ते पहले ईरान पर हमले किए जाने के बाद से इलाके में तनाव काफी बढ़ गया है. इस दौरान हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कई जहाजों पर हमले भी हुए हैं. इन घटनाओं के कारण जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है. इसके चलते तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है और कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है.
ये भी पढ़ें – अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बरसाए बम, ट्रंप बोले सैन्य ठिकाने तबाह; यही है तेल का सबसे बड़ा केंद्र
ट्रंप का दावा और ईरान का जवाब
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को लगभग खत्म कर दिया है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अभी भी ड्रोन या छोटे मिसाइल हमलों के जरिये जहाजों को नुकसान पहुंचा सकता है. दूसरी तरफ ईरान के अधिकारियों ने ट्रंप के दावे को गलत बताया है. उनका कहना है कि उसकी सैन्य क्षमता खत्म होने की बात झूठी और मनगढ़ंत है.
