UPI से डिफेंस तक… जानिए भारत-सेशेल्स के बीच हुए 19 बड़े समझौतों में क्या-क्या है शामिल

भारत और सेशेल्स ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देते हुए रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास समेत 19 अहम समझौतों और परियोजनाओं पर सहमति जताई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में हुए इन समझौतों से दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है.

PM Modi-Seychelles Visits Image Credit: Canva/ Money9

PM Modi-Seychelles Visits : भारत और सेशेल्स ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देते हुए रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास जैसे कई क्षेत्रों में 19 अहम समझौतों और परियोजनाओं की घोषणा की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच हुई वार्ता के बाद इन फैसलों का ऐलान किया गया, जिससे दोनों देशों की रणनीतिक और विकास साझेदारी और मजबूत होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तीन दिवसीय सेशेल्स यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है.

रक्षा और समुद्री सुरक्षा में बढ़ा सहयोग

भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. इस दौरान भारत ने सेशेल्स को ‘मेड इन इंडिया’ फास्ट पेट्रोल वेसल भेंट किया. साथ ही सेशेल्स डिफेंस फोर्स को 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल क्लास नौकाएं भी सौंपी गईं. इसके अलावा तटरक्षक बल के जहाज PS Zoroaster का रिफिट पूरा किया गया और डोर्नियर विमान को आधुनिक ग्लास कॉकपिट तकनीक से अपग्रेड किया गया. दोनों देशों ने प्रत्यर्पण संधि पर भी हस्ताक्षर किए, जिससे सुरक्षा सहयोग और मजबूत होगा.

UPI, अंतरिक्ष और आर्थिक साझेदारी

Economic Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत और सेशेल्स ने तकनीक और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर भी सहमति जताई. दोनों देशों के बीच UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने के लिए NPCI इंटरनेशनल और सेशेल्स के केंद्रीय बैंक के बीच समझौता हुआ. इसके अलावा शांतिपूर्ण अंतरिक्ष उपयोग में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी. एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ इंडिया के साथ अम्ब्रेला लाइन ऑफ क्रेडिट समझौता भी किया गया, जिससे विकास परियोजनाओं को वित्तीय सहायता मिल सकेगी.

स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास परियोजनाओं को बढ़ावा

दोनों देशों ने स्वास्थ्य और मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में भी कई अहम फैसले लिए हैं. नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल की तैयारियों के लिए समझौता किया गया, जबकि जन औषधि योजना के तहत सस्ती और गुणवत्तापूर्ण भारतीय दवाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी. इसके साथ ही प्रोफेशनल एंड टेक्निकल एजुकेशन सेंटर का वर्चुअल शिलान्यास किया गया. कृषि अनुसंधान, राजनयिक प्रशिक्षण और समुद्री कर्मियों के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया गया.

19 समझौतों की बड़ी बातें

भारत और सेशेल्स के बीच 19 समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा.

  • सेशेल्स को ‘मेड इन इंडिया’ फास्ट पेट्रोल वेसल की सौगात.
  • UPI आधारित डिजिटल पेमेंट सिस्टम शुरू करने पर सहमति.
  • शांतिपूर्ण अंतरिक्ष सहयोग और प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर.
  • सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल की तैयारियों के लिए समझौता.
  • 6 एम्बुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट की सहायता.
  • भारत-सेशेल्स के 50 वर्ष पुराने राजनयिक संबंधों के उपलक्ष्य में स्मारक लोगो भी लॉन्च किया गया.