ईरान ने फिर बंद किया होर्मुज स्ट्रेट, अमेरिका ने शुरू की नई सैन्य कार्रवाई, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ सकती है हलचल
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर हालात और गंभीर हो गए हैं. ईरान ने जहाज पर कार्रवाई के बाद इस अहम समुद्री मार्ग को अगले आदेश तक बंद करने का ऐलान किया है. वहीं, अमेरिका ने जवाबी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है. इस घटनाक्रम से वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है.

US-Iran War : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को अगले आदेश तक बंद करने का ऐलान किया है. ईरान का दावा है कि उसकी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने एक जहाज को चेतावनी देने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद यह फैसला लिया गया. दूसरी ओर, अमेरिका ने इस घटना के बाद ईरान पर तीसरे दौर की सैन्य कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी. इस घटनाक्रम से वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ईरान ने होर्मुज बंद करने का किया ऐलान
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, IRGC ने एक ऐसे जहाज को रोका जो कथित तौर पर बिना अनुमति तय मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था. चेतावनी के तौर पर फायरिंग के बाद जहाज को रोक दिया गया. इसके बाद ईरान ने कहा कि अमेरिकी हस्तक्षेप और क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा को देखते हुए होर्मुज को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा और किसी भी जहाज को वहां से गुजरने की अनुमति नहीं होगी.
अमेरिका ने शुरू की नई कार्रवाई
Mint की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि ईरानी बलों द्वारा साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर हमले के बाद अमेरिका ने इस सप्ताह तीसरे दौर की सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है. हमले में जहाज को भारी नुकसान पहुंचा, इंजन रूम में आग लग गई और चालक दल का एक सदस्य लापता बताया गया है. अमेरिका ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के खिलाफ बताया है.
ईरान ने निजी तौर पर हमले को बताया ‘गलती’
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के अधिकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकारों को निजी तौर पर बताया है कि हाल में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमले एक ‘गलती’ थे. ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई देश के भीतर एक ऐसे गुट ने की, जो अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत को नुकसान पहुंचाना चाहता है. वहीं, अमेरिका चाहता है कि ईरान सार्वजनिक रूप से भी इस गलती को स्वीकार करे.
मस्कट में ईरान और ओमान के बीच हुई अहम बातचीत
तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अल-बुसैदी ने मस्कट में बैठक की. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय हालात और होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर चर्चा की. बैठक में समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और क्षेत्र में तनाव कम करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
कच्चा तेल का ताजा भाव
| कमोडिटी | मौजूदा कीमत (Actual) | बदलाव (Chg) | प्रतिशत बदलाव (%Chg) |
|---|---|---|---|
| कच्चा तेल (Crude Oil) | 71.410 | -0.67 | -0.93% |
| ब्रेंट क्रूड (Brent) | 76.010 | -0.29 | -0.38% |