ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- बातचीत फेल हुई तो जारी रहेगी बमबारी; ‘रेजीम चेंज’ के भी दिए संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए ‘रेजीम चेंज’ के संकेत दिए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि बातचीत नाकाम रही तो सैन्य कार्रवाई फिर तेज हो सकती है, हालांकि फिलहाल हमलों पर 5 दिन की रोक लगाई गई है. जानें राष्ट्रपति ने क्या कहा.
Trump on Iran and Regime Change: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक और बड़ा बयान सामने आया है, जिसने वैश्विक राजनीति में हलचल तेज कर दी है. ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि ईरान में “रेजीम चेंज” यानी सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है. साथ ही उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर बातचीत नाकाम होती है, तो सैन्य कार्रवाई फिर से तेज कर दी जाएगी.
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अमेरिका जिन लोगों से बातचीत कर रहा है, वे ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई नहीं हैं, बल्कि कुछ “तर्कसंगत और व्यावहारिक” लोग हैं. उनका दावा है कि इस संघर्ष के दौरान ईरान के कई शीर्ष अधिकारियों के मारे जाने के बाद वहां की सत्ता संरचना पहले ही कमजोर हो चुकी है, जिससे एक तरह से बदलाव की स्थिति बन गई है.
“जारी रहेगी बमबारी”
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि अगर बातचीत सफल नहीं होती, तो अमेरिका बमबारी जारी रखेगा. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में कुछ अहम बिंदुओं पर सहमति बनती दिख रही है, लेकिन इसके लिए ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम संवर्धन (enrichment) को पूरी तरह छोड़ना होगा.
ईरान ने किया इनकार!
हालांकि ईरान ने इस तरह की किसी भी बातचीत से इनकार किया है, लेकिन ट्रंप का दावा है कि बातचीत “उच्च स्तर” पर हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई ने ईरान की नेतृत्व संरचना को कई चरणों में कमजोर किया है और अब स्थिति निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है.
पावर प्लांट्स पर हमला नहीं करेगा अमेरिका!
इस बीच, ट्रंप ने हाल ही में ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर हमलों को पांच दिनों के लिए टालने का ऐलान किया है. यह फैसला उस समय आया, जब उन्होंने पहले चेतावनी दी थी कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोलता, तो उस पर हमला किया जाएगा.
ट्रंप ने पोस्ट कर दी जानकारी
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत “सकारात्मक और परिणाम देने वाली” रही है. उन्होंने कहा कि इन बातचीतों के रुख को देखते हुए फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला लिया गया है, लेकिन यह पूरी तरह बातचीत की सफलता पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें- ईरान ही नहीं… अमेरिका को भी भारी पड़ रही जंग! 800 मिलियन डॉलर का नुकसान, महंगी होती जा रही लड़ाई
