TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Gold Price: सोना हुआ सस्ता, कीमत में भारी गिरावट; चांदी की चमक बरकरार

सोने की कीमत में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई. जबकि चांदी ने अच्छा कारोबार किया. इसके रेट में बढ़ोतरी हुई है. 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार को गिरकर 78,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई.

सोने की कीमत में आई गिरावट. Image Credit: getty images

सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत 700 रुपये गिरकर 79,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. शुक्रवार को यह 79,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि, चांदी की कीमत 300 रुपये से बढ़कर 90,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. पिछले सत्र में यह 90,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार को 700 रुपये गिरकर 78,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई. जबकि, पिछले सत्र में यह 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

पीटीआई के मुताबिक, एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध 247 रुपये या 0.32 प्रतिशत घटकर 77,070 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गए. हालांकि, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी वाले चांदी के वायदा भाव 479 रुपये या 0.54 प्रतिशत बढ़कर 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए. सोमवार को खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने उपभोक्ताओं की मांग के बाद भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से चांदी और चांदी की कलाकृतियों के लिए अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू करने पर विचार करने को कहा.

चांदी कीमत में सुधार

मंत्री ने कहा कि इस दिशा में काम पहले ही शुरू हो चुका है और सरकार हितधारकों के परामर्श और बीआईएस द्वारा व्यवहार्यता आकलन पूरा होने के बाद निर्णय लेगी. चांदी की हॉलमार्किंग इसकी शुद्धता को प्रमाणित करती है, वर्तमान में स्वैच्छिक है. विदेशी बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 0.18 प्रतिशत बढ़कर 2,659.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. मेहता इक्विटीज लिमिटेड में कमोडिटीज के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा कि पिछले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन फिर भी कीमतों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

उन्होंने कहा कि डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी के बावजूद कीमतों में यह उछाल देखने को मिला. कलंत्री ने कहा कि अमेरिका और यूरोप से मिली-जुली आर्थिक रिपोर्ट ने सोने-चांदी को कुछ राहत दी, जबकि विकसित देशों में कमजोर विनिर्माण गतिविधियों ने सुरक्षित निवेश की मांग को बढ़ावा दिया.

ये भी पढ़ें- Budget 2025: टैक्स से लेकर नौकरी, बजट से पहले निर्मला सीतारण की बैठकें पूरी; क्या हैं उम्मीदें

एशियाई बाजार में चांदी का कारोबार

इसके अलावा, कॉमेक्स चांदी वायदा एशियाई बाजार में 2.68 प्रतिशत बढ़कर 30.87 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. ऑगमोंट में शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि इस सप्ताह बाजार सहभागियों का ध्यान अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल नौकरियों के आंकड़ों पर रहेगा, जो 2025 के लिए अमेरिकी श्रम आंकड़ों के मासिक चक्र की शुरुआत करेगा. डेटा रिलीज बुलियन कीमतों के लिए अगली दिशा निर्धारित करने के लिए और अधिक प्रोत्साहन प्रदान करेगा.

ये भी पढ़ें- सोने की तरह अब चांदी के गहनों की भी होगी हॉलमार्किंग! सरकार जल्‍द लेगी फैसला