LPG Price 1 Feb: बजट से पहले ही जनता को झटका, 19 किलो वाला गैस सिलेंडर हुआ महंगा, जानें कितने बढ़े दाम
1 फरवरी 2026 को बजट से ठीक पहले 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे होटल-रेस्टोरेंट और कारोबारियों पर महंगाई का दबाव बढ़ने वाला है. दिल्ली में इसका दाम बढ़कर ₹1,740.50 हो गया है, जबकि घरेलू 14.2 किलो LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वहीं राहत की बात यह रही कि इसी दिन ATF यानी विमान ईंधन की कीमतों में कटौती की गई है.
LPG Price Hike: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज, 1 फरवरी को संसद में आम बजट 2026 पेश करने वाली हैं, लेकिन बजट भाषण शुरू होने से पहले ही लोगों को महंगाई का झटका लगा है. अब लोगाें को LPG गैस सिलेंडर के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी. दरअसल देश की प्रमुख सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों IOC, HPCL और BPCL ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है. नई कीमतें रविवार यानी 1 फरवरी से ही लागू हो गई हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
कितने बढ़े दाम?
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 फरवरी से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 49 रुपये बढा़ दिए हैं. इससे लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ेगा. कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने कारोबारियों और होटल-रेस्टोरेंट सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है. इससे पहले जनवरी महीने में भी इन सिलेंडरों के दाम ₹111 तक बढ़ाए गए थे. हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम जस के तस रहेंगे.
दिल्ली में कितने रेट?
IOC की वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब ₹1,740.50 हो गई है. पहले यह ₹1,691.50 में मिल रहा था. यानी इसके दाम में 49 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं आम घरों में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलो LPG सिलेंडर दिल्ली में अभी भी ₹853 पर स्थिर है. यही रेट BPCL और HPCL भी फॉलो कर रही हैं.
महानगरों में नए रेट
कोलकाता में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर अब ₹1,844.50 का हो गया है. मुंबई में इसकी कीमत ₹1,692.00 पहुंच गई है. चेन्नई में सबसे महंगा कमर्शियल सिलेंडर मिल रहा है, जहां इसका दाम बढ़कर ₹1,899.50 हो गया है.
घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर
घरेलू 14.2 किलो LPG सिलेंडर के दाम में आखिरी बदलाव 8 अप्रैल 2025 को हुआ था. तब से कीमतें जस की तस बनी हुई हैं. दिल्ली में ₹853, कोलकाता में ₹879, मुंबई में ₹852.50 और चेन्नई में ₹868.50 की दर से घरेलू सिलेंडर मिल रहा है.
हर महीने होते है बदलाव
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा करती हैं. इसी के आधार पर सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाते हैं. जनवरी 2026 में भी कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ था. हालांकि पिछले साल नवंबर और दिसंबर में इसके दाम क्रमशः ₹10 और ₹5 घटाए गए थे. यानी बीते कुछ महीनों में कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है.
पिछले साल क्या था हाल?
इस साल जनवरी और फरवरी दोनों में गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन 2025 में नवंबर और दिसंबर के दौरान दाम घटे थे. उससे पहले अक्टूबर में ₹15.50 की बढ़ोतरी हुई थी. दिलचस्प बात यह है कि मार्च 2025 से सितंबर 2025 तक लगातार कई महीनों तक कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होता गया था.
ATF हुआ सस्ता
गैस सिलेंडर भले ही महंगे हुए हैं, मगर हवाई जहाज के ईंधन ATF की कीमतों में 1 फरवरी से कटौती की गई है. दिल्ली में ATF का दाम घटकर $778.85 प्रति किलोलीटर हो गया है, जो पहले 791.48 डॉलर था. रुपये में देखें तो अब 1,000 लीटर ATF के लिए ₹91,393.39 चुकाने होंगे, जो पहले ₹92,323.02 थे. कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी ATF के दाम घटाए गए हैं.




