कार सर्विस कराने जा रहे हैं? ये 4 छोटी बातें बचा सकती हैं हजारों रुपये; नहीं होगा फालतू खर्च

अगर आप कार की सर्विस कराने जा रहे हैं तो कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना आपकी जेब को फालतू खर्च से बचा सकता है. वर्कशॉप जाने से पहले कार की सभी समस्याओं की लिस्ट बनाना, सर्विस के दौरान गाड़ी पर नजर रखना बेहद जरूरी है. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप कार की बेहतर सर्विस करा सकते हैं और अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं.

कार सर्विस टिप्स Image Credit: AI/canva

Car Service Tips: कार की सर्विस कराना हर वाहन मालिक के लिए जरूरी होता है. हालांकि कई बार लोग बिना तैयारी के वर्कशॉप पहुंच जाते हैं और बाद में उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है. थोड़ी सी समझदारी और जागरूकता से आप न सिर्फ अपनी कार की बेहतर सर्विस करा सकते हैं, बल्कि फालतू खर्च से भी बच सकते हैं. अगर आप अपनी गाड़ी की सर्विस कराने जा रहे हैं, तो इन जरूरी बातों को जरूर ध्यान में रखें.

घर से निकलने से पहले समस्याओं की लिस्ट बनाएं

वर्कशॉप जाने से पहले कार में आने वाली सभी छोटी-बड़ी समस्याओं को नोट कर लें. जैसे इंजन से आवाज आना, ब्रेक ढीले लगना, स्टीयरिंग में कंपन या किसी हिस्से से अजीब आवाज आना. इन सभी बातों को एक कागज पर लिख लें और वर्कशॉप पहुंचकर मैकेनिक को यह लिस्ट दे दें. इससे सर्विस के दौरान कोई समस्या नजरअंदाज नहीं होगी.

सर्विस के समय गाड़ी पर रखें नजर

अक्सर लोग गाड़ी वर्कशॉप में छोड़कर चले जाते हैं, लेकिन ऐसा करना हमेशा सही नहीं होता. अगर संभव हो तो सर्विस के दौरान खुद वहां मौजूद रहें. जब ग्राहक सामने होता है, तो मैकेनिक भी ज्यादा सावधानी से काम करता है और लापरवाही की संभावना कम हो जाती है. इससे आपको यह भरोसा भी रहता है कि गाड़ी पर सही तरीके से काम हो रहा है.

पार्ट और ऑयल की क्वालिटी जरूर पूछें

अगर सर्विस के दौरान कोई पार्ट या इंजन ऑयल बदला जा रहा है, तो उसके ब्रांड और क्वालिटी के बारे में जरूर पूछें. कई बार कम कीमत वाले या कम क्वालिटी के पार्ट्स इस्तेमाल कर दिए जाते हैं, जिससे गाड़ी की परफॉर्मेंस पर असर पड़ सकता है. इसलिए हमेशा अच्छी क्वालिटी के पार्ट्स और ऑयल का इस्तेमाल कराने पर जोर दें.

बिल को ध्यान से जांचें

सर्विस पूरी होने के बाद जब बिल दिया जाए, तो उसे ध्यान से पढ़ें. यह देखें कि बिल में जो चार्ज जोड़े गए हैं, वे वास्तव में किए गए काम के मुताबिक हैं या नहीं. कई बार अनजाने में अतिरिक्त चार्ज भी जोड़ दिए जाते हैं. बिल को ध्यान से जांचने से आप फालतू खर्च से बच सकते हैं.

यह भी पढ़ें: PNG कनेक्शन वालों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, पेट्रोलियम मंत्रालय का बड़ा फैसला; बदले नियम