Tata, Mercedes-Benz और Audi के बाद अब BMW की गाड़ियां भी महंगी, 1 अप्रैल से इतना बढ़ जाएगा दाम

BMW ग्रुप इंडिया ने बढ़ती लागत और रुपये की कमजोरी के चलते 1 अप्रैल 2026 से अपनी कारों की कीमतों में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है. यह फैसला BMW और MINI दोनों ब्रांड्स पर लागू होगा. इससे पहले कई दूसरी ऑटो कंपनियों ने भी रेट में बढ़ोतरी की बात कह चुकी हैं.

बीएमडब्ल्यू इंडिया ने बढ़ाए दाम Image Credit: @Money9live

BMW India to Surge Price: BMW ग्रुप इंडिया ने अपने ग्राहकों के लिए एक अहम घोषणा करते हुए बताया है कि कंपनी 1 अप्रैल 2026 से अपने सभी वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. यह बढ़ोतरी अधिकतम 2 फीसदी तक होगी और BMW के साथ-साथ MINI ब्रांड की गाड़ियों पर भी लागू होगी. कंपनी का कहना है कि यह फैसला बढ़ती लागत के दबाव को संतुलित करने के लिए लिया गया है.

क्यों बढ़ रहा भाव?

दरअसल, हाल के महीनों में लॉजिस्टिक्स खर्च, कच्चे माल की कीमतों में इजाफा और रुपये की कमजोरी ने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर काफी असर डाला है. इन सभी कारणों से वाहनों के प्रोडक्शन और डिलीवरी की लागत बढ़ गई है, जिसे देखते हुए BMW ने अपने प्राइस स्ट्रक्चर में बदलाव करने का फैसला लिया है. कंपनी का मानना है कि इस सीमित बढ़ोतरी के जरिए वह अपने प्रीमियम प्रोडक्ट्स और सर्विस की क्वालिटी को बरकरार रख पाएगी.

कंपनी ने क्या कहा?

BMW ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह ब्रार ने कहा कि कंपनी भारत में लग्जरी कार सेगमेंट में लगातार नए मानक स्थापित कर रही है और ग्राहकों से उसे मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बढ़ती लागत और रुपये के अवमूल्यन के चलते कीमतों में यह समायोजन जरूरी हो गया था. उनके अनुसार, इस कदम से कंपनी अपने ग्राहकों को बेहतर परफॉर्मेंस, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और विश्वस्तरीय सर्विस देना जारी रख सकेगी. इससे इतर कंपनी भारत में अपनी पोर्टफोलियो को लगातार मजबूत कर रही है. BMW ने भारत में 18 मार्च को अपनी नई कार- M2 CS को लॉन्च किया था जिसकी कीमत 1.66 करोड़ रुपये है. 530 hp पावर के साथ इस कार का टॉप स्पीड 302kmph है. इसके बारे में पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

कई दूसरी कंपनियों ने भी की घोषणा

मालूम हो कि BMW अकेली कंपनी नहीं है जिसने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. इससे पहले मर्सिडीज-बेंज इंडिया और ऑडी इंडिया भी अप्रैल से अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर चुकी हैं. भारतीय कंपनियों की बात करें तो टाटा ग्रुप ने भी 1 अप्रैल, 2026 से कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में 1.5 फीसदी बढ़ोतरी करने की बात कर चुकी है. इससे साफ संकेत मिलता है कि पूरे लग्जरी कार सेगमेंट पर लागत का दबाव बढ़ रहा है और कंपनियां इसे ग्राहकों तक आंशिक रूप से ट्रांसफर करने को मजबूर हैं.

ये भी पढ़ें- Delhi EV Policy: इलेक्ट्रिक कार खरीदिए मिलेगा ₹1 लाख का फायदा! रोड टैक्स से रजिस्ट्रेशन तक में छूट