Gold-Silver Market Crash: सोना 1.61 लाख और चांदी 2.69 लाख पर फिसली, क्या ये खरीदारी का सही मौका?
वैश्विक बाजारों में कमजोरी, मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली में सोना 1,100 रुपये टूटकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया.
Gold and Silver Price Today: वैश्विक बाजारों में आई कमजोरी और डॉलर की बढ़ती मजबूती के चलते भारतीय सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने के दाम 1,100 रुपये टूटकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गए हैं. अमेरिकी डॉलर की सुरक्षित निवेश के रूप में बढ़ती मांग और अमेरिका-इरान के बीच जारी तनाव के बीच निवेशकों के रुख से कीमती धातुओं के बाजारों पर यह बड़ा दबाव देखा जा रहा है.
सोना 1,100 रुपये और चांदी 3,300 रुपये हुई सस्ती
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, बाजार में आज सोने और चांदी के भाव कुछ इस तरह रहे:
- सोने का नया भाव: 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,100 रुपये की गिरावट के साथ 1,61,300 रुपये प्रति 10 gram (सभी टैक्स सहित) पर आ गया. मंगलवार को यह 1,62,400 रुपये पर बंद हुआ था.
- चांदी की चमक भी फीकी: चांदी की कीमतों में भी 3,300 रुपये की बड़ी गिरावट आई, जिससे इसके दाम 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गए. पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,73,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी.
क्यों आई कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट?
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे कई बड़े अंतरराष्ट्रीय कारण काम कर रहे हैं:
- अमेरिका-इरान वार्ता में अनिश्चितता: एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर बनी अनिश्चितता से कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है. जल्द समझौता होने की उम्मीदें धुंधली होने से वैश्विक व्यापार प्रभावित होने और महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर रहने का डर है.
- ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कमजोर: महंगाई के इस डर से यह अनुमान मजबूत हुआ है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व (Fed) लंबे समय तक सख्त मौद्रिक नीति (कड़ी ब्याज दरें) जारी रख सकता है. यह स्थिति सोने-चांदी के लिए नकारात्मक मानी जाती है.
- मजबूत डॉलर का दबाव: कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला (एवीपी कमोडिटी रिसर्च) ने बताया कि दक्षिण ईरान में नए अमेरिकी हमलों के बाद सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर मजबूत हुआ है, जिससे सोने-चांदी में मंगलवार के बाद बुधवार को भी गिरावट जारी रही.
यह भी पढ़ें: सोना-चांदी के बाद अब कॉपर की बारी! 25 साल का इतिहास दे रहा बड़ा संकेत, AI-EV बूम देगा रिकॉर्ड ट्रिगर
ग्लोबल मार्केट का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बिकवाली का माहौल रहा. हाजिर सोना (Spot Gold) 1.03 प्रतिशत गिरकर 4,461.02 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी भी करीब 3 प्रतिशत टूटकर 74.96 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई.
अब निवेशकों की नजरें आज देर शाम आने वाले अमेरिकी रोजगार आंकड़ों (ADP एम्प्लॉयमेंट) और गुरुवार को जारी होने वाले पीसीई (PCE) महंगाई आंकड़ों पर टिकी हैं, जिससे ब्याज दरों के भविष्य का रुख साफ होगा.
Latest Stories
2025 में 65% उछला सोना, अब ICICI Bank Global Markets की बड़ी भविष्यवाणी; 2027 तक यहां पहुंचेगी कीमत
रेलवे स्टेशन पर खाना हुआ महंगा: 1 जून से बढ़ेंगी कीमतें; वड़ा पाव, समोसा और डोसा के बढ़े दाम
भारत-चीन ट्रेड होगा और मजबूत, नई शिपिंग सर्विस से कारोबारियों और ग्राहकों दोनों को राहत
