भारत से लेकर यूरोप तक गैस की किल्लत, लेकिन अमेरिका में क्या है हाल, जानें ट्रंप के लिए कैसे हालात

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब पूरी दुनिया की तरह अमेरिका के आम लोगों पर भी दिखने लगा है. कच्चे तेल की कीमत 67 डॉलर से बढ़कर करीब 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जबकि कुछ समय के लिए यह 120 डॉलर के करीब भी चली गई थी. इसका सीधा असर अमेरिका में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ा है.

अमेरिका में पेट्रोल-डीजल की कीमत महंगा हुई हैं. Image Credit:

Energy Crisis: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते पूरी दुनिया में एनर्जी संकट पैदा हो गया है. इसके चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत 67 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 100 डॉलर तक पहुंच गई है. कुछ समय के लिए यह 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब भी पहुंच गई थी. भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश, यूरोप सहित दुनिया भर के कई देश इस संकट से जूझ रहे हैं.

पाकिस्तान में हालात ज्यादा खराब हैं और वहां की सरकार ने इससे निपटने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं. भारत में भी जगह-जगह से पेट्रोल, डीजल और LPG की कमी की खबरें आ रही हैं. ऐसा नहीं है कि इस संकट से सिर्फ यही देश जूझ रहे हैं. इस युद्ध को शुरू करने वाले अमेरिका में भी इसकी आंच पहुंची है. वहां भी पेट्रोल-डीजल सहित अन्य गैसोलीन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिसकी वजह से वहां की आम जनता भी परेशान है.

पेट्रोल की कीमतों में तेज उछाल

इस युद्ध के चलते ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर ईरान से हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका में भी देखने को मिल रहा है. CBS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत लगभग 3.48 डॉलर प्रति गैलन पहुंच गई है. एक महीने पहले तक यह कीमत करीब 2.90 डॉलर प्रति गैलन थी. यानी महज एक महीने में ही कीमतों में 58 सेंट प्रति गैलन की बढ़ोतरी हो चुकी है.

राज्यवार कीमतें अलग-अलग

राष्ट्रीय औसत के अलावा अगर राज्यवार आंकड़ों को देखें तो स्थिति और भी गंभीर दिखाई देती है. कैलिफोर्निया में पेट्रोल करीब 5.20 डॉलर प्रति गैलन है, जबकि वॉशिंगटन स्टेट में यह लगभग 4.63 डॉलर प्रति गैलन पहुंच गया है. वहीं कैनसस में सबसे कम कीमत करीब 2.92 डॉलर प्रति गैलन दर्ज की गई है.

डीजल की कीमत भी तेजी से बढ़ी

पेट्रोल के अलावा डीजल की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. अमेरिका में डीजल की औसत कीमत 4.66 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई है. पिछले एक हफ्ते में ही इसमें करीब 89 सेंट की बढ़ोतरी हुई है. डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ने का खतरा है, जिसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें- ड्रोन अटैक के बाद UAE की Ruwais रिफाइनरी बंद, मिडिल ईस्ट टेंशन से तेल सप्लाई पर मंडराया संकट

आम अमेरिकी नागरिकों में भारी नाराजगी

CBS की रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम अमेरिकी नागरिकों में गुस्सा देखा जा रहा है. तेल भरवाने के लिए लोगों को कई किलोमीटर दूर तक सफर करना पड़ रहा है. इसका असर हवाई यात्रा पर भी देखने को मिल रहा है. लोअर इनकम ग्रुप पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है. कई जानकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं, जिससे देश में महंगाई और बढ़ सकती है.

Latest Stories