1 जून से ओमान से आने वाले सामान पर मिलेगी ड्यूटी में राहत, सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन

भारत सरकार ने ओमान से आयात होने वाले सामान पर ड्यूटी में रियायत देने की नोटिफिकेशन जारी कर दी है, जो 1 जून 2026 से लागू होगी. यह फैसला भारत और ओमान के बीच हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत लिया गया है. सरकार के मुताबिक इससे ओमान से आने वाले कई उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी में राहत मिलेगी.

ओमान से आयात होने वाले सामान पर ड्यूटी में रियायत देने की नोटिफिकेशन जारी कर दी है. Image Credit: money9live

India Oman Trade Deal: भारत और ओमान के बीच व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. केंद्र सरकार ने ओमान से आने वाले सामान पर ड्यूटी में रियायत देने की नोटिफिकेशन जारी कर दी है. वित्त मंत्रालय ने रविवार को इसका ऐलान किया. यह नई व्यवस्था 1 जून 2026 से लागू होगी. इसके तहत ओमान से भारत आने वाले कई सामान पर कस्टम ड्यूटी में छूट मिलेगी. माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और मजबूत होगा और कारोबार को नई गति मिलेगी.

1 जून से लागू होगी नई व्यवस्था

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ओमान से आयात होने वाले सामान पर ड्यूटी रियायत 1 जून 2026 से लागू हो जाएगी. यह रियायत भारत और ओमान के बीच हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत दी जा रही है. दोनों देशों ने इस समझौते पर पिछले साल दिसंबर में हस्ताक्षर किए थे. अब इसे लागू करने की दिशा में सरकार ने अगला कदम उठाया है. इससे आयातकों को भी फायदा मिल सकता है.

किन सामानों को मिलेगा फायदा

सरकार ने बताया है कि भारत अपनी कुल टैरिफ लाइन का 77.79 फीसदी हिस्सा रियायत के दायरे में ला रहा है. यह करीब 12556 टैरिफ लाइनों को कवर करता है. इसके जरिए ओमान से भारत होने वाले करीब 94.81 फीसदी आयात को लाभ मिलेगा. इसमें खजूर, मार्बल और पेट्रोकेमिकल से जुड़े सामान भी शामिल हैं. इन उत्पादों के आयात पर शुल्क में राहत मिलने से व्यापार आसान हो सकता है.

यह भी पढ़ें- Vitamin D3 से लेकर डायबिटीज तक, NPPA ने तय कीं 30 दवाओं की नई कीमतें; नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई

ड्यूटी कंसेशन के लिए जरूरी शर्त

वित्त मंत्रालय ने साफ किया है कि ड्यूटी छूट का लाभ तभी मिलेगा जब आयातक यह साबित करेगा कि सामान वास्तव में ओमान से आया है. इसके लिए कस्टम विभाग के अधिकारियों को जरूरी डॉक्यूमेंट दिखाने होंगे. डिप्टी कमिश्नर या असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ कस्टम्स की संतुष्टि के बाद ही छूट दी जाएगी. यानी केवल ओमान मूल के सामान को ही इसका फायदा मिलेगा.

भारत ओमान व्यापार को मिल सकती है नई रफ्तार

जानकारों का मानना है कि इस फैसले से भारत और ओमान के बीच व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे. दोनों देश पहले से ही ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्र में साझेदार रहे हैं. अब ड्यूटी में रियायत मिलने से कारोबार बढ़ सकता है. भारतीय बाजार में ओमान के उत्पाद ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकते हैं. साथ ही दोनों देशों के कारोबारियों के लिए नए अवसर भी खुल सकते हैं.