भारत-चीन के बाद अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरेंगे जापान के जहाज! जानें किन-किन देशों को ईरान से मिला ग्रीन सिग्नल

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. भारत और चीन के बाद अब जापान के जहाजों को भी इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति मिल सकती है. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़े दबाव में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.

Strait Of Hormuz passage Image Credit: Canva/ Money9

Strait Of Hormuz passage: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है. ईरान ने संकेत दिया है कि वह जापान से जुड़े जहाजों को इस समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति दे सकता है. हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर उम्मीद जगी है. इससे पहले भारत, चीन, पाकिस्तान समेत कुछ देशों के जहाज को इस रास्ते से गुजरने की अनुमति मिली है.

ईरान का रुख और जापान से बातचीत

मिंट की एक अनुसार, ईरान जापान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि उसके जहाजों को इस मार्ग से गुजरने दिया जा सके. ईरान का कहना है कि जलडमरूमध्य पूरी तरह बंद नहीं है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगी देशों पर प्रतिबंध लागू हैं.

किन देशों के जहाजों को मिली अनुमति

अब तक भारत, पाकिस्तान, चीन और तुर्की जैसे देशों के कुछ जहाजों को विशेष अनुमति दी गई है.

  • भारत के कई एलपीजी टैंकरों को गुजरने की इजाजत मिली है.
  • पाकिस्तान का एक तेल टैंकर सफलतापूर्वक पार कर चुका है.
  • चीन के जहाजों को भी बड़ी संख्या में अनुमति मिली है.
  • तुर्की के एक जहाज को भी हाल ही में हरी झंडी मिली.

यह भी पढ़ें: 35 रुपये तक डिविडेंड देने जा रही ये कंपनी, अगले हफ्ते बोनस शेयर से लेकर स्टॉक स्प्लिट की बौछार, जानें रिकॉर्ड डेट

समुद्री ट्रैफिक में भारी गिरावट

मार्च के पहले दो हफ्तों में केवल लगभग 90 जहाज ही इस मार्ग से गुजर पाए, जो सामान्य समय की तुलना में बहुत कम है. गौर करने वाली बात यह है कि इस रास्ते से निकलने वाले जहाजों में अधिकांश व्यापारिक जहाज भारत, चीन और पाक के ही रहे हैं. बढ़ते खतरे और हमलों की आशंका के कारण कई जहाज इस रास्ते से बच रहे हैं. ईरान का कहना है कि यह समुद्री रास्ता अमेरिका और उसके सहयोगी को छोड़कर सबके लिए खुला है.

यूरोपीय देशों की भी कोशिशें

फ्रांस और इटली जैसे यूरोपीय देश भी अपने जहाजों के लिए ईरान से बातचीत कर रहे हैं. इससे साफ है कि यह मुद्दा अब वैश्विक स्तर पर बड़ा कूटनीतिक विषय बन चुका है.

होर्मुज जलडमरूमध्य क्यों है अहम

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से लगभग 20% वैश्विक कच्चा तेल गुजरता है. इस मार्ग के बंद होने से पूरी दुनिया में तेल संकट गहरा गया है और इसे दशकों का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है.