मैगी में कीड़े, KFC की स्वच्छता पर सवाल! FSSAI ने Nestle, KFC और Flipkart को भेजा नोटिस

FSSAI ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई उपभोक्ता शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नेस्ले इंडिया, KFC, फ्लिपकार्ट और ओपन सीक्रेट को नोटिस जारी किया है. मैगी नूडल्स के पैकेट में कीड़े मिलने, KFC आउटलेट में स्वच्छता संबंधी खामियों और फ्लिपकार्ट मिनट्स के जरिए डिलीवर किए गए एक फूड प्रोडक्ट में कीड़े मिलने के आरोपों की जांच की जा रही है.

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया Image Credit: tv9 bharatvarsh

FSSAI Notice: देश में फूड सेफ्टी और स्वच्छता मानकों को लेकर निगरानी और सख्त होती दिखाई दे रही है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई कई उपभोक्ता शिकायतों का संज्ञान लेते हुए KFC, नेस्ले इंडिया, फ्लिपकार्ट और खाद्य ब्रांड ओपन सीक्रेट को नोटिस जारी किया है. इन शिकायतों में खाद्य प्रोडक्ट्स में कीड़े मिलने, स्वच्छता संबंधी खामियों और क्वालिटी कंट्रोल से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे.

मैगी पैकेट में कीड़े मिलने की शिकायत

FSSAI द्वारा जारी नोटिसों में एक नोटिस नेस्ले इंडिया को भेजा गया है. एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें एक उपभोक्ता ने दावा किया था कि मैगी नूडल्स के एक पैकेट में कीड़े या लार्वा पाए गए हैं.

नियामक ने कंपनी से विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है. इसके तहत संबंधित बैच के वेंडर डिटेल्स, इंटरनल क्वालिटी चेक रिकॉर्ड, प्रभावित प्रोडक्ट्स को सप्लाई चेन से हटाने के लिए उठाए गए कदमों और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों की जानकारी मांगी गई है.

KFC आउटलेट की स्वच्छता पर सवाल

दूसरा मामला आंध्र प्रदेश के एलुरु स्थित MVR Mall में संचालित KFC आउटलेट से जुड़ा है. सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायतों में दावा किया गया था कि रेस्टोरेंट में स्वच्छता मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा है. इस मामले में FSSAI ने संबंधित आउटलेट से हाइजीन, सैनिटेशन, फूड हैंडलिंग, स्टोरेज, वेस्ट मैनेजमेंट, पेस्ट कंट्रोल और एम्प्लॉयी हाइजीन से जुड़ी जानकारियां मांगी हैं.

KFC का संचालन करने वाली देवयानी इंटरनेशनल ने कहा है कि वह नोटिस में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और FSSAI के समक्ष अपना पक्ष रखेगी. वहीं सैफायर फूड्स ने स्पष्ट किया है कि संबंधित स्टोर उसके संचालन में नहीं है.

फ्लिपकार्ट मिनट्स और ओपन सीक्रेट भी जांच के दायरे में

तीसरा मामला ओपन सीक्रेट के “अन-जंक्ड डेट्स” प्रोडक्ट से जुड़ा है, जिसे फ्लिपकार्ट मिनट्स के माध्यम से डिलीवर किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रोडक्ट के भीतर कीड़े पाए गए. इस मामले में FSSAI ने ओपन सीक्रेट और संबंधित पक्षों से क्वालिटी कंट्रोल रिकॉर्ड्स, प्रभावित प्रोडक्ट्स को सप्लाई चेन से हटाने के लिए उठाए गए कदमों और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की योजना की जानकारी मांगी है.

सोशल मीडिया शिकायतों पर बढ़ी निगरानी

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि FSSAI अब केवल पारंपरिक शिकायत प्रणाली पर निर्भर नहीं है. नियामक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रही उपभोक्ता शिकायतों की भी सक्रिय निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर प्रारंभिक जांच शुरू कर रहा है. डिजिटल युग में उपभोक्ता अपनी शिकायतें तेजी से सार्वजनिक कर रहे हैं, जिससे कंपनियों और नियामकों दोनों की जवाबदेही बढ़ी है.

यह भी पढ़ें: IFCI के शेयरों में 20% की तेजी, 52-वीक के नए हाई पर स्टॉक; NSE के IPO से क्या है कनेक्शन?