TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

IIP डाटा ने दी इकोनॉमी के लिए गुड न्यूज, 5.2 फीसदी के साथ ग्रोथ छह महीने के शीर्ष पर, मैन्युफैक्चरिंग में तेजी

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में आई तेजी के चलते औद्योगिक उत्पादन 6 महीने के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है. शुक्रवार को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक IIP में 5.2% की ग्रोथ हुई है.

औद्योगिक उत्पादन घटना या बढ़ना देश की जीडीपी के घटने या बढ़ने का संकेतक होता है. Image Credit: Chadchai Ra-ngubpai/Moment/Getty Images

पिछले कुछ महीनों से उद्योग के मोर्चे से अर्थव्यवस्था में मंदी के संकेत चिंता पैदा कर रहे थे. लेकिन, शुक्रवार को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की तरफ से जारी लेटेस्ट IIP डाटा से यह चिंता दूर होती नजर आ रही है. मंत्रालय की तरफ से जारी डाटा के मुताबिक नंबवर में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) छह महीने के उच्चतम स्तर 5.2 फीसदी पर पहुंच गया. 2023 की समान अवधि में यह 2.5 फीसदी रहा था.

इससे पहले अक्टूबर 2024 में IIP में 3.5 फीसदी की वृद्धि हुई थी. इस तरह महीने-दर-महीने के लिहाज से भी इसमें उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इससे यह पता चलता है कि देश की औद्योगिक गतिविधियों में सकारात्मक रुझान आने लगा है. इससे पहले मई 2024 में आईआईपी वृद्धि 5.9 रही थी. इसके बाद जून में यह घटकर 4.2 फीसदी रह गई. इसके बाद लगातार मई के स्तर से नीचे बनी रही.

मौजूदा वित्त वर्ष में 4.1 फीसदी रही कुल वृद्धि

मौजूदा वित्त वर्ष यानी अप्रैल से नवंबर की अवधि में आईआईपी में कुल 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह दर 6.5 फीसदी रही थी. इस तरह साल-दर-साल आधार पर मौजूदा वित्त वर्ष में अभी तक IIP वृद्धि दर में कमी बनी हुई है.

मैन्युफैक्चरिंग ने दी विकास को गति

IIP में शामिल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने मजबूत प्रदर्शन किया है. अक्टूबर में मैन्यूफैक्चरिंग उत्पादन की वृद्धि दर 4.1 प्रतिशत की तुलना में नवंबर में 5.8 प्रतिशत रही है. इसमें राष्ट्रीय औद्योगिक वर्गीकरण (NIC) में 23 उद्योग समूहों में से 18 ने नवंबर 2023 की तुलना में नवंबर 2024 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है. इनमें से शीर्ष तीन योगदानकर्ताओं में क्रमशः बेस मेटल्स, इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट और नॉन-मेटैलिक मिनरल्स शामिल हैं. इलेक्ट्रिसिटी सेक्टर ने भी अच्छी वृद्धि दिखाई है. नवंबर 2024 में इसमें 4.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो अक्टूबर महीने में 2 प्रतिशत रही थी.

ये भी पढ़ें : Budget Expectation: सीआईआई अध्यक्ष बोले, रोजगार बढ़ाने पर हो ध्यान, RBI से रेट कट की उम्मीद