Market Outlook: 24600 तक जा सकता है Nifty, चार्ट पर बना बुलिश कैंडल, जानें सपोर्ट-रेजिस्टेंस लेवल
शेयर बाजार में अगले सप्ताह भी तेजी का रुख देखने को मिल सकता है. टेक्निकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी के डेली चार्ट पर बने बुलिश कैंडल से बाजार में मजबूती के संकेत मिल रहे हैं. अगर प्रमुख रेजिस्टेंस स्तर टूटता है, तो निफ्टी 24,600 तक पहुंच सकता है. हालांकि, कुछ स्तरों पर मुनाफावसूली का दबाव भी बना रह सकता है.
Next Week Market Outlook : शेयर बाजार ने बीते सप्ताह उतार-चढ़ाव के बावजूद मजबूती दिखाई. अब निवेशकों की नजर अगले सप्ताह पर है, जहां घरेलू और वैश्विक दोनों मोर्चों से आने वाले अहम आर्थिक आंकड़े बाजार की दिशा तय कर सकते हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि तकनीकी संकेत फिलहाल बाजार के लिए पॉजिटिव हैं, लेकिन कुछ स्तरों पर मुनाफावसूली का दबाव भी देखने को मिल सकता है. ऐसे में अगले सप्ताह किन फैक्टर्स पर नजर रखनी चाहिए और निफ्टी के लिए कौन से स्तर अहम रहेंगे, आइए जानते हैं एक्सपर्ट्स की राय.
डेली चार्ट पर बना बुलिश कैंडल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) में सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट Nagaraj Shetti के अनुसार, बुधवार को बाजार ने मंगलवार की तेज गिरावट के बाद दमदार वापसी की. निफ्टी 197 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ, जो यह संकेत देता है कि बाजार में खरीदारी की धारणा मजबूत बनी हुई है. डेली चार्ट पर बना बुलिश कैंडल इस बात का संकेत है कि निकट अवधि में तेजी का रुख बरकरार रह सकता है.
24,600 तक जा सकता है Nifty50
नागराज शेट्टी का कहना है कि 15 जून को बने अपसाइड गैप का सपोर्ट निफ्टी के लिए मजबूत आधार साबित हुआ है. उनके मुताबिक, यदि निफ्टी 24,150–24,200 के रेजिस्टेंस जोन को पार करता है, तो अगले हफ्ते 24,500–24,600 के स्तर तक बढ़ने की संभावना बन सकती है. हालांकि, बीच-बीच में हल्की मुनाफावसूली से उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है. नागराज शेट्टी के अनुसार, फिलहाल 23,800 का स्तर निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट है. जब तक यह स्तर कायम रहता है, तब तक बाजार का रुझान पॉजिटिव बना रह सकता है.
दिख रहे मुनाफावसूली के संकेत
निफ्टी 24,056 के स्तर पर 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि पूरे सप्ताह में इसमें 0.18 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई. SAMCO Securities के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट ओम मेहरा के अनुसार, डेली चार्ट पर शूटिंग स्टार कैंडल बनने से मौजूदा स्तरों पर मुनाफावसूली के संकेत मिले हैं. दिन के दौरान निफ्टी 24,261.60 तक पहुंचा, लेकिन ऊपरी स्तरों पर बिकवाली आने से बढ़त सीमित हो गई.
ओम मेहरा का कहना है कि इस कैंडलस्टिक पैटर्न के चलते निकट अवधि में कुछ सतर्कता बरतने की जरूरत है, लेकिन बाजार का रुझान अब भी पॉजिटिव बना हुआ है. उनके मुताबिक, निफ्टी अभी भी मिडिल बोलिंजर बैंड के ऊपर कारोबार कर रहा है. वहीं, RSI 57 पर बना हुआ है.
तेजी पर ब्रेक लगा रहा बोलिंजर बैंड
ओम मेहरा के अनुसार, 24,260 का स्तर फिलहाल निफ्टी के लिए सबसे अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है, जहां अपर बोलिंजर बैंड लगातार तेजी पर रोक लगा रहा है. उनका मानना है कि यदि निफ्टी इस स्तर के ऊपर ब्रेकआउट देता है, तो हाल के हाई लेवल की ओर नई तेजी देखने को मिल सकती है. वहीं, गिरावट की स्थिति में 23,800 का स्तर मजबूत सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है.
अगले सप्ताह बाजार किन संकेतों पर रहेगा फोकस?
शेयर बाजार ने बीते सप्ताह वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद मजबूती का परिचय दिया और चार कारोबारी दिनों वाले सप्ताह का समापन हल्की बढ़त के साथ किया. हालांकि, मिडकैप शेयरों में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेत, होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य होती गतिविधियां और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूत किया है.
अगले सप्ताह बाजार को प्रभावित करने वाले प्रमुख फैक्टर
Geojit Investments Limited के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर के अनुसार अगले हफ्ते बाजार ये फैक्टर्स प्रभावित कर सकते हैं.
- अमेरिका के PCE महंगाई आंकड़े, नॉन-फार्म पेरोल और बेरोजगारी के आंकड़े, जिनसे फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर संकेत मिलेंगे.
- भारत में औद्योगिक उत्पादन (IIP) और जून PMI के आंकड़े, जो पहली तिमाही के नतीजों से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति का संकेत देंगे.
- कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी रहती है या नहीं, क्योंकि इससे महंगाई, चालू खाते के घाटे और आरबीआई की मौद्रिक नीति पर सकारात्मक असर पड़ सकता है.
- कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजों के दौरान मैनेजमेंट कमेंट्री, मार्जिन और ऑर्डर बुक को लेकर टिप्पणियां बाजार की अगली दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी.
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
विनोद नायर का मानना है कि निवेशकों को फिलहाल सतर्क, लेकिन पॉजिटिव रुख अपनाना चाहिए. उनके अनुसार, हालिया गिरावट के बाद जिन मजबूत फंडामेंटल्स वाली कंपनियों के कारोबार में कोई निगेटिव बदलाव नहीं आया है, उनमें चरणबद्ध तरीके से निवेश के अवसर तलाशे जा सकते हैं. उनका मानना है कि मजबूत वैश्विक संकेतों और स्थिर घरेलू आर्थिक परिस्थितियों के बीच चुनिंदा गुणवत्ता वाले शेयर आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: US-Iran में फिर छिड़ी जंग, निवेशकों की बढ़ी चिंता; ये 5 फैक्टर सोमवार को तय करेंगे बाजार की चाल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Stock to Buy: सोमवार को इन 3 शेयरों पर लगाएं दांव, 5 दिन में 10 फीसदी तक तेजी की उम्मीद; एक्सपर्ट ने बताए टारगेट प्राइस
सोमवार को इस लॉजिस्टिक्सि कंपनी पर रहेगी नजर, 13% प्रीमियम पर शेयर बायबैक का ऐलान
₹3,200 करोड़ का ऑर्डर बुक, 500% तक रिटर्न , इस स्मार्ट मीटर कंपनी के शेयरों पर रखें नजर
