दिग्गज निवेशकों का दम, 10 साल में कचोलिया से केडिया तक के पोर्टफोलियो ने दिया 23000% तक रिटर्न, जानें इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी
शेयर बाजार में हालिया उतार-चढ़ाव के बावजूद लंबे समय में निवेशकों को शानदार रिटर्न मिला है. पिछले 10 वर्षों में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 200 प्रतिशत तक बढ़े हैं. इसी दौरान कई दिग्गज निवेशकों ने सही रणनीति और धैर्य के दम पर अपने पोर्टफोलियो को कई गुना बढ़ाया और बाजार में बड़ी संपत्ति बनाई.
Ace Investors Portfolio: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण शेयर बाजार में इस समय उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. सेंसेक्स करीब 74,560 और निफ्टी 23,150 के आसपास कारोबार कर रहे हैं और इस सप्ताह दोनों इंडेक्स लगभग 3 फीसदी तक नीचे आए हैं. हालांकि, लंबी अवधि में भारतीय बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया है. पिछले 10 वर्षों में निफ्टी 50 और सेंसेक्स लगभग 200 फीसदी तक बढ़े हैं. इस दौरान कई बड़े निवेशकों ने अपनी रणनीति और धैर्य के दम पर भारी संपत्ति बनाई है. इन दिग्गजों में आशीष कचोलिया से लेकर विजय केडिया जैसे दिग्गज शामिल हैं.
आशीष कचोलिया
आशीष कचोलिया को मिड-कैप कंपनियों का “व्हेल” कहा जाता है. वे ऐसे छोटे और मिड-कैप शेयरों को जल्दी पहचानने के लिए जाने जाते हैं जिनमें आगे बड़ी ग्रोथ की संभावना होती है. उनका फोकस खास तौर पर मैन्युफैक्चरिंग और स्पेशलाइज्ड सेक्टर की कंपनियों पर रहता है. उनके प्रमुख निवेशों में शेली इंजीनियरिंग, जैन रिसोर्स रीसाइक्लिंग और सफारी इंडस्ट्रीज शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, करीब 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो लगभग 317 करोड़ रुपये का था, जो अब करीब 620 फीसदी बढ़कर लगभग 2,285 करोड़ रुपये हो चुका है.
मुकुल अग्रवाल
मुकुल अग्रवाल एक आक्रामक निवेश शैली के लिए जाने जाते हैं. वे अक्सर स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश करते हैं, जहां जोखिम ज्यादा होता है लेकिन रिटर्न भी काफी बड़ा हो सकता है. उनके प्रमुख निवेशों में न्यूलैंड लैबोरेटरीज, रेडिको खेतान और एएसएम टेक्नोलॉजीज शामिल हैं. Trendlyne के अनुसार, 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो करीब 205 करोड़ रुपये का था, जो अब लगभग 2,800 फीसदी बढ़कर करीब 5,946 करोड़ रुपये हो गया है. उनके पोर्टफोलियो में फिलहाल 72 शेयर हैं.
विजय केडिया
विजय केडिया भारतीय शेयर बाजार के जाने-माने वैल्यू निवेशकों में से एक हैं और केडिया सिक्योरिटीज के संस्थापक हैं. वे अपने “SMILE” निवेश सिद्धांत के लिए प्रसिद्ध हैं, जिसके तहत वे छोटी कंपनियों में शुरुआती दौर में निवेश कर लंबी अवधि तक होल्ड करते हैं. उनके प्रमुख निवेशों में अतुल ऑटो, न्यूलैंड लैबोरेटरीज और एलेकॉन इंजीनियरिंग शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, करीब 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो 194 करोड़ रुपये का था, जो अब लगभग 414 फीसदी बढ़कर करीब 998 करोड़ रुपये हो गया है. वर्तमान में उनके पोर्टफोलियो में 17 शेयर हैं.
रेखा झुनझुनवाला
रेखा झुनझुनवाला भारत के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं. उनका पोर्टफोलियो बड़े और मजबूत ब्लू-चिप कंपनियों में लंबे समय के निवेश के लिए जाना जाता है. उनके प्रमुख निवेशों में टाइटन कंपनी, स्टार हेल्थ और फोर्टिस हेल्थकेयर शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो करीब 1,569 करोड़ रुपये का था, जो अब लगभग 2,727 फीसदी बढ़कर करीब 44,363 करोड़ रुपये हो गया है. उनके पोर्टफोलियो में फिलहाल 27 शेयर शामिल हैं.
राधाकिशन दमानी
डीमार्ट के संस्थापक राधाकिशन दमानी को भारत के सबसे सफल वैल्यू निवेशकों में गिना जाता है. वे कम प्रोफाइल में रहकर मजबूत बिजनेस और लंबे समय की ग्रोथ पर ध्यान देते हैं. उनके प्रमुख निवेशों में एवेन्यू सुपरमार्ट्स (डीमार्ट), वीएसटी इंडस्ट्रीज और 3M शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, करीब 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो लगभग 3,044 करोड़ रुपये का था, जो अब करीब 5,489 फीसदी बढ़कर लगभग 1,70,156 करोड़ रुपये हो गया है. उनके पोर्टफोलियो में फिलहाल 9 शेयर हैं.
डॉली खन्ना
चेन्नई की मशहूर निवेशक डॉली खन्ना अपने पति राजीव खन्ना के साथ मिलकर निवेश करती हैं. वे खास तौर पर स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश करती हैं, जिनमें भविष्य में मल्टीबैगर बनने की क्षमता होती है. उनके प्रमुख निवेशों में प्रकाश इंडस्ट्रीज, जीएचसीएल और सोम डिस्टिलरीज शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो करीब 105 करोड़ रुपये का था, जो अब बढ़कर लगभग 197 करोड़ रुपये हो गया है. उनके पोर्टफोलियो में फिलहाल 10 शेयर शामिल हैं.
मधुसूदन केला
मधुसूदन केला एक अनुभवी बाजार रणनीतिकार और एमके वेंचर्स के संस्थापक हैं. वे मैक्रो ट्रेंड्स को समझकर निवेश करने के लिए जाने जाते हैं और अक्सर टर्नअराउंड स्टोरी वाली कंपनियों में निवेश करते हैं. उनके प्रमुख निवेशों में चॉइस इंटरनेशनल, एमके वेंचर्स कैपिटल और विंडसर मशीन शामिल हैं.
Trendlyne के अनुसार, करीब 10 साल पहले उनका पोर्टफोलियो सिर्फ 8 करोड़ रुपये का था, जो अब लगभग 23,325 फीसदी बढ़कर करीब 1874 करोड़ रुपये हो गया है. फिलहाल उनके पोर्टफोलियो में 15 शेयर शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
अगले हफ्ते बाजार में रहेगी तेज हलचल, शेयर बाजार की दिशा तय करेंगे ये 5 बड़े फैक्टर
ईरान युद्ध से मेटल सेक्टर पर असर, Hindalco ने एल्यूमिनियम प्रोडक्ट्स की रोकी बिक्री; सप्लाई चेन पर बढ़ा संकट
स्मार्ट फैक्ट्री की ओर बढ़ रहा भारत, रोबोटिक्स का नया दौर शुरू; ऑटोमेशन बूम में चमक सकते हैं ये 3 स्टॉक्स
