होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकले भारत के 3 ऑयल टैंकर, 8.6 लाख MT क्रूड ऑयल लेकर लौट रहे जहाज
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंताओं के बीच भारत के लिए राहत की खबर है. देश वैभव, देश विभोर और सैनमार हेराल्ड नाम के तीन भारतीय ऑयल टैंकर 8.6 लाख एमटी से अधिक क्रूड ऑयल और 94 भारतीय क्रू मेंबर्स के साथ सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी दी.

Indian oil tankers: मिडिल ईस्ट में हालिया तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि भारत के तीन फ्लैग्ड क्रूड ऑयल टैंकर सफलतापूर्वक होर्मुज स्ट्रेट को पार कर चुके हैं और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं. इन तीनों टैंकरों में 8.6 लाख मीट्रिक टन से अधिक क्रूड ऑयल लदा हुआ है. साथ ही, इन जहाजों पर कुल 94 भारतीय क्रू मेंबर्स मौजूद हैं. ऐसे समय में जब होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता बनी हुई है, भारतीय जहाजों का सुरक्षित पार होना देश की एनर्जी सिक्योरिटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कौन-कौन से टैंकर हैं शामिल
मंत्री ने एक्स पर बताया कि देश वैभव, देश विभोर और सैनमार हेराल्ड नाम के तीन भारतीय फ्लैग्ड टैंकर शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट से सफलतापूर्वक गुजर गए. देश वैभव के 24 जून को वाडिनार पोर्ट पहुंचने की संभावना है. वहीं, देश विभोर भी 24 जून को सिक्का पोर्ट पहुंच सकता है. तीसरा टैंकर सैनमार हेराल्ड 1 जुलाई को पारादीप पोर्ट पहुंचने वाला है. सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि तीनों भारतीय टैंकर सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं.
भारत की एनर्जी सप्लाई के लिए क्यों अहम है यह खबर?
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है. वैश्विक क्रूड ऑयल ट्रेड का बड़ा हिस्सा इसी जलमार्ग से होकर गुजरता है. भारत भी अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा मिडिल ईस्ट से आयात करता है. ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी तरह का तनाव या व्यवधान भारत की एनर्जी सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकता है. यही वजह है कि भारतीय सरकार और शिपिंग एजेंसियां इस क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
सरकार ने क्या कहा
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार देश के समुद्री हितों और एनर्जी लाइफलाइन्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कहा कि मंत्रालय सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि भारतीय नाविकों और महत्वपूर्ण एनर्जी सप्लाई रूट्स की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ें: FD जैसी रेगुलर कमाई, 4.7% डिविडेंड यील्ड और मजबूत कैश रिजर्व; रडार पर आया ये स्टॉक, रखें नजर