28 जुलाई को लॉन्च होगी नई Toyota Hilux, नए लुक के साथ मिल सकता है ADAS और डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले
Toyota 28 जुलाई को भारत में नई 9th Generation Hilux लॉन्च करने जा रही है. नए मॉडल में बदला हुआ एक्सटीरियर, डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले, ADAS, 360-डिग्री कैमरा और कई नए प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है. हालांकि इसमें मौजूदा 2.8-लीटर डीजल इंजन बरकरार रह सकता है. नई Hilux की कीमत मौजूदा मॉडल से अधिक हो सकती है.
जापानी कार निर्माता कंपनी टोयोटा भारतीय बाजार में अपनी बेहद लोकप्रिय और दमदार पिकअप ट्रक हिलक्स का नेक्स्ट-जनरेशन मॉडल उतारने की तैयारी कर रही है. नई 9th-जेन टोयोटा हिलक्स (Ninth-gen Toyota Hilux) 28 जुलाई 2026 को भारत में लॉन्च होने जा रही है. इस नए अपडेट के साथ पिकअप ट्रक के एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, जो इसे पहले से कहीं ज्यादा आधुनिक और मस्कुलर बनाएंगे.
कैसा होगा नया लुक और डिजाइन?
नई हिलक्स के बाहरी डिजाइन में कई अहम बदलाव किए गए हैं. तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके फ्रंट में अब पुराना हेक्सागोनल ग्रिल नहीं दिखेगा, बल्कि उसकी जगह बॉडी-कलर हनीकॉम्ब पैटर्न ग्रिल दी जाएगी. इसके साथ ही इसमें स्लिम एलईडी हेडलाइट्स, रफ-एंड-टफ दिखने वाला बंपर और एक मजबूत स्किड प्लेट मिलेगी.
साइड प्रोफाइल काफी हद तक पुराने मॉडल जैसा ही है, लेकिन इसमें नए अलॉय व्हील्स और चौकोर व्हील आर्चेस दिए गए हैं. पीछे की तरफ नया बंपर, संशोधित एलईडी टेल-लैंप्स और टोयोटा लोगो की जगह ‘TOYOTA’ लिखा हुआ मिलेगा. हालांकि, यह पहले की तरह ही मजबूत IMV बॉडी-ऑन-फ्रेम प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी.
प्रीमियम और फीचर्स से लोडेड इंटीरियर
केबिन के अंदर कदम रखते ही आपको बिल्कुल नया और आधुनिक माहौल मिलेगा. ऑटोकार इंडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि, डैशबोर्ड को रीडिजाइन किया गया है, जिसमें नया स्टीयरिंग व्हील और अपडेटेड सेंटर कंसोल शामिल है. सबसे बड़ा आकर्षण इसमें मिलने वाली दो 12.3-इंच की स्क्रीन्स (इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए) हैं.
अच्छी बात यह है कि टोयोटा ने जरूरी फीचर्स के लिए फिजिकल बटन्स को बरकरार रखा है. सेफ्टी और कम्फर्ट के लिए इसमें 360-डिग्री कैमरा, ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम), पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है.
इंजन और पावर में क्या होगा खास?
परफॉर्मेंस की बात करें तो नई हिलक्स में मौजूदा 2.8-लीटर डीजल इंजन मिलना जारी रहेगा, जो 204hp की पावर और 500Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 4WD (फोर-व्हील ड्राइव) का विकल्प मिलेगा. कयास लगाए जा रहे हैं कि फॉर्च्यूनर की तरह इस इंजन को 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम से भी जोड़ा जा सकता है. हालांकि, इसके 59.2kWh बैटरी वाले इलेक्ट्रिक वर्जन (Hilux EV) के भारत आने पर अभी सस्पेंस है.
यह भी पढ़ें: Creta Electric खरीदना हुआ आसान, Hyundai ने लॉन्च किया BaaS मॉडल; 11 लाख रुपये में मिलेगी चमचमाती कार
क्या होगी कीमत?
इतने सारे बदलावों और नए फीचर्स के बाद नई हिलक्स की कीमतें बढ़ना तय है. मौजूदा 8th-जनरेशन मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 28.52 लाख रुपये से 36 लाख रुपये के बीच है, नया मॉडल इससे थोड़ा महंगा होगा.
Latest Stories
Creta Electric खरीदना हुआ आसान, Hyundai ने लॉन्च किया BaaS मॉडल; 11 लाख रुपये में मिलेगी चमचमाती कार
2030 तक पेट्रोल गाड़ियों की जगह दौड़ेंगी 35 लाख EVs, कच्चे तेल का इंपोर्ट बिल होगा कम; बचेंगे 1 लाख करोड़ रुपये
Kia Seltos का नया धमाका! लॉन्च हुए धांसू फीचर्स वाले दो नए टॉप वेरिएंट्स, कीमत ₹21.57 लाख से शुरू
