PNG कनेक्शन वालों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, पेट्रोलियम मंत्रालय का बड़ा फैसला; बदले नियम
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू गैस सप्लाई से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए संशोधन के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उन्हें अब LPG सिलेंडर रखने, नया कनेक्शन लेने या रिफिल कराने की अनुमति नहीं होगी. सरकार ने तेल कंपनियों को भी ऐसे उपभोक्ताओं को LPG कनेक्शन या रिफिल देने से रोकने के निर्देश दिए हैं.
PNG Holder Not get LPG: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू गैस सप्लाई को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने नियमों में संशोधन करते हुए कहा है कि जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, वे अब घरेलू LPG सिलेंडर को न तो अपने पास रख सकेंगे, न ही नया कनेक्शन ले सकेंगे और न ही उसे रिफिल करा सकेंगे. मंत्रालय ने शनिवार, 14 मार्च को जारी बयान में बताया कि सप्लाई ऑर्डर में किए गए संशोधन के तहत यह नया नियम लागू किया गया है. इसके अनुसार जिन घरों में पहले से PNG कनेक्शन मौजूद है, उन्हें LPG सिलेंडर का लाभ लेने की अनुमति नहीं होगी.
तेल कंपनियों को भी निर्देश
इसके अलावा, संशोधित नियमों के तहत सरकारी तेल कंपनियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को नया LPG कनेक्शन या रिफिल उपलब्ध न कराएं. सरकार का मानना है कि इस कदम से घरेलू गैस वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी और गैस संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा.
LPG सप्लाई पर बढ़ा दबाव
दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG उपभोक्ता भारत अपनी जरूरतों का करीब 90 फीसदी हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है. लेकिन मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से गैस सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है. आंकड़ों के मुताबिक, 9 मार्च से शुरू हुए सप्ताह में भारत में LPG की शिपमेंट लगभग 2,70,000 टन रहने का अनुमान है, जो अप्रैल 2023 के बाद सबसे निचला स्तर माना जा रहा है. Kpler के डेटा के अनुसार मिडिल ईस्ट से आने वाली सप्लाई लगभग रुक गई है. इसकी बड़ी वजह यह है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक बेहद अहम समुद्री मार्ग है. इस रास्ते से खाड़ी देशों से बड़ी मात्रा में तेल और गैस दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचती है.
सरकार वैकल्पिक सप्लाई की तलाश में
तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में संसद में बताया कि सरकार ने स्थिति को देखते हुए कई देशों से अतिरिक्त LPG कार्गो की व्यवस्था करने की कोशिश शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से अतिरिक्त सप्लाई हासिल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. इसके साथ ही भारत सरकार ईरान के साथ भी बातचीत कर रही है, ताकि भारत की ओर आने वाले जहाजों को सुरक्षित रास्ता मिल सके और सप्लाई बाधित न हो. हालांकि, कुछ हद तक भारत की बातचीत रंग भी लाई है.
बातचीत रंग लाई!
सरकार ने शनिवार को अपनी आधिकारिक बयान में बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से दो एलपीजी जहाज को सुरक्षित रूप से निकाला गया है. इन जहाजों में करीब 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी लदी हुई है. शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने शनिवार को जानकारी दी कि Shivalik और Nanda Devi नाम की ये दोनों जहाज अब भारत की बढ़ रहे हैं.
घरेलू उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
सरकार ने घरेलू स्तर पर भी आपूर्ति बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं. तेल मंत्री के मुताबिक रिफाइनरियों को LPG का उत्पादन अधिकतम स्तर तक बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे घरेलू उत्पादन में करीब 28 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. सरकार का मानना है कि आयात में संभावित कमी की स्थिति में घरेलू उत्पादन बढ़ाकर आपूर्ति संतुलन बनाए रखा जा सकता है.
गैस की कीमतों में भी हुई बढ़ोतरी
बढ़ती मांग और सप्लाई के दबाव को देखते हुए सरकार ने 7 मार्च को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में करीब 7 फीसदी की बढ़ोतरी भी की थी. लगभग एक साल बाद पहली बार कीमतों में यह इजाफा किया गया. नई दरों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत बढ़कर 913 रुपये हो गई है, जो देश के अधिकांश मध्यम वर्गीय परिवारों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है.
ये भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकले LPG जहाज शिवालिक और नंदा देवी, 16-17 मार्च को पहुंचेंगे भारत; सरकार ने दी जानकारी
Latest Stories
बोतलों में तेल लेने वालों की खैर नहीं, मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी; नियम तोड़ने पर पट्रोल पंपों पर होगी कार्रवाई
होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकले LPG जहाज शिवालिक और नंदा देवी, 16-17 मार्च को पहुंचेंगे भारत; सरकार ने दी जानकारी
Air India-IndiGo के बाद अब Akasa Air ने भी मंहगे किए टिकट, 15 मार्च से ₹1300 तक लगेगा फ्यूल सरचार्ज
