Tata Safari EV से लेकर Toyota Fortuner तक, भारत में लॉन्च होने जा रही 15 धांसू SUV; जानें क्या कुछ होने वाला है खास
भारत में आने वाले महीनों में Mahindra, Toyota, Tata Motors, MG, Honda, Skoda और Volkswagen जैसी बड़ी कंपनियां अपनी नई एसयूवी लॉन्च करने जा रही हैं. इनमें नई Toyota Fortuner, Mahindra Scorpio-N फेसलिफ्ट, Tata Safari EV और MG IM6 जैसे मॉडल शामिल हैं. पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सेगमेंट में लॉन्च होने वाली ये एसयूवी एडवांस फीचर्स, प्रीमियम डिजाइन और नई टेक्नोलॉजी के साथ बाजार में एंट्री करेंगी.

Upcoming SUVs India 2026: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एसयूवी की मांग लगातार तेजी से बढ़ रही है. यही वजह है कि आने वाले महीनों में कई बड़ी ऑटो कंपनियां भारत में नई और दमदार एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं. इनमें पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मॉडल्स शामिल हैं. खास बात यह है कि इस सूची में Mahindra, Toyota, Tata Motors, MG, Honda, Skoda और Volkswagen जैसी बड़ी कंपनियों की नई गाड़ियां शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार भारत में जल्द लॉन्च होने वाली 15 बड़ी एसयूवी में कई ऐसे मॉडल हैं, जिनका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है. इनमें नई पीढ़ी की Toyota Fortuner, Mahindra Scorpio-N फेसलिफ्ट, Tata Safari EV और MG IM6 जैसी गाड़ियां शामिल हैं.
Mahindra और Toyota की बड़ी तैयारी
Cartoq की रिपोर्ट के मुताबिक, Mahindra अपनी लोकप्रिय Scorpio-N का फेसलिफ्ट वर्जन लाने की तैयारी कर रही है. नई एसयूवी में बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.
कंपनी इसमें मौजूदा 2.2 लीटर डीजल और 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रख सकती है. इसके अलावा Mahindra Scorpio Classic का भी नया फेसलिफ्ट मॉडल आने की उम्मीद है. यह मॉडल खासतौर पर ग्रामीण और सेमी-अर्बन बाजार को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
वहीं Toyota अपनी नई जनरेशन Fortuner और Hilux पर काम कर रही है. नई Fortuner में बड़ा डिजाइन अपडेट, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और नया केबिन देखने को मिल सकता है. वहीं नई Hilux में ज्यादा बेहतर सस्पेंशन और एडवांस फीचर्स मिलने की संभावना है.
इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड एसयूवी पर फोकस
भारत में इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में भी बड़ा विस्तार देखने को मिलने वाला है. Tata Motors अपनी पहली तीन-रो वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी Safari EV लॉन्च करने की तैयारी में है. यह Acti.EV+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें 65kWh तथा 75kWh बैटरी पैक मिलने की संभावना है.
Mahindra भी अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 07 लॉन्च कर सकती है. यह INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें 59kWh से 79kWh तक के बैटरी विकल्प मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा MG Motor India भी अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी IM6 लॉन्च करने की तैयारी में है. यह Tesla Model Y और Kia EV6 जैसी गाड़ियों को टक्कर दे सकती है. कंपनी इसमें रियर व्हील ड्राइव और ऑल व्हील ड्राइव दोनों विकल्प दे सकती है.
Honda, Skoda और Jeep भी लाएंगे नए मॉडल
Honda 22 मई 2026 को नई ZR-V हाइब्रिड एसयूवी लॉन्च कर सकती है. इसमें 2.0 लीटर हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है. वहीं Skoda भारत में Kodiaq RS और डीजल Kodiaq लॉन्च करने की तैयारी में है. दूसरी ओर Jeep Meridian में पहली बार टर्बो पेट्रोल इंजन दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.
एसयूवी बाजार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा
आने वाले समय में भारतीय एसयूवी बाजार और ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकता है. कंपनियां अब केवल डिजाइन और पावर पर नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी, सेफ्टी, इलेक्ट्रिफिकेशन और प्रीमियम फीचर्स पर भी फोकस कर रही हैं. भारत में बढ़ती एसयूवी मांग और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच आने वाले महीनों में ऑटो सेक्टर में कई बड़े लॉन्च देखने को मिल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में SME कंपनियों का बड़ा दांव, अगले सप्ताह निवेशकों के सामने खुलेंगे 4 नए IPO; 2 की होगी लिस्टिंग