8 दिन में ₹4.82 तक महंगा हुआ तेल, अब तक तीन बार बढ़े दाम, ₹100 से पेट्रोल 49 पैसे दूर, डीजल भी ₹92 पार

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है. बीते 8 दिनों में तीन बार तेल के दाम बढ़ाए गए, जिससे पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है. वहीं डीजल भी 92.49 रुपये प्रति लीटर हो चुका है. बढ़ती कीमतों के कारण महंगाई और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

petrol diesel price hike Image Credit: Canva/ Money9

Petrol Diesel Price Hike : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है. बीते 8 दिनों में तीन बार तेल के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है. 15 मई से पहले जहां पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है. दूसरी ओर डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही हैं.

15 मई को पहली बड़ी बढ़ोतरी

ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में पहली बार बड़ी बढ़ोतरी की गई. इस दिन तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया. इसके बाद 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया.

19 मई को फिर बढ़े दाम

पहली बढ़ोतरी के चार दिन बाद यानी 19 मई को तेल कंपनियों ने फिर कीमतें बढ़ा दीं. इस बार पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ. कीमतों में इजाफा के बाद पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है, तो वहीं डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है. लगातार दूसरी बढ़ोतरी ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी.

23 मई को तीसरी बार झटका

23 मई यानी आज एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की गई. पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया. लगातार तीसरी बढ़ोतरी के बाद अब पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है.

8 दिन में पेट्रोल ₹4.74 और डीजल ₹4.82 महंगा

अगर कुल बढ़ोतरी की बात करें तो बीते 8 दिनों में पेट्रोल ₹4.74 प्रति लीटर और डीजल ₹4.82 प्रति लीटर महंगा हो चुका है. बढ़ती कीमतों का असर अब ट्रांसपोर्टेशन से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक देखने को मिल सकता है.

अब पेट्रोल-डीजल लगाएंगे शतक

लगातार बढ़ रही कीमतों के बीच अब पेट्रोल शतक लगाने की ओर बढ़ रहा है. बीते 8 दिनों में तीन बार बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. यानी अब पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से सिर्फ कुछ पैसे दूर है. वहीं डीजल भी 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच चुका है. तेल की बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई दे रहा है. वाहन चलाने से लेकर रोजमर्रा के सामान की ढुलाई तक महंगी होने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी, 91 पैसे प्रति लीटर तक हुए महंगे, जानें नया रेट