ईरान के नतांज न्यूक्लियर साइट पर फिर हमला, यूरेनियम केंद्र दूसरी बार बना निशाना, बढ़ा तनाव

ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर एयरस्ट्राइक के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है. हालांकि रेडिएशन लीक की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन इस हमले ने परमाणु युद्ध की आशंका को फिर चर्चा में ला दिया है. दुनिया भर में सुरक्षा और स्थिरता को लेकर चिंता गहराती दिख रही है.

प्रतिकात्मक तस्वीर Image Credit: MARK GARLICK/SPL/Getty Images

ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहा टकराव हर रोज एक खौफनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. तीन हफ्ते से चल रहा यह संघर्ष लगातार फैलता जा रहा है, जहां मिसाइल हमले, एयरस्ट्राइक और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. इस बीच दुनिया भर में एक बड़ा डर भी गहराता जा रहा है, कहीं यह तनाव परमाणु टकराव की दिशा में न बढ़ जाए. इसी बढ़ती अनिश्चितता के बीच अब ईरान के सबसे अहम परमाणु केंद्र नतांज पर फिर हमला होने की खबर सामने आई है.

ईरान की न्यूज एजेंसी मीजान ने शनिवार को रिपोर्ट किया है कि देश की परमाणु केंद्र नतांज (Natanz) पर एयरस्ट्राइक की गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि इस हमले के बाद किसी तरह के रेडिएशन लीक की पुष्टि नहीं हुई है. यह केंद्र ईरान का मुख्य यूरेनियम संवर्धन (enrichment) स्थल माना जाता है.

पहले भी बन चुका है निशाना

यह वही साइट है, जिसे जून 2025 में ईरान-इजराइल के बीच 12 दिन चले संघर्ष के दौरान भी निशाना बनाया गया था. सैटेलाइट तस्वीरों में उस समय कई इमारतों को नुकसान पहुंचने के संकेत मिले थे. नतांज परमाणु केंद्र राजधानी तेहरान से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है और ईरान के परमाणु कार्यक्रम का अहम हिस्सा माना जाता है.

यह भी पढ़ें: $107 पहुंचा कच्चा तेल! 35 साल के ट्रेंड से समझें अब कब मिलेगी राहत, महंगाई में सबसे ज्यादा झुलसते हैं ये सेक्टर्स

हमले के बाद राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह के रेडिएशन लीक की पुष्टि नहीं हुई है. इससे आसपास के लोगों के लिए तत्काल कोई खतरा नहीं बताया गया है.