दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG! 48 घंटे में दूसरी बार बढ़े दाम, पहली बार ₹80 के पार पहुंची कीमत

दिल्ली-NCR में CNG एक बार फिर महंगी हो गई है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने 48 घंटे के भीतर दूसरी बार कीमतें बढ़ाते हुए CNG पर 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है. वैश्विक कच्चे तेल संकट और स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज में तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल के बाद अब गैस की कीमतों ने भी आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

CNG (सीएनजी) की कीमत

दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी (CNG) पर चलने वाले वाहन चालकों की जेब पर बोझ और बढ़ गया है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने रविवार को सीएनजी की कीमतों में ₹1 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है. पिछले 48 घंटों के भीतर यह लगातार दूसरी बढ़ोतरी है, जिसने दिल्ली में सीएनजी के दामों को पहली बार ₹80 के स्तर के पार पहुंचा दिया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब सीधे आम जनता की जेब पर दिखने लगा है.

दिल्ली-NCR में सीएनजी के नए रेट्स

ताजा संशोधन के बाद अब आपके शहर में सीएनजी की कीमतें इस प्रकार हैं:

  • दिल्ली: ₹80.09 प्रति किलोग्राम
  • नोएडा और गाजियाबाद: ₹88.70 प्रति किलोग्राम

इससे पहले 15 मई को भी आईजीएल ने सीएनजी के दामों में ₹2 प्रति किलोग्राम का इजाफा किया था, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत ₹79.09 हो गई थी. अब रविवार को हुई ₹1 की अतिरिक्त बढ़ोतरी के बाद दाम ₹80.09 पर पहुंच गए हैं.

पेट्रोल और डीजल भी हो चुके हैं महंगे

मई 15 को केवल सीएनजी ही नहीं, बल्कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बड़ा उछाल आया था. केंद्र सरकार ने देशभर में ईंधन की कीमतों में संशोधन किया था, जिसके बाद दिल्ली में कीमतें इस स्तर पर पहुंच गईं:

  • पेट्रोल: करीब ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी के साथ ₹97.77 प्रति लीटर.
  • डीजल: करीब ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी के साथ ₹90.67 प्रति लीटर.

क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?

ईंधन के दामों में आ रही इस तेजी की मुख्य वजह वैश्विक तनाव है. पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी संघर्ष के कारण दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी चल रही है. वैश्विक तेल और गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से होता है. इस सप्लाई चेन में रुकावट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड (कच्चा तेल) $100 प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं.

यह भी पढ़ें: सोने के बाद अब चांदी पर भी सरकार की सख्ती, लाइसेंस के बिना नहीं हो सकेगा इंपोर्ट, देखें डिटेल

क्या है सरकार का तर्क

ईंधन की बढ़ती कीमतों पर टिप्पणी करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि वैश्विक बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत सरकार ने आम जनता को बड़ी महंगाई से बचाने की कोशिश की है. उन्होंने कहा:

  • दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम 20% से लेकर 100% तक बढ़ गए हैं.
  • इसके मुकाबले भारत में पेट्रोल में सिर्फ 3.2% और डीजल में 3.4% की ही बढ़ोतरी की गई है.
  • कच्चा तेल $100 के पार जाने के बाद भी भारतीय सरकारी तेल कंपनियों ने नागरिकों को राहत देने के लिए हफ्तों तक खुद नुकसान झेला है.