Financial Freedom Summit के मंच पर चमकीं तीन महिला उद्यमी; सुनाई निवेश, फिटनेस और कम्युनिटी बिल्डिंग की प्रेरक यात्रा
Money9 Financial Freedom Summit 2026 में तीन प्रेरक महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया. डॉ. दीप्ति वर्मा, प्रतिभा शर्मा और मनीषा कालरा ने अपने संघर्ष, फैसलों और सीखों को साझा करते हुए बताया कि किस तरह आत्मविश्वास, सही सोच और लगातार प्रयास से महिलाएं न सिर्फ कारोबार खड़ा कर सकती हैं बल्कि समाज में भी बदलाव ला सकती हैं.
Money9 Financial Freedom Summit 2026 के मंच पर जब निवेश और वित्तीय जागरूकता की चर्चा हो रही थी, तभी एक ऐसा क्षण भी आया जिसने इस कार्यक्रम को और खास बना दिया. मंच पर तीन ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने काम, सोच और साहस से यह साबित किया कि उद्यमिता केवल कारोबार खड़ा करने का नाम नहीं है, बल्कि समाज में बदलाव लाने की ताकत भी रखती है. टीवी9 के एमडी और सीईओ बरुण दास और एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी और सीईओ नवनीत मुनोत ने इन तीन महिला उद्यमियों को सम्मानित किया.
इस मौके पर मंच पर मौजूद इन महिलाओं ने अपनी यात्रा, संघर्ष और सीखों को खुलकर साझा किया. महिलाओं का ये सफर सिर्फ सफलता की कहानियां नहीं थीं, बल्कि उन चुनौतियों की भी चर्चा थी जिनका सामना करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई.
डॉ. दीप्ति वर्मा: Mastermind Body Global की फाउंडर और डायरेक्टर
इस कार्यक्रम में सबसे पहले सम्मानित की गईं डॉ. दीप्ति वर्मा, जो Mastermind Body Global की फाउंडर और डायरेक्टर हैं. एक अवॉर्ड-विनिंग न्यूट्रिशनिस्ट और लाइफ ट्रांसफॉर्मेशन कोच के रूप में पहचान बनाने वाली डॉ. वर्मा ने अपने करियर के शिखर पर कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी थी. उनका मानना था कि जीवन का असली उद्देश्य सिर्फ कमाई नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है. आज वे खास तौर पर महिलाओं को मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने पर काम कर रही हैं.
उन्होंने कहा कि पैसा कमाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है उसे सही तरीके से निवेश करना. अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में असफलताएं आएंगी, लेकिन कोशिश करते रहना ही असली ताकत है. अपने मेंटर टोनी रॉबिन्स का एक संदेश साझा करते हुए उन्होंने कहा, “अगर आप दौड़ नहीं सकते तो चलिए, अगर चल नहीं सकते तो रेंगिए, लेकिन रुकिए मत.”
प्रतिभा शर्मा: 11:11 स्लिमिंग एंड फिटनेस सेंटर की फाउंडर
कार्यक्रम में दूसरी उद्यमी थीं प्रतिभा शर्मा, जो 11:11 स्लिमिंग एंड फिटनेस सेंटर की फाउंडर हैं. उन्होंने महिलाओं की जरूरतों को समझते हुए एक ऐसा फिटनेस प्लेटफॉर्म तैयार किया जो खास तौर पर महिलाओं के लिए बनाया गया है. खासकर नई माताओं और 45 से 55 वर्ष की उम्र की महिलाओं के लिए उन्होंने कस्टमाइज्ड फिटनेस प्रोग्राम शुरू किए. उनका मानना है कि फिटनेस की शुरुआत घर से भी हो सकती है और इसके लिए भारी-भरकम जिम की जरूरत हमेशा नहीं होती.
मनीषा कालरा: City Girls Who Walk Delhi की फाउंडर
तीसरी उद्यमी मनीषा कालरा थीं, जो City Girls Who Walk Delhi की फाउंडर और सीईओ हैं. मनीषा ने महिलाओं के लिए एक ऐसा कम्युनिटी प्लेटफॉर्म बनाया जो सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देता है. सिर्फ सात लोगों के साथ शुरू हुआ यह पहल आज करीब 45 हजार महिलाओं का समुदाय बन चुका है.
