कार की बैटरी के लिए भारी पड़ सकती हैं ये छोटी गलतियां, बीच रास्ते में मिल सकता है धोखा; ऐसे बढ़ाएं परफॉर्मेंस
कार बैटरी की सही देखभाल न करने पर बीच रास्ते में परेशानी हो सकती है और माइलेज भी प्रभावित होता है. कमजोर बैटरी से अल्टरनेटर पर अतिरिक्त लोड पड़ता है, जिससे फ्यूल की खपत बढ़ती है. बैटरी का वाटर लेवल हर 3 महीने में जांचना, ओवरफिलिंग से बचना और टर्मिनल पर जमी करोजन को साफ रखना जरूरी है.
Car Battery Maintenance Tips: कई बार ऐसा होता है कि हम सफर पर निकलते हैं और कार की बैटरी रास्ते में धोखा दे देती है. लेकिन आज हम आपको वह जरूरी जानकारी दे रहे हैं, जिससे आपकी कार की बैटरी बीच रास्ते में दगा नहीं देगी. बैटरी का सीधा असर गाड़ी के अल्टरनेटर और इंजन पर पड़ता है, जिसका प्रभाव आपकी जेब पर भी दिखाई देता है. अगर बैटरी सही स्थिति में हो, तो इंजन पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और ईंधन की खपत नियंत्रित रहती है.
सही बैटरी से माइलेज कैसे बढ़ता है?
अक्सर लोग पूछते हैं कि बैटरी का माइलेज से क्या संबंध है. अगर बैटरी कमजोर है या उसमें करंट कम है, तो इंजन का अल्टरनेटर उसे लगातार चार्ज करने में अधिक मेहनत करता है. अल्टरनेटर पर बढ़ा लोड इंजन से अतिरिक्त ताकत खींचता है, जिससे ज्यादा फ्यूल जलता है. इसलिए अच्छी बैटरी का मतलब है इंजन पर कम दबाव और बेहतर माइलेज.
बैटरी में पानी भरने का सही तरीका
हर 3 महीने में बैटरी का वाटर लेवल जांचें. जब भी टॉप-अप करें, गाड़ी स्टार्ट करने के बाद ही करें, ताकि पानी और एसिड का मिश्रण तुरंत संतुलित हो जाए. पानी हमेशा 3/4 स्तर तक ही भरें, इससे ऊपर बिल्कुल न भरें.
ज्यादा पानी भरने के नुकसान
अगर बैटरी में जरूरत से ज्यादा पानी भर दिया जाए, तो चार्जिंग के दौरान गैस बनने से बैटरी फूल सकती है या फट भी सकती है. ओवरफ्लो हुआ एसिड इंजन बॉडी या वायरिंग पर गिरकर जंग पैदा कर सकता है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है.
सफेद काई यानी करोजन को न करें नजरअंदाज
बैटरी टर्मिनल पर जमी सफेद काई करंट के बहाव में रुकावट पैदा करती है. इससे बैटरी सही तरीके से चार्ज नहीं होती और सेल्फ स्टार्टर तथा इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. टर्मिनल को समय-समय पर साफ करें और जरूरत हो तो ओरिजनल कोटिंग स्प्रे से कोटिंग करें, ताकि जंग न लगे और टर्मिनल लूज न हों.
स्टार्ट करने से पहले और बंद करने के बाद सावधानी
गाड़ी स्टार्ट करने से पहले एसी, म्यूजिक सिस्टम या लाइट ऑन न रखें. स्टार्टर मोटर को इंजन घुमाने के लिए अधिक करंट की जरूरत होती है. अगर पहले से लोड ऑन होगा, तो बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा. इसी तरह, इंजन बंद करने से पहले सभी इलेक्ट्रिक उपकरण ऑफ कर दें.
खड़ी गाड़ी में सिस्टम न चलाएं
इंजन बंद करके लंबे समय तक म्यूजिक या ब्लोअर चलाना बैटरी को तेजी से डिस्चार्ज करता है. बिना इंजन चले बैटरी चार्ज नहीं होती, जिससे उसकी प्लेट्स कमजोर हो जाती हैं और उम्र कम हो जाती है. इन छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखें और अपनी गाड़ी को हमेशा फिट रखें.
यह भी पढ़ें: ₹50 हजार तक सस्ती होगी नई Triumph! अप्रैल 2026 में आ रही 350cc की सबसे किफायती प्रीमियम बाइक
