Hyundai EXTER का नया अवतार लॉन्च, ₹5.79 लाख से शुरू; दमदार फीचर्स और 6 एयरबैग के साथ एंट्री
Hyundai ने अपनी कॉम्पैक्ट SUV EXTER का अपडेटेड मॉडल भारत में लॉन्च किया है. नई EXTER में बोल्ड डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर सेफ्टी फीचर्स के साथ 5.79 लाख रुपये की शुरुआती कीमत रखी गई है. इससे इतर, जानें हुंडई की नई एक्सटर का मुकाबला बाजार में किससे होगा.
SUV Hyundai Exter Launched: Hyundai Motor India Ltd (HMIL) ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Hyundai EXTER का नया अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है. नई EXTER को कंपनी ने ज्यादा बोल्ड डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर सेफ्टी फीचर्स के साथ पेश किया है. इसकी शुरुआती कीमत 5.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जिससे यह खासतौर पर युवा ग्राहकों और फैमिली यूजर्स को टारगेट करती है. कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने लॉन्च के दौरान कहा कि EXTER को लॉन्च के बाद से अब तक 2 लाख से ज्यादा ग्राहकों का भरोसा मिला है. उन्होंने बताया कि नया मॉडल ‘Drive to Shine’ फिलॉसफी के साथ आता है, जिसमें स्टाइल, प्रैक्टिकलिटी और टेक्नोलॉजी का बेहतर संतुलन देखने को मिलता है.
डिजाइन में ज्यादा दम, रोड प्रेजेंस बेहतर
नई EXTER के एक्सटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं, जिससे इसकी SUV अपील और मजबूत हो गई है. इसमें नया और चौड़ा फ्रंट लुक, अपडेटेड बंपर, ब्लैक रेडिएटर ग्रिल और R15 डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसके अलावा रियर प्रोफाइल को भी शार्प बनाया गया है, जिसमें नया टेलगेट और C-पिलर गार्निश शामिल है. व्हील आर्च क्लैडिंग और स्पोर्टी विंग-टाइप स्पॉइलर इसे और एग्रेसिव लुक देते हैं. साइज की बात करें तो यह SUV 3,830 mm लंबी, 1,723 mm चौड़ी और 1,643 mm ऊंची है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,450 mm है. अपने सेगमेंट में बेहतर हाइट और व्हीलबेस के चलते इसमें अच्छा हेडरूम और कंफर्ट मिलता है.
इंटीरियर में प्रीमियम टच और ज्यादा स्पेस
कार के अंदर ड्यूल-टोन नेवी और ग्रे थीम दी गई है, जो केबिन को प्रीमियम फील देती है. 3D कार्बन-पैटर्न डैशबोर्ड, D-कट स्टीयरिंग व्हील और मेटल पैडल्स जैसे फीचर्स इसे स्पोर्टी बनाते हैं. इसके अलावा ड्राइवर आर्मरेस्ट, सीट हाइट एडजस्टमेंट और रियर हेडरेस्ट जैसे प्रैक्टिकल फीचर्स भी दिए गए हैं. बूट स्पेस 391 लीटर का है, जो डेली यूज और ट्रैवल दोनों के लिए पर्याप्त है.
टेक्नोलॉजी में बड़ा अपग्रेड
नई EXTER में कई एडवांस टेक फीचर्स जोड़े गए हैं. इसमें सेगमेंट-फर्स्ट डैशकैम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, रियर सीट के लिए Type-C USB पोर्ट और 60 से ज्यादा Bluelink कनेक्टेड फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा, 300 से ज्यादा वॉइस कमांड्स ऑफलाइन भी काम करते हैं, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और बेहतर होता है. इलेक्ट्रिक सनरूफ, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और OTA अपडेट जैसे फीचर्स भी इसमें मौजूद हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
Hyundai EXTER में 1.2-लीटर Kappa पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो मैनुअल और AMT दोनों ट्रांसमिशन ऑप्शन के साथ आता है. यह इंजन स्मूथ और एफिशिएंट ड्राइविंग का एक्सपीरिएंस देता है. इसके अलावा Hy-CNG Duo वेरिएंट भी उपलब्ध है, जिसमें डुअल सिलेंडर सेटअप और अंडरबॉडी स्पेयर टायर दिया गया है, जिससे बूट स्पेस बेहतर बना रहता है.
सेफ्टी पर खास फोकस
सेफ्टी के मामले में Hyundai ने इस SUV को काफी मजबूत बनाया है. इसमें 45 से ज्यादा एडवांस सेफ्टी फीचर्स और 30 स्टैंडर्ड फीचर्स दिए गए हैं. सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं.
कीमत और वेरिएंट्स
नई EXTER पांच वेरिएंट्स में उपलब्ध है- Authentic, Evolution, Techno, Techno+ और Iconic. पेट्रोल वर्जन की कीमत 5.79 लाख रुपये से शुरू होकर 9.41 लाख रुपये तक जाती है, जबकि CNG वेरिएंट्स 6.99 लाख रुपये से 9.40 लाख रुपये के बीच आते हैं. कार को सात मोनोटोन और एक ड्यूल-टोन कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. ग्राहक इसे 11,000 रुपये की शुरुआती राशि देकर ऑनलाइन या डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Renault Duster के rival में कौन है सस्ती कार, किसका कितना वेटिंग पिरियड, यहां चेक करें डिटेल
